Political news : सूर्य घर योजना में सब्सिडी राशि बढ़ायी जाये : सुदिव्य

पटना में पूर्वी राज्यों के क्षेत्रीय पावर सम्मेलन में मंत्री ने रखी अपनी बात
रांची. केंद्रीय ऊर्जा एवं आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में पूर्वी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के लिए पटना में आयोजित क्षेत्रीय पावर सम्मेलन मंगलवार को संपन्न हुआ. सम्मेलन में केंद्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपद येसो नाइक समेत झारखंड से मंत्री सुदिव्य कुमार व झारखंड ऊर्जा संचरण निगम के एमडी केके वर्मा ने हिस्सा लिया. बैठक में मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि थर्मल पावर के मामले में झारखंड पावर सरप्लस स्टेट बनने जा रहा है. उन्होंने कहा कि झारखंड में सोलर एनर्जी की पूरी संभावना है. इसका प्रत्यक्ष उदाहरण केंद्र व राज्य के सहयोग से बनी गिरिडीह सोलर सिटी योजना है. पर, हाल के दिनों में केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गयी पीएम सूर्य घर योजना में सब्सिडी कम होने से लोग इसकी ओर आकर्षित नहीं हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड की परिस्थिति के अनुरूप योजना बने अथवा सूर्य घर योजना में सब्सिडी की राशि बढ़ायी जाये.
डेडिकेटेड टीम बनायी जाये
श्री कुमार ने कहा कि झारखंड में 34 प्रतिशत वन भूमि है. इस कारण ट्रांसमिशन लाइन फॉरेस्ट क्लीयरेंस की वजह से लंबित रहती है. इसके लिए केंद्र द्वारा एक डेडिकेटेड टीम बनायी जाये. ताकि, जल्द से जल्द परियोजना पूरी हो सके.
राज्यों को वर्ष 2035 तक की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश
बैठक में कहा गया कि प्रतिवर्ष पांच प्रतिशत की दर से बिजली की मांग बढ़ रही है. सभी राज्य इसी के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करें. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नाभिकीय ऊर्जा संयंत्र हर राज्य में स्थापित करने पर विचार हो रहा है. बिजली वितरण क्षेत्र में एटीएंडसी लॉस कम करने का निर्देश दिया गया.
झारखंड में 20 प्रतिशत ही स्मार्ट मीटरिंग
बैठक में कहा गया कि बिहार व ओडिशा में 80 प्रतिशत घरों में स्मार्ट मीटरिंग हो चुकी है. जबकि, झारखंड व पश्चिम बंगाल में 20 प्रतिशत के करीब ही हुआ है. इसे बढ़ाने का निर्देश दिया गया है. नवंबर 2025 तक हर हाल में वाणिज्यिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट मीटरिंग का कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




