मंडरो में पीएम आवास योजना की समीक्षा, अनियमित भुगतान का खुलासा

कनिष्ठ अभियंता के खाते में गयी राशि की वसूली, बीडीओ ने दिये सख्त निर्देश
मंडरो
मंडरो प्रखंड में बीडीओ मेघनाथ उरांव द्वारा लंबित प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों की वार्षिक समीक्षा की गयी. समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि सिमड़ा पंचायत के प्रधानमंत्री आवास योजना के एक लाभुक के खाते में जाने वाली राशि गलती से तत्कालीन कनिष्ठ अभियंता मदन मोहन सिंह के खाते में भुगतान हो गयी थी. मामले की जानकारी मिलते ही बीडीओ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित कनिष्ठ अभियंता से राशि की वसूली हेतु नोटिस निर्गत किया. नोटिस के अनुपालन में कनिष्ठ अभियंता द्वारा उक्त राशि प्रखंड कार्यालय में जमा कर दी गयी. इसके पश्चात बीडीओ के निर्देश पर राशि को पुनः ग्रामीण विकास विभाग के खाते में वापस कर दिया गया. इस अवसर पर बीडीओ मेघनाथ उरांव ने सभी आवास प्रभारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि इस प्रकार की कोई भी अनियमितता उनके संज्ञान में आती है, तो उस पर अविलंब कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए उन्हें तत्काल सूचना दी जाये. मामले की जानकारी देते हुए प्रभारी आवास योजना के प्रखंड समन्वयक ओम कुमार झा ने बताया कि बीडीओ द्वारा प्रत्येक सप्ताह प्रधानमंत्री आवास योजना का सतत अनुश्रवण किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि इसी क्रम में इस सप्ताह दो लंबित आवास वाले लाभुकों से राशि की वसूली भी की गयी है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आवास योजना की राशि का दुरुपयोग करने वाले किसी भी कर्मी को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




