Ranchi news : मौसम के मिजाज में अप्रत्याशित बदलाव, तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक
कई जिलों का तापमान 30 डिग्री से ज्यादा, धूप में हो रहा गर्मी का एहसास. रांची का न्यूनतम तापमान रविवार को 15.5 डिग्री सेसि रिकॉर्ड किया गया. चाईबासा और जमशेदपुर का तापमान 32 डिग्री सेसि के आसपास रहा.
रांची. मौसम का मिजाज अप्रत्याशित रूप से बदल गया है. अभी से ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर हो गया है. इस कारण लोगों को धूप में गर्मी का एहसास होने लगा है. सुबह में भी हल्की ठंड है. यह स्थिति करीब-करीब पूरे राज्य की है. राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान रविवार को 15.5 डिग्री सेसि रिकाॅर्ड किया गया. आमतौर पर फरवरी माह के पहले सप्ताह में राजधानी का न्यूनतम तापमान 10-11 डिग्री सेसि के आसपास होना चाहिए. वहीं, अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेसि रिकाॅर्ड किया गया है. यह सामान्य से करीब चार डिग्री सेसि अधिक है.
चाईबासा और जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री
मौसम केंद्र के अनुसार, रविवार को चाईबासा और जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेसि के आसपास पहुंच गया है. चाईबासा का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब छह डिग्री सेसि अधिक रहा. वहीं, जमशेदपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेसि अधिक रहा. यही स्थिति न्यूनतम तापमान का भी है. न्यूनतम तापमान भी 19 डिग्री सेसि के आसपास है. सबसे अधिक तापमान सरायकेला का रहा. वहां का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेसि रिकाॅर्ड किया गया.
तापमान में बदलाव का अनुमान नहीं
मौसम केंद्र के अनुसार, फिलहाल तापमान में कोई बदलाव का अनुमान नहीं है. राजधानी का न्यूनतम तापमान 14-15 डिग्री सेसि के आसपास ही रहने का अनुमान है. वहीं, अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेसि के आसपास ही रहेगा. सोमवार और मंगलवार को राजधानी और आसपास के इलाकों में हल्की बादल हो सकती है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










