ePaper

मानसून की बारिश में झारखंड में सर्पदंश के मामले बढ़े, 4 की मौत, विषैले सांपों से कैसे बचें

Updated at : 22 Jul 2025 7:53 PM (IST)
विज्ञापन
snake bite in jharkhand news

झारखंड के कई जिलों में सर्पदंश का प्रकोप बढ़ा. फोटो : प्रभात खबर

Snakebite News: मानसून के दौरान झारखंड में लगातार सर्पदंश का प्रकोप बढ़ रहा है. महज 2-3 दिन में एक दर्जन से अधिक मामले सामने आ चुके हैं. सिर्फ 2 दिन में 4 लोगों की सर्पदंश से मौत हो गयी. इसमें 2 बच्चियां शामिल हैं. दोनों की उम्र क्रमश: 5 और 6 साल है. सर्पदंश से बचने और सांप काट ले, तो क्या करें, यहां जानें.

विज्ञापन

Snakebite News: मानसून की बारिश के बीच झारखंड में सांप काटने के मामले बढ़ गये हैं. पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग, दुमका, लोहरदगा, लातेहार, गढ़वा, कोडरमा देवघर जिले के साथ-साथ साहिबगंज जिले के राजमहल में भी सर्पदंश के मामले सामने आने लगे हैं. पिछले 24 घंटे के दौरान हजारीबाग, देवघर और लातेहार जिले में 4 लोगों की मौत हो गयी. इसमें 2 बच्चियां थीं. हजारीबाग में 2 लोगों की मौत हुई है, जिसमें एक मुंबई से खेती करने के लिए गांव आया था. वहीं, चौपारण में एक व्यक्ति को करैत सांप ने डंस लिया, जिससे उसकी मौत हो गयी.

मुंबई से खेती करने आये लखन यादव की सर्पदंश से मौत

हजारीबाग जिले के टाटीझरिया थाना क्षेत्र के बड़ा डहरभंगा गांव में 21 जुलाई की आधी रात को 48 वर्षीय लखन यादव को सांप ने डंस लिया. शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल हजारीबाग में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. लखन यादव देर शाम फूफेरे भाई मंडपा निवासी वार्ड सदस्य लोकनाथ गोप के अंतिम संस्कार में शामिल होकर मंगरपट्टा निवासी फूफा रामेश्वर यादव के साथ घर लौटे थे. कमरे में जमीन पर सो गया. इसी दौरान करैत सांप ने उन्हें गर्दन के पास डंस लिया. लखन यादव मुंबई में टैक्सी चलाता था. 17 जून को वह धान की खेती करने गांव आया था.

झारखंड की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

हजारीबाग के चौपारण में सर्पदंश से एक की मौत

हजारीबाग जिले के चौपारण प्रखंड के बहेरा निवासी प्रेमधारी भुइयां (45) की मौत सर्पदंश से 20 जुलाई की देर रात हो गयी. वह घर से शौच के लिए निकला था. इसी बीच उसे करैत सांप ने डंस लिया. रात में सीएचसी में उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.

लातेहार में सर्पदंश से 5 वर्षीय बच्ची की मौत

लातेहार जिले के गारू प्रखंड में रविवार रात जिले के थाना क्षेत्र के मायापुर पंचायत में सांप के डंसने एक 5 वर्षीय बच्ची अनुष्का कुमारी की मौत हो गयी. अनुष्का रात करीब 10 बजे खाना खाकर जमीन पर सोयी थी. इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उसकी अंगुली में डंस लिया. उसके पिता सुदर्शन लोहरा उसे तुंबागड़ा अस्पताल ले गये, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी.

देवघर में सर्पदंश से 6 वर्षीय बच्ची की मौत

देवघर में सर्पदंश से 6 वर्षीय बच्ची की मौत हो गयी. मृतका की पहचान सीमावर्ती दुमका जिले के तालझारी थाना क्षेत्र के बेलबोना गांव निवासी मोतीलाल मुर्मू की 6 वर्षीय पुत्री रेखा मुर्मू के रूप में हुई है. सोते समय उसे सांप ने डंस लिया. अहले सुबह परिवार उसे लेकर देवघर सदर अस्पताल पहुंचे. ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

जंगल में पत्ता तोड़ने गयी किशोरी को सांप ने काटा

पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र के नुइया गांव निवासी देवेन बागे की 16 वर्षीय बेटी माधुरी बागे को सोमवार की शाम सांप ने काट लिया. किशोरी की सूचना पर परिजन उसे गुवा सेल अस्पताल में ले गये. डॉक्टरों ने उसका इलाज कर खतरे से बाहर बताया है.

