बैग-झोले में मिला 76 मोबाइल का जखीरा! 7.60 लाख के फोन बरामद, साहिबगंज स्टेशन में फरक्का एक्सप्रेस से पहुंचे लोगों पर जांच तेज
बरामद मोबाइल | Prabhat Khabar Network
साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए 76 चोरी के मोबाइल बरामद किए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
साहिबगंज। साहिबगंज रेलवे स्टेशन से जुड़े मोबाइल चोरी के मामले में जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए 76 मोबाइल बरामद किए हैं. बरामद मोबाइल अलग-अलग कंपनियों के हैं. मामले में जीआरपी थाना में कांड संख्या 25/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है.
बरामद मोबाइल में रियलमी, पोको, मोटोरोला, रेडमी, टेक्नो, सैमसंग, ओप्पो, वीवो सहित अन्य कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं. प्राथमिकी में मोबाइल के मॉडल, रंग और कई मोबाइल के IMEI नंबर का भी उल्लेख किया गया है. बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 7.60 लाख रुपये बताई गई है.
दो पुलिसकर्मी और दो बाहरी लोगों के पहुंचने की चर्चा
मोबाइल बरामदगी को लेकर शहर में भी चर्चा है. बताया जा रहा है कि सुबह करीब सात बजे साहिबगंज पहुंची फरक्का एक्सप्रेस से जीआरपी के दो पुलिसकर्मी और दो बाहरी लोग आए थे. उनके पास एक बैग और एक झोला होने की बात कही जा रही है. दोनों बैग में बड़ी संख्या में मोबाइल होने की चर्चा है. हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक रूप से अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही आरपीएफ
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ की टीम ने भी जांच शुरू कर दी है. स्टेशन परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि मोबाइल बरामदगी से जुड़े लोगों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद मोबाइल कहां से आए और इनके चोरी होने की वास्तविक स्थिति क्या है.
थाना प्रभारी सत्यदेव कुमार राम ने बताया कि बरामद सामान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. कांड संख्या 25/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है. पुलिस बरामद मोबाइलों के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाने के साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुनील ठाकुर
साहिबगंज : सुनील ठाकुर वर्ष 1999 से प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने एक वर्ष तक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए भी कार्य किया है. शिक्षा, अपराध और संताल परगना में पहाडिया जनजाति जैसे विषयों पर उनकी विशेष पकड़ रही है तथा इन मुद्दों पर लगातार रिपोर्टिंग करते रहे हैं. कला, संस्कृति एवं साहित्य में उनकी गहरी रुचि है. वर्ष 2006 से साहिबगंज में जिला संवाददाता व ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









