Ranchi News : झारखंड की पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को आगे बढ़ाने में सहयोग करेगा स्पेन

Published by : PRADEEP JAISWAL Updated At : 24 Apr 2025 8:04 PM

विज्ञापन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में स्पेन गये प्रतिधिनिधिमंडल में मुख्य सचिव अलका तिवारी और स्पेन में भारत के राजदूत दिनेश के. पटनायक ने बार्सिलोना चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष जोसेफ संताक्रू से मुलाकात की.

विज्ञापन

रांची (विशेष संवाददाता). मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में स्पेन गये प्रतिधिनिधिमंडल में मुख्य सचिव अलका तिवारी और स्पेन में भारत के राजदूत दिनेश के. पटनायक ने बार्सिलोना चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष जोसेफ संताक्रू से मुलाकात की. इस बैठक का मुख्य उद्देश्य झारखंड और बार्सिलोना के बीच खनन, कृषि और स्वदेशी चिकित्सा के क्षेत्रों में संभावित सहयोग पर चर्चा करना था.

मुलाकात के दौरान जोसेफ संताक्रू ने झारखंड की स्वदेशी चिकित्सा पद्धतियों में गहरी रुचि दिखायी. उन्होंने कहा कि बार्सिलोना के पास स्वास्थ्य सेवा और फार्मास्युटिकल क्षेत्रों में महत्वपूर्ण विशेषज्ञता है, जिसका उपयोग झारखंड की पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों को बढ़ावा देने और उन्हें आधुनिक विज्ञान के साथ एकीकृत करने में किया जा सकता है. उन्होंने इस क्षेत्र में अनुसंधान और विकास परियोजनाओं में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की.

बैठक के दौरान, श्रीमती तिवारी ने झारखंड में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों और निवेश की संभावनाओं पर प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध है और राज्य सरकार खनन क्षेत्र में टिकाऊ और जिम्मेदार प्रथाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने बार्सिलोना व स्पेन की कंपनियों को झारखंड में खनन और खनिज प्रसंस्करण उद्योगों में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया.

भारत के राजदूत श्री पटनायक ने दोनों देशों के बीच कृषि क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर जोर दिया. उन्होंने झारखंड की कृषि जलवायु विविधता और बार्सिलोना की कृषि प्रौद्योगिकी और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की विशेषज्ञता का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि दोनों मिलकर कृषि उत्पादकता बढ़ाने, खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसानों की आय में वृद्धि करने के लिए काम कर सकते हैं.

बैठक में दोनों पक्षों ने तकनीकी ज्ञान, कौशल विकास और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के माध्यम से सहयोग को बढ़ावा देने पर सहमति व्यक्त की. उन्होंने व्यापार प्रतिनिधिमंडल के आदान-प्रदान और संयुक्त कार्यशालाओं के आयोजन की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया.

टीम स्वीडन के लिए रवाना हुई

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की नेतृत्व में गयी टीम गुरुवार को पोलैंड होते हुए स्वीडेन के लिए रवाना हो गयी. स्वीडेन के गोथेनबर्ग में विभिन्न कंपनियों के साथ शुक्रवार को बैठक होगी. इसके पूर्व सीएम ने मैड्र्रिड में रिबिल्ड एक्सपोजियम भी गये थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PRADEEP JAISWAL

लेखक के बारे में

By PRADEEP JAISWAL

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola