बकरीद की विशेष नमाज पर शहर भर की मस्जिदों में दिखी रौनक

Published by : ABDHESH SINGH Updated At : 28 May 2026 10:33 PM

विज्ञापन

साहिबगंज (फाइल फोटो)

सुबह 7:15 बजे ईदगाह परिसर में शुरू हुई मुख्य नमाज, लोगों ने की अमन-चैन की दुआ

विज्ञापन

साहिबगंज.

मुस्लिम समुदाय का प्रमुख त्योहार ईद-उल-अजहा (बकरीद) गुरुवार को जिलेभर में धार्मिक आस्था, भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल के बीच मनाया गया. जिला मुख्यालय स्थित ईदगाह परिसर में सुबह 7:15 बजे विशेष नमाज अदा की गयी, जिसे जामा मस्जिद के पेश इमाम मुफ्ती अंजार हुसैन कासमी ने पढ़ाया. नमाज में हजारों की संख्या में नमाजी शामिल हुए और देश में अमन-चैन, तरक्की तथा आपसी भाईचारे की दुआ मांगी. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और कुर्बानी की रस्म अदा की. शहर में सुबह से ही त्योहार को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला. बच्चे नए कपड़ों में नजर आए, जबकि मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी. ईदगाह के अलावा हबीबपुर, अलीनगर, कुलीपाड़ा, मस्जिद-ए-मुस्तफा, एलसी रोड स्थित छोटी मस्जिद, कॉलेज रोड मस्जिद और शकरगढ़ मस्जिद समेत विभिन्न मस्जिदों में भी ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की गयी. सभी स्थानों पर पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ तथा कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली. पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि पूरे जिले में ईद-उल-अजहा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और लोगों ने सौहार्द एवं भाईचारे का परिचय दिया. पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. संवेदनशील क्षेत्रों में मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती की गयी थी, जबकि मोबाइल टाइगर टीम लगातार गश्त करती रही.

मुफ्ती अंजार हुसैन कासमी ने ईद-उल-अजहा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व त्याग, बलिदान और अल्लाह के प्रति समर्पण का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि कुर्बानी इंसान के भीतर मौजूद बुराइयों, लालच और अहंकार को त्यागने का संदेश देती है. पर्व को लेकर शहर के बाजारों में भी रौनक रही और लोगों ने सेवई, मसाले तथा अन्य जरूरी सामानों की जमकर खरीदारी की.

मस्जिदों के आसपास सुरक्षा में मुस्तैद रही पुलिस :

साहिबगंज. जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ईदगाह में गुरुवार को बकरीद के अवसर पर नमाज अदा की गयी. ईदगाह के निकट भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए थे. साथ ही शहर की सभी प्रमुख मस्जिदों जैसे- अंजुमन नगर, एलसी रोड मस्जिद, रसूलपुर दहला मस्जिद, कुलीपाड़ा मस्जिद, हबीबपुर मस्जिद, अलीनगर मस्जिद, सकरूगढ़ मस्जिद, बिचला टोला मस्जिद, मजहर टोला मस्जिद, इमली टोला मस्जिद सहित अन्य कई स्थानों पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात किये गये थे. ईदगाह पर सदर एसडीओ अमर जाॅन आइन्द, सदर एसडीपीओ सुशील कुमार एवं सदर सीओ बासुकीनाथ टुडू ने सुरक्षा की कमान संभाली थी. नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता व जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह मौके पर मुख्य रूप से तैनात थे. वहीं नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कई इलाकों में सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गयी थी, जो बारी-बारी से सभी स्थानों पर जाकर विधि व्यवस्था का जायजा ले रहे थे और अपने वरीय अधिकारियों को स्थिति की जानकारी दे रहे थे.

विज्ञापन
ABDHESH SINGH

लेखक के बारे में

By ABDHESH SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola