माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने को लेकर ‘चुप्पी तोड़ो-स्वस्थ रहो’ अभियान शुरू

Published by : ABDHESH SINGH Updated At : 29 May 2026 10:43 PM

विज्ञापन

साहिबगंज (फाइल फोटो)

चार जून तक चलेगा कार्यक्रम, किशोरियों व महिलाओं को मासिक धर्म से जुड़ी दी जा रही महत्वपूर्ण जानकारियां

विज्ञापन

साहिबगंज डीडीसी सतीश चंद्रा की अध्यक्षता में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा आयोजित ‘चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो’ अभियान का शुक्रवार को विधिवत शुभारंभ किया गया. यह अभियान 4 जून 2026 तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा. अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा मासिक धर्म से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक जनजागरूकता फैलाना और समाज में व्याप्त झिझक, संकोच एवं भ्रांतियों को दूर करना है. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीडीसी सतीश चंद्रा ने कहा कि माहवारी स्वच्छता प्रबंधन केवल महिलाओं एवं किशोरियों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किये जाने की आवश्यकता है, ताकि समाज में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो सके. उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि पुरुषों को भी इस विषय में जागरूक एवं संवेदनशील बनाया जाना आवश्यक है, जिससे वे अपनी भूमिका एवं दायित्वों को बेहतर ढंग से समझ सकें तथा महिलाओं एवं किशोरियों को सहयोग प्रदान कर सकें. इस अवसर पर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, साहिबगंज के कार्यपालक अभियंता शशि शेखर सिंह ने बताया कि माहवारी स्वच्छता प्रबंधन का मुख्य उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं को स्वास्थ्य, सम्मान, आत्मविश्वास एवं सुरक्षित माहवारी प्रबंधन हेतु सक्षम बनाना है. उन्होंने बताया कि ‘चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो’ अभियान की इस वर्ष की थीम सभी किशोरियों एवं महिलाओं के लिए माहवारी अनुकूल वातावरण का निर्माण निर्धारित की गयी है. इस थीम के अंतर्गत समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि माहवारी से संबंधित विषयों पर खुलकर संवाद स्थापित हो सके तथा जागरूकता का वातावरण तैयार किया जा सके. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने हाथों में रेड डॉट प्रदर्शित कर स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया. साथ ही उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को माहवारी स्वच्छता की शपथ भी दिलायी गयी, जिसमें स्वच्छता, जागरूकता एवं सम्मानजनक व्यवहार को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया. कार्यक्रम में सुमित चौबे, उषा देवी, आशीष यादव, विशंभर पटेल, सहायक अभियंता, सभी कनीय अभियंता, जिला समन्वयक, प्रखंड समन्वयक सहित विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.

विज्ञापन
ABDHESH SINGH

लेखक के बारे में

By ABDHESH SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola