बिजली-पानी संकट पर सरायकेला में भाजपा का मटकाफोड़ प्रदर्शन, हेमंत सरकार पर किया हमला

बिजली-पानी संकट के खिलाफ सरायकेला में प्रदर्शन करते भाजपा के नेता. फोटो: प्रभात खबर
Seraikela News: सरायकेला में बिजली और पानी संकट को लेकर भाजपा ने मटकाफोड़ प्रदर्शन किया. भाजपा नेताओं ने हेमंत सरकार पर भ्रष्टाचार, खराब बिजली व्यवस्था और जल संकट को लेकर हमला बोला. प्रदर्शन में दिनेशानंद गोस्वामी समेत कई नेताओं ने राज्य सरकार को जनविरोधी करार दिया. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
सरायकेला से प्रताप मिश्रा की रिपोर्ट
Seraikela News: सरायकेला में बिजली और पानी की समस्या को लेकर भाजपा जिला कमेटी ने गुरुवार को जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ता खाली मटका लेकर पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मटका फोड़कर विरोध जताया. भाजपा नेताओं ने कहा कि राज्य में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहराता जा रहा है और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए.
झारखंड में पेयजल के लिए मचा है हाहाकार
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि झारखंड में गर्मी के मौसम में पेयजल के लिए हाहाकार मचा हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल नल योजना राज्य में पूरी तरह विफल साबित हो रही है. उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता का अभाव है और इसमें बड़े स्तर पर कमीशनखोरी का खेल चल रहा है. करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है. गोस्वामी ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार जनता की बुनियादी समस्याओं को दूर करने में पूरी तरह विफल रही है.
बिजली व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
भाजपा नेताओं ने जिले की बिजली व्यवस्था को भी बेहद खराब बताया. दिनेशानंद गोस्वामी ने हाल ही में राजनगर स्वास्थ्य केंद्र में हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि बिजली नहीं रहने के कारण मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में प्रसव कराना पड़ा था. उन्होंने दावा किया कि इस घटना में प्रसूता और नवजात की मौत हो गई थी. उन्होंने कहा कि अगर अस्पताल में बिजली की समुचित व्यवस्था होती तो शायद दोनों की जान बचाई जा सकती थी. भाजपा नेताओं ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य और बिजली व्यवस्था की बदहाल स्थिति सरकार की विफलता को दर्शाती है.
हेमंत सरकार पर साधा निशाना
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर हमला बोला. दिनेशानंद गोस्वामी ने हेमंत सरकार को आदिवासी विरोधी बताते हुए कहा कि पिछले सात वर्षों में राज्य में आदिवासी महिलाओं पर सबसे अधिक अत्याचार हुए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ घोषणाएं करती है, लेकिन जमीन पर काम नहीं दिखता. भाजपा नेता अभय सिंह ने भी राज्य सरकार को जनविरोधी करार देते हुए कहा कि आम लोग बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हैं.
इसे भी पढ़ें: महंगाई के विरोध में चतरा झामुमो का धरना-प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ किया जमकर नारेबाजी
कई भाजपा नेता रहे मौजूद
प्रदर्शन कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव, रमेश हांसदा, रितिका मुखी, सारथी महतो और भाजपा जिलाध्यक्ष हरेकृष्णा प्रधान समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बिजली और पानी की समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की.
इसे भी पढ़ें: झामुमो ने केंद्र सरकार के गलत नीतियों और बढ़ती महंगाई के खिलाफ खोला मोर्चा, जमशेदपुर में प्रदर्शन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










