रांची विश्वविद्यालय में पीएचडी की रिक्त सीटों की जानकारी वेबसाइट पर अपलोड करना अनिवार्य

बैठक में उपस्थित विवि के अधिकारी
रांची विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया में बड़े बदलाव किए गए हैं. अब विभागवार रिक्त सीटों की जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड करना अनिवार्य होगा. यह निर्णय यूजीसी के नए मानकों के अनुरूप लिया गया है.
Ranchi University : रांची विवि में अब पीएचडी के लिए विभागवार/विषयवार रिक्त सीटों की जानकारी विवि की वेबसाइट पर अपलोड करना अनिवार्य होगा. वहीं, गाइड का चयन कर शोधार्थी को भेजने की जिम्मेवारी अब संबंधित विभागाध्यक्ष की होगी. उक्त निर्णय शनिवार को रांची विवि पीएचडी रेगुलेशन-2022 व एसओपी तैयार करनेवाली उच्चस्तरीय बैठक में लिये गये.
यूजीसी मानकों के अनुरूप बनेगी नई पीएचडी एसओपी
बैठक की अध्यक्षता सीपीआरएचइ-निपा, नयी दिल्ली के प्रो पीके मिश्र ने की. विवि मुख्यालय स्थित कुलपति सभागार में आयोजित इस बैठक में यूजीसी ड्राफ्ट के मानकों के अनुरूप पीएचडी एसओपी तैयार करने का निर्णय लिया गया. निर्णय लिया गया कि विवि पीएचडी प्रवेश परीक्षा में झारखंड पात्रता परीक्षा व राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा से उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए भी सीटें सुरक्षित रहेंगी.
नए पीएचडी परिनियम पर हुई विस्तृत चर्चा
यूजीसी मापदंड के अनुरूप ही शिक्षकों के निर्देशन में शोध रजिस्ट्रेशन का कोटा निर्धारित रहेगा. बैठक में विवि के रिसर्च निदेशक डॉ परवेज हसन द्वारा तैयार किये गये पीएचडी एसओपी नये परिनियम पर विस्तृत चर्चा हुई. निर्णय लिया गया कि इस परिनियम व एसओपी को राज्य के सभी विवि में मॉडल के रूप में पेश किया जायेगा.
राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों की मौजूदगी में हुई समीक्षा
डॉ हसन ने कहा कि रांची विवि की कुलपति प्रो सरोज शर्मा ने गुणवत्तायुक्त शोध पर विशेष ध्यान दिया है. उनके निर्देशन में ही नीति और एसओपी को अंतिम रूप दिया जा रहा है. बैठक में गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विवि से प्रो गुलशन धामीजा, केंद्रीय विवि राजस्थान से प्रो बीसी महापात्रा, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि से प्रो सीमा धवन सहित रांची विवि के डीएसडब्ल्यू डॉ सुदेश कुमार साहू, रजिस्ट्रार डॉ आरके शर्मा, डॉ नीरज कुमार, डॉ राज कुमार सिंह आदि उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें- रूस की क्रीमिया फेडरल यूनिवर्सिटी से डॉ. अनन्य नमन केशरी बने एमबीबीएस, पिठोरिया में खुशी का माहौल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रिया गुप्ता
प्रिया गुप्ता पिछले एक साल से प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










