बिहार पुलिस का नया सिस्टम लागू, जानिए आपका जिला अब किस जोन और रेंज में होगा

बिहार में फिर से जोन और रेंज सिस्टम लागू
Bihar Home Department Order: बिहार सरकार ने पुलिस व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए पूरे राज्य में फिर से जोन और रेंज सिस्टम लागू कर दिया है. अब चार पुलिस जोन बनाए गए हैं, जिनकी कमान आईजी संभालेंगे. हर जोन के तहत तीन रेंज होंगी. इनकी जिम्मेदारी डीआईजी के पास रहेगी.
Bihar Home Department Order: बिहार गृह विभाग ने पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव करते हुए पुरानी जोन और रेंज व्यवस्था को दोबारा लागू कर दिया है. इसके तहत पूरे राज्य को 4 बड़े पुलिस जोन में विभाजित किया गया है. जोन की कमान आईजी (IG) स्तर के सीनियर अधिकारियों को दी जाएगी, जबकि उनके अधीन आने वाले रेंज की जिम्मेदारी डीआईजी (DIG) संभालेंगे. गृह विभाग की ओर से इस नए ढांचे का आधिकारिक संकल्प जारी कर दिया गया है.
4 पुलिस जोन और उनके अधीन होंगे 3-3 रेंज
नई व्यवस्था के तहत बिहार को चार प्रमुख पुलिस जोन- पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर में बांटा गया है. हर एक जोन के अंतर्गत तीन-तीन रेंज को शामिल किया गया है. पटना जोन के तहत पटना, मगध और शाहाबाद रेंज आएंगे. मुजफ्फरपुर जोन में तिरहुत, चंपारण और सारण रेंज को रखा गया है.
दरभंगा जोन के तहत मिथिला, कोशी और पूर्णिया रेंज को शामिल किया गया है. भागलपुर जोन के अंदर पूर्वी क्षेत्र (भागलपुर), मुंगेर और बेगूसराय रेंज को रखा गया है. इस तरह पूरे राज्य के सभी जिलों को इन 12 रेंज में व्यवस्थित किया गया है.
2019 में बदली व्यवस्था नहीं हुई सफल
13 अगस्त 2019 को बिहार सरकार ने पुलिस जोन की व्यवस्था खत्म कर दी थी और रेल पुलिस को छोड़कर पूरे राज्य को 12 रेंज में बांट दिया था. बीते वर्षों में इस व्यवस्था से अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक निगरानी में कोई खास फायदा देखने को नहीं मिला. इसी वजह से पुलिस मुख्यालय ने सरकार को पुरानी जोन व्यवस्था फिर से लागू करने का प्रस्ताव भेजा था, जिसे सरकार ने स्वीकार करते हुए अब मंजूरी दे दी है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
अधिकारियों की बड़े पैमाने पर होगी तैनाती
हालिया व्यवस्था में कई रेंज की जिम्मेदारी आईजी रैंक के अधिकारी संभाल रहे थे. लेकिन अब नए नियमों के अनुसार, रेंज की कमान सिर्फ डीआईजी स्तर के अधिकारियों के पास रहेगी और उनके ऊपर जोन स्तर पर आईजी तैनात होंगे.
इस नए प्रशासनिक ढांचे को पूरी तरह जमीन पर उतारने के लिए बिहार पुलिस में बड़े पैमाने पर अधिकारियों की ट्रांसफर और पोस्टिंग की तैयारी शुरू हो चुकी है. जल्द ही नए पदों पर IPS अधिकारियों की तैनाती के आदेश जारी कर दिए जाएंगे.
इसे भी पढ़ें: नीतीश कुमार की बहन ने कहा- भाई को 5 साल और मुख्यमंत्री रहना चाहिए था, निशांत की शादी पर भी बोलीं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By परितोष शाही
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










