आदित्यपुर की दुकान में दिनदहाड़े गोलीबारी, थाने में फरियाद कर रहा था दुकानदार

गोलीबारी के बाद जमा भीड़ फोटो: प्रभात खबर
Jamshedpur News: सरायकेला-खरसावां के आदित्यपुर में दिनदहाड़े संजय इलेक्ट्रॉनिक बैटरी दुकान पर बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी. घटना के समय दुकानदार थाने में सुरक्षा की गुहार लगा रहा था. पुलिस ने चार खोखे बरामद किए और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.
जमशेदपुर से संजीव भारद्वाज की रिपोर्ट
Jamshedpur News: झारखंड में सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले काफी बुलंद हैं. अब उनमें पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है. शनिवार दोपहर करीब 1:45 बजे चूना भट्टा मुख्य सड़क स्थित ‘संजय इलेक्ट्रॉनिक बैटरी दुकान’ पर दो बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जिस वक्त अपराधी दुकान पर गोलियां बरसा रहे थे, उसी समय दुकानदार संजय कुमार थाने में अपनी सुरक्षा की गुहार लगा रहे थे.
4 राउंड फायरिंग, बाल-बाल बचा कर्मचारी
घटना के वक्त दुकान पर रवि नामक युवक बैठा था. बाइक पर आए दो अपराधियों ने उसे निशाना बनाते हुए करीब 4 राउंड गोलियां चलाईं. गनीमत रही कि रवि ने समय रहते फुर्ती दिखाई और उसकी जान बाल-बाल बच गई. गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे इलाके में भगदड़ मच गई. सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए हैं, जिनमें से एक खोखा दुकान के अंदर से मिला है.
विवाद की जड़: इनवर्टर बनाने को लेकर शुरू हुई रंजिश
दुकानदार संजय कुमार के अनुसार, यह जानलेवा हमला पुरानी रंजिश का नतीजा है. विवाद की शुरुआत 19 दिसंबर को इनवर्टर बनाने को लेकर हुई थी. इसी रंजिश में 9 मार्च को हरिओम नगर में ऋषि और अमन नामक युवकों ने संजय कुमार के पुत्र पर हमला किया था, जिसकी लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी. दुकानदार का आरोप है कि शनिवार को भी आदित्यपुर-2 निवासी ऋषि ने उन्हें फोन पर जान से मारने की धमकी दी थी. इसी धमकी की शिकायत दर्ज कराने जब वे थाने पहुंचे, तभी पीछे से अपराधियों ने वारदात को अंजाम दे दिया.
इसे भी पढ़ें: साहिबगंज के महाराजपुर में खड़ी ट्रेन की बोगी में नाबालिग से यौनाचार, आरोपी फरार
व्यापारियों में आक्रोश, पुलिस ने कहा- जल्द होगी गिरफ्तारी
दिनदहाड़े व्यस्त सड़क पर हुई इस फायरिंग ने आदित्यपुर पुलिस की गश्ती और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है. स्थानीय व्यापारियों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश और दहशत व्याप्त है. थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि मामला आपसी रंजिश से जुड़ा है और हमलावरों की पहचान कर ली गई है. पुलिस पूर्व में दर्ज मारपीट के मामले की भी जांच कर रही है और दावा किया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.
इसे भी पढ़ें: रांची के टाटीसिलवे के डोल मेला में बड़ा हादसा, एक की मौत, कई घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




