शहीदों के बच्चों के लिए खुलेगा 'दिशोम गुरु शिबू सोरेन स्कूल': जगुआर कैंपस में होगा निर्माण, CM हेमंत ने दी हरी झंडी

शिबू सोरेन आवासीय विद्यालय का डिजाइन जिसे मुख्यमंत्री द्वारा हरी झंडी मिली है
Shibu Soren Residential School: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के जगुआर कैंपस में 'दिशोम गुरु शिबू सोरेन आवासीय विद्यालय' के निर्माण को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की. यह स्कूल शहीद पुलिसकर्मियों, सेना और अर्धसैनिक बलों के बच्चों को कक्षा 6 से 12 तक विश्वस्तरीय शिक्षा और आवासीय सुविधा प्रदान करेगा. इसके साथ ही होटवार के जैप-10 में पुलिस परिवारों के लिए एक आधुनिक अस्पताल के संचालन पर भी मुहर लगी है. जानिए, क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी इन नए संस्थानों में.
Shibu Soren Residential School, रांची, (सुनील चौधरी की रिपोर्ट): मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को झारखंड मंत्रालय में राज्य के शहीद पुलिसकर्मियों, सेना (आर्मी) और सेंट्रल पारा मिलिट्री फोर्स (सीपीएमएफ) के जवानों के बच्चों के भविष्य को लेकर एक बड़ा फैसला लिया. रांची के रिंग रोड स्थित जगुआर कैंपस में ‘दिशोम गुरु शिबू सोरेन आवासीय विद्यालय’ का निर्माण किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जगुआर कैंपस में ही जल्द से जल्द भूमि चिह्नित करने और निर्माण कार्य शुरू करने का कड़ा निर्देश दिया है.
स्मार्ट सुविधाएं और उच्चस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर
अधिकारियों ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए प्रस्तावित विद्यालय की रूपरेखा प्रस्तुत की. मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि इस स्कूल का संचालन ‘स्कूल ऑफ एक्सीलेंस’ की तर्ज पर किया जाए. कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग हॉस्टल, स्मार्ट क्लासरूम, लाइब्रेरी, आईसीटी लैब और आधुनिक खेल मैदान विकसित किए जाएंगे. सीएम ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए.
पुलिस परिवारों के लिए होटवार में 50 बेड का अस्पताल
बैठक में केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य पर भी बड़ा निर्णय लिया गया. जैप-10 होटवार में पुलिस परिवारों के लिए एक अस्पताल का निर्माण प्रस्तावित है, जिसका संचालन पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मोड पर होगा. शुरुआत में यह अस्पताल 50 बेड का होगा, जिसे जरूरत पड़ने पर 100 बेड तक अपग्रेड किया जा सकेगा. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए.
बैठक में मौजूद रहे दिग्गज अधिकारी
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह सचिव वंदना दादेल, स्वास्थ्य सचिव अजय कुमार सिंह, डीजीपी तदाशा मिश्रा सहित शिक्षा और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे. अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि स्कूल के लिए डीपीआर (DPR) तैयार हो चुका है और जमीन चिह्नीकरण का काम अंतिम चरण में है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




