गंगा स्नान के दौरान तेज धारा में छात्र लापता, बचाने के प्रयास में डूब रहे दोस्तों को ग्रामीणों ने बचाया
साहिबगंज में गंगा स्नान के दौरान आठवीं कक्षा के छात्र अभिज्ञान पांडेय तेज धारा में बह गया और लापता हो गया। पुलिस, गोताखोर और प्रशासन द्वारा खोज अभियान चलाया गया, लेकिन शाम तक सफलता नहीं मिली। स्थानीय लोग लगातार डूबने की घटनाओं से आक्रोशित होकर मुख्य सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन कर एनडीआरएफ की स्थायी तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग करने लगे। प्रशासन ने समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
साहिबगंज में गंगा तट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सड़क जाम और विरोध-प्रदर्शन प्रतिनिधि, साहिबगंज नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. गंगा की तेज धारा में एक स्कूली छात्र लापता हो गया जिससे पूरे इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही नगर थाना और गंगा नदी थाना पुलिस के साथ स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और परिजनों के साथ मिलकर खोज अभियान शुरू किया गया. देर शाम तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका था जिससे परिवार और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ती रही. जानकारी के अनुसार हरिपुर निवासी अरुण पांडेय का पुत्र अभिज्ञान पांडेय, जो सेंट जेवियर्स स्कूल की आठवीं कक्षा का छात्र है, मंगलवार सुबह अपने दो दोस्तों के साथ स्कूल के पीछे स्थित फेरी घाट पर गंगा स्नान करने गया था. स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में बहकर लापता हो गया. उसे बचाने के प्रयास में उसके दोनों मित्र भी डूबने लगे लेकिन घाट पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इसके बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम ने गंगा में लगातार तलाशी अभियान चलाया. सदर अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आइंड और अंचल अधिकारी बासुकीनाथ टुडू घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे अभियान की निगरानी की. अधिकारियों ने स्वयं मोटरबोट से गंगा में उतरकर तलाशी कार्य का जायजा लिया और सभी संबंधित अधिकारियों को हर संभव प्रयास करने का निर्देश दिया. लगातार डूबने की घटनाओं से आक्रोश, एनडीआरएफ की स्थायी तैनाती की मांग तेज घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग गंगा तट पर एकत्र हो गए. लगातार हो रही डूबने की घटनाओं और तत्काल एनडीआरएफ टीम की अनुपलब्धता को लेकर लोगों में गहरी नाराजगी देखी गई. आक्रोशित लोगों ने मुख्य सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया और साहिबगंज में एनडीआरएफ की स्थायी तैनाती की मांग उठाई. स्थानीय लोगों का कहना था कि इस वर्ष अब तक करीब एक दर्जन लोग गंगा में डूब चुके हैं. उन्होंने घाटों पर बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और स्थायी एनडीआरएफ तैनाती की मांग की. प्रदर्शन की सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार, गंगा थाना प्रभारी लव कुमार और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत करने का प्रयास किया. इस दौरान संजय यादव, डबलू ओझा, बबलू तिवारी, सोमनाथ पांडेय, आलोक ओझा, सतीश कुमार पांडे सहित कई लोग मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










