बंगाल में थमा फेज-2 का प्रचार, भवानीपुर में ममता-शुभेंदु की प्रतिष्ठा दांव पर, पीएम मोदी का ‘आजादी’ का नारा, दीदी का ‘100 पार’ का दावा

West Bengal Election 2026 Phase 2 Vote Details
West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 के दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को मतदान होगा. प्रचार के आखिरी दिन पीएम मोदी और ममता बनर्जी के बीच तीखी जुबानी जंग दिखी. 142 सीटों पर 3.21 करोड़ वोटर करेंगे फैसला.
West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण के लिए सोमवार शाम को चुनाव प्रचार का शोर थम गया. इस चरण में राज्य के 8 जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होना है. प्रचार के आखिरी दिन सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) और मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने एक-दूसरे पर तीखे हमले किये.
3.21 करोड़ वोटर के हाथ सत्ता की चाबी
भारतीय जनता पार्टी ने भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, घुसपैठ और तृणमूल कांग्रेस ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाये जाने जैसे मुद्दों ने इस बार के चुनाव प्रचार को बेहद गर्मा दिया. 29 अप्रैल की शाम ईवीएम में बंद होने वाला 3.21 करोड़ वोटर का जनादेश 4 मई को बंगाल का भविष्य तय करेगा.
PM मोदी का वादा- मुझे वोट दो, मैं जंगलराज से आजादी दूंगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रचार के दौरान भाजपा का विजय संकल्प दोहराया. उन्होंने बनगांव में मतुआ समुदाय को सीएए के तहत नागरिकता और स्थायी निवास का भरोसा दिया. उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नारे की तर्ज पर कहा- तुम भाजपा को वोट दो, मैं तुम्हें तृणमूल के महाजंगलराज से आजादी दिलाऊंगा. पीएम ने ठनठनिया कालीबाड़ी में पूजा की और बंगाल को भयमुक्त करने का संकल्प लिया.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
ममता बनर्जी का पलटवार- हम पार कर चुके हैं 100 का आंकड़ा
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा के दावों को सिरे से खारिज करते हुए अपनी जीत का भरोसा जताया. दीदी ने कहा कि 23 अप्रैल को हुए 152 सीटों के पहले चरण में ही टीएमसी 100 सीटें जीत चुकी है. अब बाकी 142 सीटों पर दो-तिहाई बहुमत की लड़ाई है.
इसे भी पढ़ें : बंगाल में वोटर को धमकाने वालों की खैर नहीं, सीईओ का डीजीपी को पत्र- उपद्रवियों को तुरंत करें गिरफ्तार
अमित शाह को चुनौती, एसआईआर पर सवाल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ‘उल्टा लटकाने’ वाली टिप्पणी पर ममता बनर्जी ने तीखी प्रतिक्रिया दी. बंगाल की चीफ मिनिस्टर ने इसे असंवैधानिक बताते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी. मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची से नाम काटे जाने पर निर्वाचन आयोग के अधिकारियों को पक्षपात न करने की चेतावनी भी दी.
इसे भी पढ़ें : बंगाल चुनाव 2026: नंदीग्राम से दिनहाटा तक वो स्विंग सीटें जो तय करेंगी अगली सरकार
शाह के 3000 रुपए बनाम अभिषेक का 15 लाख वाला तंज
गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल में सत्ता में आने पर महिलाओं और बेरोजगारों को हर महीने 3,000 रुपए की आर्थिक सहायता और मुफ्त बस यात्रा का वादा किया. अभिषेक बनर्जी ने भाजपा को पुराने वादों की याद दिलाते हुए पूछा कि 15 लाख रुपए और सालाना 2 करोड़ नौकरियों का क्या हुआ?
इसे भी पढ़ें : बंगाल में ममता का ‘चौका’ या भाजपा का ‘परिवर्तन’? 294 सीटों का पूरा गणित और 2 चरणों का चुनावी शेड्यूल, यहां जानें सब कुछ
West Bengal Election 2026: फेज-2 का नंबर गेम और सुरक्षा का घेरा
- मतदाता : कुल 3,21,73,837 वोटर (1.64 करोड़ पुरुष, 1.57 करोड़ महिलाएं और 792 थर्ड जेंडर).
- सुरक्षा बल : 7 जिलों में केंद्रीय बलों की 2,321 कंपनियां तैनात की गयी हैं. अकेले कोलकाता में 273 कंपनियां मोर्चा संभालेंगी.
- निगरानी : 41,001 मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग होगी और ड्रोन से निगरानी रखी जायेगी.
- हॉट सीट्स : भवानीपुर (ममता बनर्जी बनाम शुभेंदु अधिकारी), कोलकाता पोर्ट (फिरहाद हकीम), भाटपाड़ा, संदेशखाली और जादवपुर जैसी सीटों पर सबकी नजर है.
- सबसे ज्यादा और सबसे कम उम्मीदवार : भांगड़ में सबसे अधिक 19 उम्मीदवार और गोघाट में सबसे कम 5 प्रत्याशी मैदान में हैं.
इसे भी पढ़ें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मिथिलेश झा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










