रांची में दो घंटे की बारिश में सड़कें बनीं तालाब, घरों में घुसा पानी

Updated:
विज्ञापन

कोकर के खोरहाटोली स्थित पुल बारिश के पानी में पूरी तरह डूब गया.

रांची में हुई भारी बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. डेढ़ से दो घंटे की बारिश में कई प्रमुख सड़कें तालाब बन गईं और निचले इलाकों के घरों में पानी घुस गया. लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

विज्ञापन

Ranchi Waterlogging News: झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार दोपहर हुई मूसलाधार बारिश ने नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. करीब डेढ़ से दो घंटे की तेज बारिश के बाद शहर की कई प्रमुख सड़कें तालाब में तब्दील हो गयीं. कई इलाकों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों को सड़क और गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया. जलजमाव के कारण कई वाहन बीच सड़क पर बंद हो गये और जगह-जगह लंबा जाम लग गया. काली टावर, लालपुर, जयपाल सिंह स्टेडियम, बकरी बाजार, सेवा सदन पथ और लाइन टैंक तालाब के पास सबसे अधिक परेशानी देखने को मिली. करीब एक घंटा तक यातायात प्रभावित रहा. बाद में पानी कम होने पर स्थिति सामान्य हो सकी. 

आपके शहर में

विज्ञापन

सेवा सदन पथ फिर बना तालाब

बारिश के दौरान सेवा सदन पथ पूरी तरह जलमग्न हो गया. दूर-दूर तक सड़क पर सिर्फ पानी ही नजर आ रहा था. कई वाहनों के इंजन पानी में डूब गये और चालक बीच सड़क पर फंस गये. इस कारण करीब दो घंटे तक इस मार्ग पर आवाजाही बाधित रही.

आठ साल से नहीं बदली हलधर प्रेस गली की तस्वीर

हलधर प्रेस गली की तस्वीर पिछले आठ वर्षों में भी नहीं बदली है. हर बरसात में जलजमाव झेल रहे इस इलाके में एक बार फिर बारिश का पानी घरों में घुस गया. घरों में रखा सामान पानी में तैरने लगा. स्थानीय लोगों का कहना है कि सांसद, विधायक और नगर निगम के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गयी, लेकिन आज तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है.

खोरहाटोली पुल के ऊपर से बह रहा था पानी

खोरहाटोली स्थित पुल भी बारिश के पानी में पूरी तरह डूब गया. पुल के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी गुजर रहा था, जिससे वाहन चालक पुल पार करने का साहस नहीं जुटा सके. ज्ञात हो कि कुछ वर्ष पहले इसी पुल से हजारीबाग निवासी उमेश राणा पानी के तेज बहाव में बह गये थे. इसके बावजूद पुल की ऊंचाई बढ़ाने या स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई. 

इन इलाकों में भी जलजमाव से बढ़ी परेशानी

  • रांची रेलवे स्टेशन के बाहर जलजमाव के कारण यातायात प्रभावित रहा. सड़क पर अस्थायी रूप से वन-वे व्यवस्था लागू करनी पड़ी.
  • स्टेशन स्थित ओवरब्रिज के नीचे नालियों का काला पानी सड़क पर फैल गया. वहीं, साइलेंसर में पानी घुसने से कई वाहन बंद हो गये. लोगों को धक्का देना पड़ा.
  • काली टावर के समीप सड़क पर करीब दो फीट पानी भर जाने से जाम लग गया. वहीं, वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
  • कचहरी रोड स्थित गणगौर गली में बारिश का पानी कई घरों और अपार्टमेंट के बेसमेंट तक पहुंच गया.
  • होटल लीलैक के सामने जाम नाली के कारण पानी सड़क पर बहने लगा और आसपास के कई गैराज में घुस गया.
  • मेन रोड स्थित दुर्गा बाड़ी मंदिर के अंदर बारिश का पानी घुस गया. इससे श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
  • पुंदाग स्थित तारा नगर पूरी तरह से जलमग्न हो गया. बारिश के कारण लोग यहां घरों में कैद हो गये.
  • बांधगाड़ी दीपाटोली में निर्माणाधीन नाली बारिश के पानी में पूरी तरह से डूब गयी. लोग हाथ में डंडा लेकर यहां से पार हो रहे थे.

ये भी पढ़ें- रूस की क्रीमिया फेडरल यूनिवर्सिटी से डॉ. अनन्य नमन केशरी बने एमबीबीएस, पिठोरिया में खुशी का माहौल

ये भी पढ़ें- 'कई अधिकारी न समय पर पत्रों का जवाब देते हैं, ना ही फोन उठाते हैं', वित्त मंत्री ने अपर मुख्य सचिव को लिखी चिट्ठी


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola