फूलो-झानो डिजिटल लाइब्रेरी युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का नया मंच : डीसी

साहिबगंज (फाइल फोटो)
धोबीझरना के समीप चार करोड़ से बनीं फूलो-झानो डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन
साहिबगंज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की भावना को आगे बढ़ाते हुए डीसी हेमंत सती ने सोमवार को जिले में युवाओं के शैक्षणिक और करियर विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से करियर गाइडेंस फेस्ट के तहत चार करोड़ की लागत से धोबीझरना के समीप बनी फूलो झानो डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया. इस अवसर पर डीसी हेमंत सती ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि सही समय पर सही मार्गदर्शन भी आवश्यक है. उन्होंने कहा कि समाज के अधिकांश छात्र-छात्राओं को यह स्पष्ट जानकारी नहीं होती कि 10वीं या 12वीं के बाद उनके सामने कितने व्यापक करियर का विकल्प उपलब्ध हैं. विद्यार्थी डॉक्टर, इंजीनियर या कुछ पारंपरिक क्षेत्रों तक ही सीमित जानकारी रखते हैं, जबकि आज के दौर में करियर के असंख्य नये अवसर उपलब्ध हैं. उन्होंने छात्रों से कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ अपने जीवन में एक स्पष्ट लक्ष्य और सपना निर्धारित करना बहुत जरूरी है. सपना केवल कल्पना नहीं, बल्कि ऐसा लक्ष्य होना चाहिए, जिससे व्यक्ति के जीवन के साथ-साथ परिवार और समाज पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़े. यदि विद्यार्थी समय रहते अपने लक्ष्य के बारे में सोचेंगे और उसके अनुसार तैयारी करेंगे तो वे अपने जीवन में निश्चित रूप से सफलता प्राप्त कर सकते हैं. डीसी ने कहा कि आज के समय में इंटरनेट और डिजिटल संसाधनों के माध्यम से ज्ञान के असीमित स्रोत उपलब्ध हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए जिले में फूलो-झानो डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना की गयी है. इस लाइब्रेरी में आधुनिक कंप्यूटर, उच्च गति का वाई-फाई, डिजिटल अध्ययन सामग्री तथा शांत अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराया गया है, जिससे कि छात्र-छात्राएं घर बैठे ही प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकें. उन्होंने बताया कि यह लाइब्रेरी सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक आम जनता के लिए खुली रहेगी. यहां बहुत ही न्यूनतम शुल्क पर छात्रों को अध्ययन की सुविधा दी जायेगी. साथ ही समय-समय पर करियर गाइडेंस, मोटिवेशनल सेशन तथा विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को सही दिशा मिल सके. डीसी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि भारत आज एक डेमोग्राफिक डिविडेंड वाला देश है, अर्थात देश की सबसे बड़ी ताकत उसका युवा वर्ग है. यदि युवा अपनी ऊर्जा और क्षमता का सही उपयोग करेंगे तो देश तेजी से प्रगति करेगा, लेकिन यदि युवा अपनी क्षमताओं का उपयोग नहीं कर पाए तो यही अवसर चुनौती में भी बदल सकता है, इसलिए युवाओं को गंभीरता से पढ़ाई, कौशल विकास और करियर निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए. कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि फूलो-झानो डिजिटल लाइब्रेरी केवल एक भवन या पुस्तकालय नहीं है, बल्कि यह जिले के युवाओं के सपनों को साकार करने का एक सशक्त माध्यम है. डिजिटल माध्यम के जरिए विद्यार्थियों को नयी-नयी जानकारियां, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, अध्ययन सामग्री और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर मिलेंगे. साथ ही आयोजित करियर गाइडेंस फेस्ट के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को करियर के विविध विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, कौशल विकास व रोजगार के अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी. कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से अपील की गयी कि वे डिजिटल लाइब्रेरी का अधिक से अधिक उपयोग करें, अपने ज्ञान और कौशल को विकसित करें. अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहें. इसके पूर्व डीसी ने तीन छात्र व एक छात्रा से आगे पढ़ाई के साथ क्या तैयारी करनी है इसकी जानकारी ली. कई बच्चों ने अपने भविष्य के बारे में जानकारी दी. कार्यक्रम स्थल पर चार स्टॉल लगाये गये थे. आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत संपूर्णता अभियान 2.0 अन्तर्गत शिक्षा से संपूर्णता, करियर मार्गदर्शन उत्सव मनाया गया. डीएसइ कुमार हर्ष ने बच्चों को सिविल सर्विस के बारे में जानकारी दी. एसबीआइ ने विद्यार्थियों को दी बैकिंग करियर के बारे में जानकारी मेडिकल, पारा मेडिकल करियर के बारे में डॉ स्नेहलता व बैकिंग करियर के बारे में एसबीआइ के वरीय सदस्य अलिस मिश्रा, विकास क्षेत्र में करियर (एनजीओ और सामाजिक क्षेत्र) विकास क्षेत्र की पेशेवर द्वारा परियोजना अधिकारी, स्वास्थ्य, डीएमएफटी पल्लवी दास, कौशल विकास एवं उद्यमिता योजनाएं जिला कार्यक्रम प्रबंधक जेएसएलपीएस मार्टिन तारिक व अन्य सत्र में कई लोगों ने जानकारी दी. साथ ही छात्रों को अपने पाठ्यक्रम या प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरा करने के बाद पुरानी किताबें दान करने के लिए प्रोत्साहित किया गया. प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के बाद बच्चों के बीच पुरस्कार वितरण किया गया. इस अवसर पर एसी गौतम भगत, डीपीओ अनूप कुमार, डीपीएम जेएसएलपीएस मतीन तारीक, एनआरइपी के ईई देवीलाल हांसदा, विशेष प्रमंडल के ईई रामाकांत प्रसाद, उपनिर्वाचन पदाधिकारी सुनीता किस्कू, डीपीआरओ अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक आदि मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




