पटना में अब घर-घर पहुंचेगा नगर निगम, प्रॉपर्टी टैक्स की होगी दोबारा जांच, इन इलाकों में सबसे अधिक असेसमेंट
प्रॉपर्टी टैक्स (सांकेतिक तस्वीर)
Patna Property Tax : पटना नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स का दायरा बढ़ाने के लिए एक स्पेशल ड्राइव शुरू की है. इसके तहत रेवेन्यू अफसर घर-घर जाकर संपत्तियों का री-असेसमेंट करेंगे. यह प्रक्रिया संपत्ति कर से जुड़ी शिकायतों और असेसमेंट को आसान बनाएगी.
Patna Property Tax : राजधानी में प्रॉपर्टी टैक्स का दायरा बढ़ाने और नगर निगम का राजस्व बढ़ाने के लिए पटना नगर निगम ने स्पेशल ड्राइव शुरू किया है. इसके तहत रेवेन्यू अफसर घर-घर जाकर संपत्तियों का री-असेसमेंट करेंगे. इसका उद्देश्य संपत्ति की वास्तविक स्थिति के आधार पर टैक्स का निर्धारण करना और असेसमेंट में होने वाली गड़बड़ियों को दूर करना है.
घर बैठे कर सकेंगे सेल्फ असेसमेंट
अगर किसी मकान में नयी मंजिल बनी है या संपत्ति से जुड़ी सड़क की श्रेणी में बदलाव हुआ है, तो संबंधित व्यक्ति घर बैठे सेल्फ असेसमेंट कर सकता है. जरूरत पड़ने पर निगम के अधिकारी को घर बुलाकर भी संपत्ति का असेसमेंट कराया जा सकेगा. इससे लोगों को टैक्स संबंधी काम के लिए बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.
जल्द सार्वजनिक होंगे रेवेन्यू अफसरों के नंबर
निगम प्रशासन जल्द ही सभी अंचलों के रेवेन्यू अफसरों के मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने की तैयारी में है. इसके साथ ही पूरे नगर निगम क्षेत्र को 19 जोन में बांटा गया है. प्रत्येक जोन में जोनल हेड तैनात रहेंगे. इससे संपत्ति कर से जुड़ी शिकायतों और असेसमेंट की प्रक्रिया को स्थानीय स्तर पर आसान बनाने की कोशिश की जा रही है.
17 सितंबर तक 5580 लोगों ने कराया सेल्फ असेसमेंट
नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार एक अप्रैल से 17 सितंबर तक कुल 5580 लोगों ने सेल्फ असेसमेंट कराया है. इनमें से 3673 लोगों ने प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान भी कर दिया है. निगम अब असेसमेंट का दायरा बढ़ाने के साथ उन संपत्तियों को भी जांच के दायरे में लाने की तैयारी कर रहा है, जिनका टैक्स वास्तविक संपत्ति के अनुरूप नहीं है.
पाटलिपुत्र अंचल में सबसे अधिक असेसमेंट
अंचलवार आंकड़ों में पाटलिपुत्र अंचल में सबसे अधिक 1385 संपत्तियों का असेसमेंट हुआ है. इनमें 881 असेसमेंट का टैक्स भुगतान किया जा चुका है. इसके बाद नूतन राजधानी अंचल में 1217 असेसमेंट हुए, जिनमें 793 का भुगतान हुआ है.
कंकड़बाग और अजीमाबाद में भी बड़ी संख्या में असेसमेंट
कंकड़बाग अंचल में 938 संपत्तियों का असेसमेंट हुआ, जिनमें 623 का टैक्स भुगतान किया गया. अजीमाबाद अंचल में 964 असेसमेंट में 676 लोगों ने टैक्स जमा किया है. बांकीपुर में 563 असेसमेंट में 356 और पटना सिटी में 513 असेसमेंट में 344 लोगों ने टैक्स का भुगतान किया है.
बड़े मॉल और कॉम्प्लेक्स की भी होगी जांच
कमर्शियल और बड़ी संपत्तियों में प्रॉपर्टी टैक्स की गड़बड़ी रोकने के लिए नगर निगम ने विशेषज्ञ टीम को भी जांच में लगाया है. नगर आयुक्त यशपाल मीणा के निर्देश पर पांच टाउन प्लानर और दो आर्किटेक्ट की टीम गठित की गयी है. यह टीम शहर के बड़े मॉल, मार्केट कॉम्प्लेक्स, बैंक्वेट हॉल, अस्पताल और खाली जमीनों का मौके पर निरीक्षण करेगी.
स्वीकृत नक्शे और वास्तविक निर्माण का होगा मिलान
विशेषज्ञ टीम आधुनिक उपकरणों की मदद से स्वीकृत नक्शे और मौके पर मौजूद वास्तविक निर्माण व क्षेत्रफल का मिलान करेगी. इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि संपत्ति का टैक्स वास्तविक निर्माण और उपयोग के अनुरूप निर्धारित है या नहीं.
गड़बड़ी मिली तो फोटो-वीडियो के साथ बनेगी रिपोर्ट
निरीक्षण के दौरान निर्माण या टैक्स निर्धारण में गड़बड़ी मिलने पर फोटो और वीडियो साक्ष्य के साथ रिपोर्ट तैयार की जायेगी. इसके आधार पर संबंधित संपत्ति का दोबारा टैक्स निर्धारण किया जा सकता है. निगम की कार्रवाई में नियमों के अनुसार पेनाल्टी भी लगायी जा सकती है.
छह अंचलों के आंकड़ों में 5580 असेसमेंट
| अंचल | कुल असेसमेंट | पेड असेसमेंट |
| अजीमाबाद | 964 | 676 |
| बांकीपुर | 563 | 356 |
| कंकड़बाग | 938 | 623 |
| नूतन राजधानी | 1217 | 793 |
| पाटलिपुत्र | 1385 | 881 |
| पटना सिटी | 513 | 344 |
| कुल | 5580 | 3673 |
Also Read : पटना मेट्रो: रुकनपुरा स्टेशन पर डी-वॉल निर्माण तेज, जंक्शन तक 5.2 किमी टनलिंग पूरी, जानें ताजा अपडेट
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए