एक क्लिक में छात्रों को कर दिया Absent! BSK कॉलेज के अंकपत्र पर NSUI ने उठाये सवाल
प्राचार्य को ज्ञापन सौंपता एनएसयूआई का प्रतिनिधिमंडल. | Prabhat Khabar Network
बरहरवा के बीएसके कॉलेज में सेमेस्टर-4 के अंकपत्र में त्रुटि को लेकर एनएसयूआई ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा. छात्रों ने जल्द सुधार की मांग.
बरहरवा. बीएसके महाविद्यालय बरहरवा के छात्र-छात्राओं की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को एनएसयूआई प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज अध्यक्ष सोयेब अख्तर के नेतृत्व में प्रभारी प्राचार्य कविता मंडल को पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने छात्रहित से जुड़े मामलों में शीघ्र कार्रवाई की मांग की.
सेमेस्टर-4 के अंकपत्र में त्रुटि का मामला उठा
ज्ञापन में यूजी सेमेस्टर-4 के अंकपत्र में त्रुटि सुधार की मांग प्रमुखता से उठायी गयी. कॉलेज अध्यक्ष शोएब अख्तर ने बताया कि सेमेस्टर-4 के ऑनलाइन अंकपत्र में आपदा प्रबंधन विषय की आंतरिक परीक्षा देने वाले कई विद्यार्थियों को अनुपस्थित दर्शाया गया है. उन्होंने मामले की जांच कर दो दिनों के भीतर सुधार की मांग की.
आंतरिक परीक्षाओं की व्यवस्था में सुधार की मांग
एनएसयूआई प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज में आंतरिक परीक्षाओं की व्यवस्था में सुधार की भी मांग की. प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि छात्रहित से जुड़े मामलों में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. कॉलेज अध्यक्ष सोयेब अख्तर ने कहा कि छात्रहित से जुड़ी समस्याओं और लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.
सेमेस्टर-5 में नामांकन जल्द शुरू करने की मांग
ज्ञापन के माध्यम से यूजी सेमेस्टर-5 में नामांकन शुरू करने की मांग भी की गयी. इस पर प्रभारी प्राचार्य कविता मंडल ने बताया कि सेमेस्टर-5 का नामांकन जल्द शुरू होगा. आगामी परीक्षाओं को देखते हुए कॉलेज में पेयजल, बिजली और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने की मांग की गयी. छात्रों ने परीक्षा के दौरान मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया.
कॉमन रूम को लेकर भी मिला आश्वासन
प्रभारी प्राचार्य कविता मंडल ने बताया कि गर्ल्स कॉमन रूम को साफ कर उपयोग में लाया जायेगा. वहीं, ब्वॉयज कॉमन रूम के लिये विज्ञान भवन में व्यवस्था की जायेगी. अंकपत्र में अनुपस्थित दर्शाये गये विद्यार्थियों के मामले में कहा कि अनुपस्थित विद्यार्थियों की रिपोर्ट तैयार कर विश्वविद्यालय भेजी जायेगी. इससे संबंधित त्रुटि के समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ायी जायेगी. मौके पर अफजल शेख, फैसल आलम, मुसलेउद्दीन, रबीउल इस्लाम, सरफराज नवाज, राशिद आलम सहित अन्य छात्र मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए