एक फोन पर पहुंचता है नशे का ‘स्टॉक’, स्मैक कारोबार ने बढ़ाई चिंता; युवाओं को जकड़ रहा नशे का जाल
साहिबगंज (फाइल फोटो)
बोरियो में ब्राउन शुगर का अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा. युवा नशे की गिरफ्त में, अपराधों में वृद्धि.
बोरियो. बोरियो थाना क्षेत्र में इन दिनों अवैध नशीले पदार्थों, विशेषकर ब्राउन शुगर (स्मैक) का कारोबार तेजी से पैर पसार रहा है. कभी शांत रहने वाला यह ग्रामीण क्षेत्र अब स्मैक तस्करों का नया सेफ जोन बनता दिख रहा है. स्कूली छात्रों से लेकर कॉलेज जाने वाले और बेरोजगार युवाओं तक, बड़ी संख्या में युवा वर्ग इस जानलेवा लत की गिरफ्त में आ रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में सामाजिक व सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं.
चार-पांच युवकों का गिरोह बना रहा नशे का जाल
क्षेत्र में नशीले पदार्थों का कारोबार बेहद सुनियोजित तरीके से फैलाया जा रहा है. विश्वनीय सूत्रों की माने तो ब्राउन शुगर के कारोबार में बोरियो के चार-पांच युवक शामिल हैं. ये युवक एक चेन बनाकर क्षेत्र में ब्राउन शुगर जैसे नशीले पदार्थ के जाल को फैला रहे हैं. शुरुआती दौर में युवाओं को कम कीमत (200 से 500 रुपये) में छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ब्राउन शुगर उपलब्ध करायी जाती है. लत लगने के बाद इसकी कीमतें बढ़ा दी जाती हैं, और फिर युवा इस जंजीर से बाहर नहीं निकल पाते.
छोटी-छोटी खेप में पहुंचती है बोरियो तक स्मैक
पड़ोसी जिलों और सीमावर्ती इलाकों से सड़क मार्ग के जरिए छोटी खेप में ब्राउन शुगर बोरियो तक पहुंचाई जा रही है. सूत्रों के मुताबिक बोरियो के तस्कर तीनपहाड़ से डिलीवरी लेकर छोटी-छोटी खेप में सड़क मार्ग से बोरियो लाते हैं. इसके बाद तस्कर नशेड़ियों तक डिलीवरी पहुँचाने के लिए सुरक्षित स्थान का चयन करते हैं. सुनसान इलाके, बंद पड़े सरकारी भवन, झाड़ियों वाले क्षेत्र, नदी किनारे और कुछ चाय-पान की गुमटियों के आसपास नशेड़ियों व तस्करों का जमावड़ा रहता है. इस तरह तस्कर आसानी से नशेड़ियों तक ब्राउन शुगर पहुंचाने में सफल रहते हैं. ब्राउन शुगर का नशा न केवल युवाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को खोखला कर रहा है, बल्कि अपराध को भी बढ़ावा दे रहा है. नशे की रोजाना की खुराक का इंतजाम करने के लिए युवा घरों में चोरी, छिनतई, मोबाइल स्नैचिंग और अपने ही घर के बर्तन व कीमती सामान बेचने पर मजबूर हो रहे हैं. नशेड़ियों के आक्रामक व्यवहार से दर्जनों परिवार बर्बादी के कगार पर हैं. कई घरों में परिजनों के साथ मारपीट की नौबत आ चुकी है. कई तस्कर मोबाइल स्नैचिंग, चोरी एवं आपराधिक गतिविधियों में शामिल हैं, जबकि कई जेल भी जा चुके हैं.
यूपी-बिहार के ट्रक चालकों से सीधा संपर्क
स्टोन चिप्स लेने के लिए आने वाले बिहार के कई ट्रक चालकों का संपर्क बोरियो के ब्राउन शुगर तस्करों से है. फोन कर ब्राउन शुगर का कोड-वर्ड बोलते ही तस्कर बाइक में सवार होकर स्टोन क्रशर तक पहुँचकर चालक को डिलीवरी देते हैं. इस काम को वे बेहद आसानी और सतर्कता के साथ अंजाम देते हैं, जिससे पकड़े जाने का खतरा कम हो जाता है. हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि जबतक जड़ से तस्करी के नेटवर्क को नहीं तोड़ा जाता, तब तक इस समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुनील ठाकुर
साहिबगंज : सुनील ठाकुर वर्ष 1999 से प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने एक वर्ष तक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए भी कार्य किया है. शिक्षा, अपराध और संताल परगना में पहाडिया जनजाति जैसे विषयों पर उनकी विशेष पकड़ रही है तथा इन मुद्दों पर लगातार रिपोर्टिंग करते रहे हैं. कला, संस्कृति एवं साहित्य में उनकी गहरी रुचि है. वर्ष 2006 से साहिबगंज में जिला संवाददाता व ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