4 दिन में घर से निकले 7 कोबरा, दहशत में परिवार

दुमका जिले के गोपीकांदर प्रखंड स्थित दुर्गा मंदिर टोला में ताराशंकर शील के घर में कोबरा सांप निकलने से पूरा परिवार दहशत में है. सुबह और शाम 2 पाली में दर्जनों बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते हैं. उन्होंने बताया कि सोमवार घर के भीतर दरवाजे और पूजा रूम के पास कुल 4 कोबरा मिले. शुक्रवार और शनिवार को 3 छोटे सांप मिले थे. सभी सांपों को वह सुरक्षित स्थान पर छोड़ आये हैं.

सर्पदंश से बचने के लिए क्या करें. फोटो : प्रभात खबर

युवक को सांप ने डंसा, गंभीर

लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के बूटी झखरा गांव निवासी 18 वर्षीय अजय उरांव को खेत में काम करने के दौरान सांप ने डंस लिया. इससे उसकी स्थिति गंभीर हो गयी है. युवक को परिजनों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है.

Snakebite News: सांप काटने से युवक हुआ जख्मी

गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र के बाना गांव निवासी लालमुनी साह का पुत्र सुनील कुमार साह को रविवार सुबह सांप ने डंस लिया. उसे इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. सुनील कुमार साह अपने मकान के दरवाजे के बाहर लघुशंका कर रहा था, तभी करैत सांप ने उसके बायें पैर में काट लिया.

65 साल के बुजुर्ग को सांप ने डंसा

साहिबगंज जिले के राजमहल प्रखंड के राधानगर थाना क्षेत्र के प्यारपुर गांव में सोमवार को सर्पदंश के बाद एक बुजुर्ग को अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया. सैफुद्दीन शेख (65) खेत में पटवा काट रहा था. उसी दौरान उसे सांप ने डंस लिया.

निकला सांप, ग्रामीणों ने वन विभाग को सौंपा

साहिबगंज के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छोटी कोदरजन्ना निवासी मोहम्मद शहाबुद्दीन का 40 वर्षीय पुत्र मोहम्मद शमीम अख्तर सर्पदंश का शिकार हो गया. रविवार सुबह लगभग 10 बजे खेत में घास काटने जा रहे था. उसी दौरान सांप ने डंस लिया. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

सर्पदंश के बाद युवक को अस्पताल में कराया भर्ती

कोडरमा जिले के डोमचांच में नगर पंचायत वार्ड नंबर 12 के मंझलीटांड़ निवासी अमन कुमार सिंह के घर में एक जहरीला दूधिया गेहुंअन सांप निकला. ग्रामीणों के सहयोग से सांप को रेस्क्यू कर वन विभाग को सौंप दिया. कुछ दिन पहले निरंजन कुमार रजक के घर में जहरीला दूधिया गेहुंअन सांप निकला था. इस इलाके में दूधिया गेहुंअन सांप का प्रकोप है.

सर्पदंश से बचने के क्या हैं उपाय

डॉक्टरों ने लोगों को संदेश देते हुए कहा कि अभी बारिश का समय है. घर के आसपास उगी झाड़ियों को साफ रखें. घर के चारों ओर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करें, जिससे विषैला जीव घर के अंदर न जा सके. चारों ओर देखकर चलें.

  • सावधानी से चलना : जंगल, खेत या घास के बीच चलते समय घनघोर जगहों पर या पत्तियों के नीचे ध्यान रखें, क्योंकि सांप वहीं छिपे हो सकते हैं. पैरों को पूरा धोकर और जूते पहनकर चलें.
  • रात में सावधानी : अंधेरे में बिना टॉर्च के पैदल न चलें. घरों के आस-पास और सोते वक्त बिस्तर को अच्छे से झाड़ लें.
  • सांप के बिल को न छेड़ें : अगर आपके आसपास कहीं सांप का बिल दिखे, तो उसे बिल्कुल न छेड़ें. अगर सांप दिख जाये, तो उसे पकड़ने की भी कोशिश न करें.
  • घर और आस-पास साफ रखें : घर और आसपास के झाड़-झंखाड़ को हटा दें. लकड़ी और कूड़ा इकट्ठा न होने दें, क्योंकि ऐसी ही जगहों पर सांप पनाह लेते हैं.
  • सांप नजर आये तो शांत रहें : सांप नजर आये, तो शांत रहें. तुरंत उस इलाके से बाहर चले जायें. सांप को मारने या फंसे हुए जानवर को बचाने का प्रयास न करें.
मानसून में बढ़ जाता है सांप के काटने का प्रकोप. फोटो : प्रभात खबर

सांप काट ले, तो क्या करें?

  • पहला इलाज : अगर सांप ने काट लिया है, तो घबराएं नहीं. प्रभावित अंग को हृदय से नीचे रखें. तत्काल नजदीकी हॉस्पिटल या स्वास्थ्य केंद्र में जायें और डॉक्टर को दिखायें. जहर का प्रभाव कम करने के लिए कोई घरेलू उपाय न करें. झाड़-फूंक के चक्कर में भी न पड़ें.
  • सांप के विष का इलाज : अगर किसी को सांप ने काटा है, तो उसे अस्पताल ले जायें. एंटीवेनम चिकित्सा संक्रमित व्यक्ति को दिलवायें, ताकि विष का प्रभाव रुक सके.
  • जागरूकता और शिक्षा : ग्रामीण और आदिवासी बहुल इलाकों में सांप काटने के बारे में जागरूकता अभियान चलाना चाहिए, ताकि मिथकों और गलतफहमियों से लोग बच सकें.

सर्पदंश से होने वाली मौतों को कैसे कम करें

सांप काटने से होने वाली मौतों को कम करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर जागरूकता अभियान, स्वास्थ्यकर्मियों की ट्रेनिंग और त्वरित चिकित्सा सेवा जरूरी है. सही समय पर इलाज और सावधानी बरतने से सांप के विषैले प्रभाव को रोका जा सकता है और जान बचायी जा सकती है.

इसे भी पढ़ें

Jharkhand Weather: 3 डिग्री तक गिरेगा झारखंड का अधिकतम तापमान, जानें आज कैसा रहेगा मौसम

Dry Day in Gumla: 15 अगस्त को झारखंड के इस जिले में ड्राइ डे, मांस की बिक्री पर भी प्रतिबंध

Durga Puja 2025: रांची में इस जगह मां दुर्गा के भक्त देखेंगे वेटिकन सिटी, पंडाल का हुआ भूमि पूजन

Shravani Mela 2025: देवघर में बाबा बैद्यनाथ के मंदिर में पूजा, शृंगार का बदल गया है समय, नया समय यहां जानें

विज्ञापन
Mithilesh Jha

लेखक के बारे में

By Mithilesh Jha

मिथिलेश झा PrabhatKhabar.com में पश्चिम बंगाल राज्य प्रमुख (State Head) के रूप में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 32 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है. उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि और अन्य समसामयिक विषयों पर केंद्रित रही है, जिससे वे क्षेत्रीय पत्रकारिता में एक विश्वसनीय और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित हुए हैं. अनुभव : पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में 3 दशक से अधिक काम करने का अनुभव है. वर्तमान भूमिका : प्रभात खबर डिजिटल (prabhatkhabar.com) में पश्चिम बंगाल के स्टेट हेड की भूमिका में हैं. वे डिजिटल न्यूज कवर करते हैं. तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता को प्राथमिकता देते हैं. वर्तमान में बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 पर पूरी तरह से फोकस्ड हैं. भौगोलिक विशेषज्ञता : उनकी रिपोर्टिंग का मुख्य फोकस पश्चिम बंगाल रहा है, साथ ही उन्होंने झारखंड और छत्तीसगढ़ की भी लंबे समय तक ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग की है, जो उनकी क्षेत्रीय समझ और अनुभव को दर्शाता है. मुख्य विशेषज्ञता (Core Beats) : उनकी पत्रकारिता निम्नलिखित महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों में गहरी विशेषज्ञता को दर्शाती है :- राज्य राजनीति और शासन : झारखंड और पश्चिम बंगाल की राज्य की राजनीति, सरकारी नीतियों, प्रशासनिक निर्णयों और राजनीतिक घटनाक्रमों पर निरंतर और विश्लेषणात्मक कवरेज. सामाजिक मुद्दे : आम जनता से जुड़े सामाजिक मुद्दों, जनकल्याण और जमीनी समस्याओं पर केंद्रित रिपोर्टिंग. जलवायु परिवर्तन और नवीकरणीय ऊर्जा : पर्यावरणीय चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और रिन्यूएबल एनर्जी पहलों पर डेटा आधारित और फील्ड रिपोर्टिंग. डाटा स्टोरीज और ग्राउंड रिपोर्टिंग : डेटा आधारित खबरें और जमीनी रिपोर्टिंग उनकी पत्रकारिता की पहचान रही है. विश्वसनीयता का आधार (Credibility Signal) : तीन दशकों से अधिक की निरंतर रिपोर्टिंग, विशेष और दीर्घकालिक कवरेज का अनुभव तथा तथ्यपरक पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता ने मिथिलेश झा को पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के लिए एक भरोसेमंद और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola