रफ्तार बनी आफत, दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में चार घायल
हादसे के बाद पूछताछ करती पुलिस.
मोहनपुर चौक पर दो बाइकों की भीषण टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों मोटरसाइकिलों के परखच्चे उड़ गये. घायलों को भेजा गया अस्पताल .
उधवा: राधानगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर चौक के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिलों के परखच्चे उड़ गये.
आपके शहर में
बरहरवा की ओर से घर लौट रहे थे दो युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर बरहरवा की ओर से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी.
चारों घायलों को भेजा गया अस्पताल
हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल बताये जा रहे हैं. घायलों में दो युवक थाना क्षेत्र के बरकत मोड़ के रहने वाले हैं, जबकि दो अन्य दरगाहडांगा गांव के निवासी बताए गए हैं. स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी.
घटना की सूचना मिलते ही सहायक अवर निरीक्षक मो. सरफुद्दीन खान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेजा. वहीं, घटनास्थल से दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को जब्त कर राधानगर थाना ले जाया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए