‘द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो एलियंस’ में जैकी श्राफ के बेटे की निभा रहे भूमिका साहिबगंज के कुंदन कुमार

Published by : ABDHESH SINGH Updated At : 30 May 2026 11:00 PM

विज्ञापन

साहिबगंज (फाइल फोटो)

जल्द अमिताभ बच्च अभिनीत धारा-84 में आयेंगे नजर

विज्ञापन

साहिबगंज बिहार के जहानाबाद में जन्मे और झारखंड के साहिबगंज में पले-बढ़े अभिनेता कुंदन कुमार इन दिनों अपनी नई फिल्म द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो एलियंस का आगमन को लेकर चर्चा में हैं. यह फिल्म 29 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. फिल्म में कुंदन कुमार वरिष्ठ अभिनेता जैकी श्रॉफ के बेटे की भूमिका निभा रहे हैं. दोनों के बीच कई भावनात्मक और प्रभावशाली दृश्य हैं जिन्हें दर्शक खूब पसंद कर रहे हैं. कुंदन कुमार का जन्म 1990 के दशक में जहानाबाद में हुआ. उनके पिता मिथिलेश सिंह जीआरपी पुलिस में एएसआई थे और पोस्टिंग साहिबगंज में हुई. मां शिक्षाप्रेमी महिला थीं जिन्होंने तीन बेटों की परवरिश में शिक्षा को प्राथमिकता दी. कुंदन की प्रारंभिक शिक्षा एनआरपी सेंटर, फिर संत जोसेफ और बाद में संत जेवियर्स स्कूल साहिबगंज में हुई. कुंदन बताते हैं कि संत जेवियर्स स्कूल में बिताये गये दिन मेरे जीवन के सबसे सुनहरे दिनों में शामिल हैं. आज भी मेरे अधिकांश करीबी दोस्त, बचपन की यादें और जीवन के सबसे मजबूत रिश्ते साहिबगंज से ही जुड़े हुए हैं. वे कहते हैं कि जहानाबाद ने जन्म दिया, लेकिन साहिबगंज ने पहचान और संस्कार दिये. 18 वर्षों का थिएटर अनुभव और फिर वेब सीरीज, विज्ञापनों से बनायी पहचान करीब 18 वर्षों के थिएटर अनुभव के साथ उन्होंने अभिनय की शुरुआत वायम ड्रामेटिक्स सोसायटी दिल्ली से की. बाद में एनएसडी से जुड़े वरिष्ठ रंगकर्मियों से प्रशिक्षण लिया और भानु भारती, सलीम आरिफ तथा रामजी बाली जैसे निर्देशकों के साथ काम किया. मुंबई आने के बाद उन्होंने टीवी, वेब सीरीज, विज्ञापनों और फिल्मों में अपनी पहचान बनाई. उनकी प्रमुख परियोजनाओं में जेएल50, अवरोध, स्कैम 2003, सैम बहादुर, पटना शुक्ल और लकड़बग्घा शामिल हैं. उन्होंने अमिताभ बच्चन, अजय देवगन, राजकुमार राव और मनोज बाजपेयी जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ भी काम किया. कुंदन कहते हैं कि जैकी श्रॉफ के साथ भावनात्मक दृश्यों में काम करना उनके लिए खास अनुभव रहा. आने वाले समय में वे अमिताभ बच्चन अभिनीत धारा 84 आईपीसी में नजर आएंगे. इस फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मनीष सैनी ने किया है. कुंदन मानते हैं कि उनकी जड़ें बिहार और झारखंड की मिट्टी से जुड़ी हैं और हर उपलब्धि में इन दोनों प्रदेशों का योगदान है. मित्र मोनी सरार्फ, सुमित सरार्फ और अंकित सरार्फ सहित कई लोगों ने फिल्म की सफलता की कामना की है.

विज्ञापन
ABDHESH SINGH

लेखक के बारे में

By ABDHESH SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola