ePaper

दिशोम गुरु के स्वास्थ्य के लिए दरगाह-मंदिर में मन्नत मांग रहे समर्थक

Updated at : 28 Jun 2025 12:31 AM (IST)
विज्ञापन
दिशोम गुरु के स्वास्थ्य के लिए दरगाह-मंदिर में मन्नत मांग रहे समर्थक

झामुमो नेता व राज्यसभा सदस्य दिशोम गुरु शिबू सोरेन दिल्ली में इलाजरत हैं. वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं.

विज्ञापन

रांची. झामुमो नेता व राज्यसभा सदस्य दिशोम गुरु शिबू सोरेन दिल्ली में इलाजरत हैं. वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं. कई नेता दिल्ली पहुंचे हैं. इधर राजधानी में शिबू सोरेन के समर्थक उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए कामना कर रहे हैं. दरगाह और मंदिर में मन्नत मांगे जा रहे हैं. झामुमो कार्यकर्ता पूजा-अनुष्ठान कर रहे हैं. रथ यात्रा में झामुमो समर्थकों ने श्री सोरेन के स्वास्थ्य के लिए भगवान जगन्नाथ से आशीर्वाद मांगा.

मनोज पांडेय के नेतृत्व में जगन्नाथपुर मंदिर पहुंचे कार्यकर्ता

रांची. झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज कुमार पांडेय के नेतृत्व में दिशोम गुरु शिबू सोरेन के स्वास्थ्य लाभ के लिए कार्यकर्ताओं ने भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना की. श्री पांडेय के साथ झामुमो केंद्रीय समिति के सदस्य पवन जेड़िया, सोनू बनर्जी सहित कई लोग पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे. श्री पांडेय ने कहा कि आज भगवान जगन्नाथ के आशीर्वाद की आवश्यकता है. झारखंड के लिए प्राण वायु हैं, हमारे नेता शिबू सोरेन. सभी शुभचिंतकों से आग्रह है कि श्री सोरेन के स्वास्थ्य के लिए कामना करें. झारखंडियों को उम्मीद है कि दिशोम गुरु अस्पताल से सकुशल लौटेंगे.

शिबू सोरेन के स्वास्थ्य के लिए की चादरपोशी, मांगी दुआ

रांची. राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर झामुमो अल्पसंख्यक रांची जिला की ओर से रिसालदार शाह बाबा की मजार पर चादरपोशी की गयी. इस दौरान फरीद खान ने शिबू सोरेन के स्वास्थ्य, राज्य की उन्नति व अमन चैन के लिए दुआ की. मौके पर दरगाह कमेटी के अध्यक्ष अयूब गद्दी, महासचिव जावेद अनवर, मो रिजवान, बेलाल अहमद आदि उपस्थित थे.

शिबू सोरेन के स्वस्थ होने की भाकपा-माले ने की कामना

रांची. भाकपा-माले झारखंड राज्य कमेटी ने झारखंड के अग्रणी नेता गुरुजी शिबू सोरेन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है. भाकपा-माले के राज्य सचिव मनोज भक्त ने बयान जारी कर कहा कि पार्टी उम्मीद करती है कि वे शीघ्र स्वस्थ होकर अपने लोगों के बीच होंगे. साथ ही राज्य की राजनीति में अपनी भूमिका अदा करेंगे. उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन लोकप्रिय नेता हैं, वह जल्द स्वस्थ होकर झारखंड के लोगों के बीच होंगे.

शिबू सोरेन के लिए दरगाह में दुआ

रांची. झामुमो सुप्रिमो शिबू सोरेन के बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्रदेश जमीयतुल कुरैश की ओर से दुआ की गयी. यह दुआ हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की दरगाह में जुमा की नमाज के बाद की गयी. उन्होंने कहा कि वे हमेशा लोगों के हक के लिए आगे रहते हैं. राज्य की लड़ाई से लेकर यहां तक के विकास के लिए वे कृतसंकल्पित हैं. हमलोगों ने बाबा से दुआ की है कि वे जल्दी से ठीक होकर हमलोगों के बीच आयें.

गुरुजी से मिलने अस्पताल पहुंचे संजय प्रसाद यादव

रांची. उद्योग एवं श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव नयी दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती शिबू सोरेन को देखने पहुंचे. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इलाज के बारे में जानकारी ली. मंत्री ने कहा कि गुरुजी अब रिकवर हो रहे हैं. राज्य की जनता उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रही है. फिलहाल तबीयत में सुधार है.

राजेश ठाकुर ने गुरु जी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की

रांची. कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने शिबू सोरेन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है. श्री ठाकुर ने कहा है कि शिबू सोरेन के संघर्ष एवं समर्पण की गाथा से सब परिचित हैं. उनके अस्वस्थ होने की खबर से झारखंड का हर व्यक्ति व्यथित है. वो सिर्फ एक नेता के रूप में नहीं जाने जाते, बल्कि उन्हें हम सभी झारखंड का अभिभावक मानते हैं. बाबा ने हर दबे-कुचले को ताकत दी है. ईश्वर से प्रार्थना है कि गुरु जी को शीघ्र स्वस्थ करें ताकि झारखंड की जनता की आवाज बुलंद रहे.

आलोक दुबे ने प्रभु जगन्नाथ से प्रार्थना

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दुबे ने भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में शामिल होकर शिबू सोरेन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की. उन्होंने मंच से सहस्रनाम पाठ और विधिपूर्वक पूजा-अर्चना के बाद विशेष प्रार्थना की. आलोक दुबे ने कहा कि शिबू सोरेन झारखंड की आत्मा हैं और उनके स्वास्थ्य की चिंता पूरे राज्य की चिंता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PRAVEEN

लेखक के बारे में

By PRAVEEN

PRAVEEN is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola