रांची में अपराधी बेलगाम: दिनदहाड़े लाखों के जेवर पार! दुकान खोल रहे थे मालिक, पीछे से चोरों ने किया साफ

Updated:
विज्ञापन

दुकान के बाहर उमड़ी लोगों की भीड़ और गोल घेरे में सीसीटीवी में कैद चोर

रांची के नगड़ी में अपराधियों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. बाइक की डिक्की तोड़कर लाखों रुपये के जेवर ले उड़े. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है.

विज्ञापन

रांची : रांची जिला स्थित नगड़ी थाना क्षेत्र के नारों बाजार टांड में रविवार सुबह करीब दस बजे अपराधियों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. अज्ञात अपराधियों ने दिनदहाड़े एक जेवर दुकान के संचालक की बाइक की डिक्की तोड़कर उसमें रखे लाखों रुपये के सोने और चांदी के आभूषण उड़ा लिए. इसके बाद बड़े आराम से मौके पाकर फरार हो गए. यह पूरी वारदात नारों बाजार के पास स्थित 'राधे कृष्णा ज्वेलर्स' दुकान के ठीक सामने हुई, जिससे इलाके के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

ताला खोलते ही चंद मिनटों में अपराधियों ने किया हाथ साफ

चोरी की इस सनसनीखेज वारदात को लेकर राधे कृष्णा ज्वेलर्स के संचालक अमित कुमार सोनी ने बताया कि वे हर दिन की तरह सुबह लगभग दस बजे नारों बाजार परिसर स्थित अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे. वे सुरक्षा के लिहाज से रोज दुकान के सोने-चांदी के जेवर एक थैले में भरकर अपनी बाइक की डिक्की में रखकर लाते थे. रविवार को जैसे ही उन्होंने अपनी दुकान के सामने बाइक खड़ी की और दुकान का ताला खोलने लगे, तभी वहां एक पल्सर बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधी पहुंचे. अपराधियों ने बेहद फुर्ती से बाइक की डिक्की को तोड़ा और जेवरों से भरा थैला निकालकर पिस्का रेलवे फाटक की ओर तेजी से भाग निकले. भुक्तभोगी के अनुसार, ऐसी आशंका जताई जा रही है कि दोनों अपराधी पहले से ही वहां घात लगाकर बैठे थे. वे उनकी रेकी कर रहे थे, जिसके कारण उन्होंने चंद मिनटों में ही इस कांड को अंजाम दे दिया.

ये भी पढ़ें: देवघर में स्वास्थ्य मंत्री का ऐलान: श्रावणी मेले में चलेंगी बाइक एंबुलेंस, अस्पतालों की मनमानी पर लगेगी रोक

4 किलो चांदी और 60 ग्राम सोना गायब

पीड़ित व्यवसायी अमित कुमार सोनी ने इस संबंध में नगड़ी थाने में दो अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. दर्ज कराई गई प्राथमिकी (FIR) के अनुसार, चोरी गए थैले में लगभग चार किलोग्राम चांदी के आभूषण और साठ ग्राम सोने के जेवर थे, जिनकी कुल बाजार कीमत करीब आठ से नौ लाख रुपये आंकी जा रही है. वारदात की सूचना मिलते ही नगड़ी थाना प्रभारी अभिषेक राय पुलिस बल के साथ तुरंत एक्शन में आए और अपराधियों का पीछा करते हुए पिस्का रेलवे फाटक से लेकर रिंग रोड तक सघन छापेमारी की, लेकिन अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिल सका. इसके बाद थाना प्रभारी ने घटनास्थल पर लौटकर आसपास के लोगों से पूछताछ की और स्थानीय दुकानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले. सीसीटीवी फुटेज की जांच में पल्सर बाइक पर तेजी से भागते हुए दो अपराधी साफ नजर आ रहे हैं. थाना प्रभारी अभिषेक राय ने बताया कि सीसीटीवी वीडियो में अपराधियों के चेहरे स्पष्ट रूप से कैद हो गए हैं. पुलिस की कई टीमें उनकी पहचान और धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.


ये भी पढ़ें: लातेहार के किसान का 'सुपर जुगाड़', बैल और ट्रैक्टर नहीं मिले, तो मोटरसाइकिल से ही जोत डाला पूरा खेत




विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola