Ranchi News : दक्षिणी छोटानागपुर ‘खेलों की नर्सरी’

Updated at : 28 Aug 2025 6:23 PM (IST)
विज्ञापन
Ranchi News : दक्षिणी छोटानागपुर ‘खेलों की नर्सरी’

झारखंड के दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल की खेल उपलब्धियां किसी प्रेरणा से कम नहीं.

विज्ञापन

दक्षिणी छोटानागपुर ‘खेलों की नर्सरी’

रांची. झारखंड के दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल की खेल उपलब्धियां किसी प्रेरणा से कम नहीं. रांची, सिमडेगा, खूंटी, गुमला और लोहरदगा जिलों से मिलकर बना यह क्षेत्र अब देश में ‘खेलों की नर्सरी’ के नाम से पहचाना जाता है. यहां से निकले खिलाड़ियों ने न केवल भारत का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व किया है, बल्कि अपनी प्रतिभा और संघर्ष से झारखंड को देश-विदेश में नयी पहचान दिलायी है.

लॉन बॉल : कॉमनवेल्थ में पहली बार गूंजा भारत का नाम

लॉन बॉल में झारखंड के खिलाड़ियों का दबदबा लगातार बना हुआ है. कॉमनवेल्थ गेम्स से लेकर विश्व चैंपियनशिप तक, भारतीय टीम में झारखंड के खिलाड़ी महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं. रूपा रानी तिर्की और लवली चौबे ने वर्ष 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को पहला लॉन बॉल स्वर्ण पदक दिलाया. इनके अलावा सुनील बहादुर, दिनेश कुमार, आलोक लकड़ा, प्रिंस कुमार महतो, मोहम्मद वसीम, अभिषेक लकड़ा, रेशमा कुमारी और कविता कुमारी जैसे नाम भी भारतीय टीम की मजबूती रहे हैं.

वुशु : पदकों से सजा सफर

वुशु में रांची और आसपास के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दर्जनों मेडल जीतकर झारखंड का नाम रोशन किया है. श्रेया कुमारी, आस्था उरांव, संजना कुमारी, प्रिया गाड़ी, सोनी मिंज, आकाश उरांव, राकेश टोप्पो, बासुदेव टोप्पो, चंदन कुमार, साकिब अंसारी, निशांत तिर्की जैसे खिलाड़ियों ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया. सिल्ली की सोनाली कुमारी, अंजना कुमार, देव कुमार, प्रतिमा, सोनका और रेणु भी लगातार पदक जीत रही हैं.

तीरंदाजी : दीपिका कुमारी बनीं झारखंड की पहचान

तीरंदाजी की बात हो और दीपिका कुमारी का नाम न आए, यह संभव नहीं. रांची की इस स्टार खिलाड़ी ने ओलंपिक और विश्व प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन किया और तीरंदाजी को झारखंड की पहचान बना दिया. जोन्हा की दीप्ति कुमारी भी देश की नंबर एक तीरंदाज रह चुकी हैं.

हॉकी : सिमडेगा की धरती पर लिखा गया इतिहास

सिमडेगा को लंबे समय से झारखंड की ‘हॉकी की राजधानी’ कहा जाता है. यहां से निकलीं असुंता लकड़ा, सुमराय टेटे, सावित्री पूर्ति, सलीमा टेटे, संगीता कुमारी, ब्यूटी डुंगडुंग, दीपिका सोरेंग, रोपनी कुमारी, महिमा टेटे, नीरू कुल्लू जैसी खिलाड़ियों ने भारत की जर्सी पहनकर दुनिया को झारखंड की ताकत दिखाई. इसके अलावा स्वीटी डुंगडुंग, सुषमा कुमारी, अलका डुंगडुंग, अल्फा केरकेट्टा जैसे नाम भी राष्ट्रीय कैंप में जगह बना चुके हैं.

खूंटी : झारखंड की पहली महिला ओलिंपियन निक्की प्रधान

खूंटी भी इस दौड़ में पीछे नहीं है. यहां से निक्की प्रधान, संजना होरो, बिनिमा धान और पार्वती टोपनो जैसी खिलाड़ियों ने भारत का प्रतिनिधित्व किया है. निक्की को झारखंड की पहली महिला हॉकी ओलिंपियन बनने का गौरव प्राप्त है. गुमला की सोनल मिंज भी हॉकी में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ चुकी हैं. वहीं, अलबेला रानी टोप्पो, रोशनी आइंद, सेलेस्टीना होरो अभी इंडिया कैंप में है.

फुटबॉल : सिमडेगा, गुमला और रांची की धड़कन

फुटबॉल में सिमडेगा, गुमला और रांची की खिलाड़ियों का दबदबा रहा है. इन तीन जिलों की खिलाड़ियों ने महिला फुटबॉल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत पहचान दी है. सिमडेगा जिला की विकसित बड़ा, पूर्णिमा कुमारी, सौलीना डांग, प्रतीक्षा लकड़ा, विनीता होरो, गुमला की सुमति कुमारी, अष्टम उरांव, अमीसा बाखला, सुधा अंकिता तिर्की, शिवानी टोप्पो, एलिजाबेथ लकड़ा, अनिता डुंगडुंग, सूरजमुनी कुमारी, पुष्पा कुमारी और रांची की नीतू लिंडा, अनिता कुमारी, अंजली मुंडा, निशिमा उरांव, दिव्यानी लिंडा, अनुष्ठा कुमारी, बीना कुमारी, बबिता कुमारी ने अंडर-17 से सीनियर टीम तक छाप छोड़ी है.

एथलेटिक्स : ट्रैक पर दौड़ता झारखंड

एथलेटिक्स में गुमला की सुप्रीति कच्छप, फ्लोरेंस बारला, आशा किरण बारला और रांची की प्रियंका केरकेट्टा भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में पदक भी जीत चुके हैं.

बॉक्सिंग : सिमडेगा की नयी उम्मीद अमीषा

सिमडेगा की अमीषा केरकेट्टा जूनियर वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीत चुकी हैं. वह यूथ ओलिंपिक गेम्स के लिए भी चुनी गयी हैं, जो इस क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola