पिठोरिया घाटी में सफर बना अंतिम यात्रा, तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में दो की मौत, चार घायल

Updated:
विज्ञापन

पिठोरिया घाटी में सफर बना अंतिम यात्रा

पिठोरिया के बुचा घाटी में एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए. तेज रफ्तार एलपी ट्रक ने कार और तीन बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे भारी तबाही मची.

विज्ञापन

पिठोरिया से सुजीत कुमार केशरी की रिपोर्ट

पिठोरिया: रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र के बुचा घाटी में रविवार को तेज रफ्तार एलपी ट्रक ने कार और तीन बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत-बचाव में मदद की और पुलिस को घटना की सूचना दी.

जानकारी के अनुसार, एलपी ट्रक पिठोरिया की ओर से पतरातू की तरफ जा रहा था. इसी दौरान बुचा घाटी में तेज रफ्तार ट्रक पहले डब्ल्यूबी 38 एवाई-4739 नंबर की कार से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार को अपनी चपेट में लेने के बाद ट्रक अनियंत्रित हो गया. इसके बाद ट्रक ने सड़क पर चल रही तीन बाइकों को भी टक्कर मार दी. दुर्घटना में जेएच 01बीबी-3022, सीजी 16सीआर-9783 और जेएच 01 जीएच-1016 नंबर की बाइक क्षतिग्रस्त हो गयीं.

एक बाइक को कई किलोमीटर तक घसीटता रहा ट्रक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद ट्रक की चपेट में आयी एक बाइक को वह काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार और तीनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयीं. हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी.

दो लोगों की मौके पर मौत

दुर्घटना में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मृतकों की पहचान बड़कागांव क्षेत्र के केरेडारी प्रखंड अंतर्गत पचरा गांव निवासी अंकित कुमार, पिता मनोज साहू, तथा पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के काजी नगर निवासी गोपाल राम, पिता महेश राम के रूप में हुई है.

घटना की सूचना मिलते ही पिठोरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल भेजने की व्यवस्था की. वहीं दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया गया.

चार घायल, अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. खबर लिखे जाने तक घायलों का इलाज जारी था. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का काम भी किया गया, जिसके बाद सड़क पर आवागमन सामान्य कराया गया.

ट्रक जब्त, दुर्घटना की जांच शुरू

पिठोरिया थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त एलपी ट्रक को जब्त कर लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गयी है. प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार के कारण ट्रक के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह की पुलिस जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना के समय ट्रक की गति कितनी थी और चालक से वाहन पर नियंत्रण क्यों नहीं रहा.

बुचा घाटी में हुए इस भीषण हादसे के बाद एक बार फिर तेज रफ्तार और भारी वाहनों से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.


विज्ञापन
वैभव विक्रम

लेखक के बारे में

By वैभव विक्रम

वैभव विक्रम डिजिटल पत्रकार हैं. बीते 5 सालों से झारखंड की सामाचार, खेल, लाइफस्टाइल, एजुकेशन, धर्म में रुचि है और इसी विषय पर अपने विचार प्रकट करना पसंद है. वर्तमान में प्रभात खबर के झारखंड डेस्क के रांची एडिशन के जिलों की खबरों को कवर कर रहे हैं. इससे पहले वह साल 2023-24 में प्रभात खबर के खेल डेस्क की खबरें लिखा करते थे.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola