सीवान में 23 से 25 अगस्त तक लगेगा पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर, 165 आवेदकों को मिलेगा लाभ

मोबाइल वैन सेवा
सिवान जिले के नागरिकों के लिए अच्छी खबर है. पासपोर्ट संबंधी सेवाएं अब घर के पास मिलेंगी. 23 से 25 अगस्त 2026 तक समाहरणालय परिसर में पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर का आयोजन किया जा रहा है.
Passport Service Mobile Van Camp: सीवान जिले के नागरिकों को पासपोर्ट संबंधी सेवाएं उनके घर के निकट उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना की ओर से 23 से 25 अगस्त 2026 तक समाहरणालय परिसर, सिवान में तीन दिवसीय पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर का आयोजन किया जाएगा. यह शिविर विदेश मंत्रालय के ‘पासपोर्ट सेवा–आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत आयोजित किया जा रहा है.
23 अगस्त को होगा शिविर का उद्घाटन
शिविर का संयुक्त उद्घाटन 23 अगस्त को सिवान के जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय और क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी, पटना स्वधा रिजवी करेंगी. बढ़ती पासपोर्ट मांग को देखते हुए जिला प्रशासन के सहयोग से इस विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है.
165 आवेदकों के लिए निर्धारित किए गए अपॉइंटमेंट
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के अनुसार शिविर में कुल 165 आवेदकों के लिए अपॉइंटमेंट निर्धारित किए गए हैं. प्रत्येक दिन 55 आवेदकों को सेवा प्रदान की जाएगी. इच्छुक आवेदक पासपोर्ट सेवा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं. ऑनलाइन आवेदन के दौरान स्थान के रूप में “Passport Seva Mobile Van Camp, Collectorate Campus – Siwan” का चयन करना होगा.
दस्तावेजों के साथ समय पर पहुंचने की अपील
आवेदकों को शिविर में आने से पहले सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने और अपॉइंटमेंट पत्र में निर्धारित समय पर पहुंचने की सलाह दी गई है. एक जुलाई 2026 से प्रभावी संशोधित पासपोर्ट शुल्क इस शिविर में प्राप्त आवेदनों पर भी लागू होगा.
बिहार में अब तक लग चुके हैं 20 मोबाइल वैन शिविर
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना के अनुसार अप्रैल 2024 से अब तक यह 20वां पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर होगा. इन शिविरों के माध्यम से बिहार में करीब 2,700 पासपोर्ट आवेदनों का सफलतापूर्वक निपटारा किया जा चुका है. सिवान में आयोजित होने वाला यह तीसरा पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर होगा, जिससे जिले के लोगों को पासपोर्ट संबंधी सेवाओं के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










