ePaper

News of potato shortage in Jharkhand : ममता अड़ीं, कहा- बाहर नहीं जायेगा आलू, झारखंड में दो रुपये पांच रुपचे तक बढ़े दाम

Updated at : 03 Dec 2024 1:16 AM (IST)
विज्ञापन
News of potato shortage in Jharkhand : ममता अड़ीं, कहा- बाहर नहीं जायेगा आलू, झारखंड में दो रुपये पांच रुपचे तक बढ़े दाम

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को राज्य विधानसभा में आलू की किल्लत और बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाया. साथ ही कहा है कि फिलहाल आलू का अंतरराज्यीय व्यापार पर रोक जारी रहेगी. उधर, सोमवार को ही खाद्य भवन में प बंगाल के कृषि विपणन मंत्री बेचाराम मन्ना ने आलू व्यवसायियों और कोल्ड स्टोर के मालिकों के संगठनों के साथ त्रिपक्षीय बैठक की, जो बेनतीजा रही.

विज्ञापन

कोलकाता/रांची. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को राज्य विधानसभा में आलू की किल्लत और बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाया. साथ ही कहा है कि फिलहाल आलू का अंतरराज्यीय व्यापार पर रोक जारी रहेगी. उधर, सोमवार को ही खाद्य भवन में प बंगाल के कृषि विपणन मंत्री बेचाराम मन्ना ने आलू व्यवसायियों और कोल्ड स्टोर के मालिकों के संगठनों के साथ त्रिपक्षीय बैठक की, जो बेनतीजा रही. दूसरे राज्यों में आलू भेजने को लेकर सरकार की ओर से कोई आश्वासन नहीं मिलने पर पूर्व घोषणा के अनुसार सोमवार आधी रात से आलू व्यवसायी हड़ताल पर चले गये. इधर, प बंगाल से आवक कम होने के कारण झारखंड में आलू की किल्लत बढ़ गयी है. राज्य में खुदरा में आलू की कीमत प्रति किलो दो से लेकर पांच रुपये तक बढ़ गयी है.

मुनाफाखोरों की वजह से राज्य में आलू की किल्लत : ममता

इससे पहले प बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने विधानसभा में नाराजगी जताते हुए कहा कि बंगाल सरकार और मुख्यमंत्री कार्यालय को अंधेरे में रख कर आलू-प्याज दूसरे राज्यों को भेजा जा रहा है. इस वजह से राज्य के बाजारों में आलू की कीमतें बढ़ती जा रही हैं. इसका लोगों की जेब पर असर पड़ रहा है. सुश्री बनर्जी ने कहा कि आलू उत्पादन में प बंगाल देश में दूसरे स्थान पर है. फिर भी कुछ मुनाफाखोरों की वजह से राज्य में आलू की किल्लत है. आलू-प्याज दूसरे राज्यों में भेजे जाने से पहले बंगाल को प्राथमिकता दी जाये. उन्होंने टास्क फोर्स को निर्देश दिया है कि वह दूसरे राज्यों में भेजे जा रहे आलू पर नजर रखे.

बंगाल में व्यवसायियों की बैठक आज

प बंगाल के आलू व्यवसायियों ने सोमवार को हड़ताल की घोषणा करते हुए कहा कि मंगलवार को प्रगतिशील आलू व्यवसायी समिति की राज्य कमेटी की आपात बैठक होगी. व्यवसायियों ने बताया कि मंत्री के साथ हुई बैठक में दूसरे राज्यों में आलू भेजने को लेकर छूट देने का आग्रह किया, जिसे मंत्री ने ठुकरा दिया. आलू व्यवसायियों ने बताया कि इस समय बंगाल के 500 कोल्ड स्टोरेज में छह से साढ़े छह लाख मीट्रिक टन आलू पड़ा हुआ है. 31 दिसंबर तक सरकार ने कोल्ड स्टोरेज से आलू निकालने की समय सीमा दी है. दिसंबर में राज्य में आलू की मांग तीन से साढ़े तीन लाख मीट्रिक टन की होगी. ऐसे में दूसरे राज्यों में आलू भेजने के अलावा उनके पास कोई चारा नहीं रहेगा.

उत्तर प्रदेश से 20 ट्रक आलू पहुंचा, बंगाल से आवक नहीं

उत्तर प्रदेश से सोमवार को रांची की पंडरा स्थित थोक मंडी में 20 ट्रक आलू पहुंचा. यह आलू पंडरा में 28 रुपये प्रति किलो की दर से बिका. आलू की आवक अधिक रहने और बाजार में नया आलू आ जाने के कारण आलू की कमी पर खासा असर नहीं पड़ा. वहीं, बंगाल से सोमवार को भी आलू नहीं आया है. इस कारण फिलहाल कीमतों में दो रुपये प्रति किलो की तेजी है. रांची के खुदरा बाजार में सादा आलू 30 से 35 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है. वहीं, नया आलू 40 से 45 रुपये प्रति किलो की दर से बिका. नया आलू भी काफी मात्रा में बाजार में पहुंचने लगा है. वहीं, प्याज थोक मंडी में 42 रुपये प्रति किलो की दर से बिका, जबकि खुदरा बाजार में प्याज 45 से 50 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है. उधर, आलू की किल्लत को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में सोमवार को विक्रेताओं की बैठक हुई. इसमें उपायुक्त ने विक्रेताओं से कहा कि किसी भी प्रकार की किल्लत नहीं होनी चाहिए और इसकी कीमत में भी बढ़ोतरी नहीं होनी चाहिए. व्यापारियों ने उपायुक्त को आश्वस्त किया कि वे किसी प्रकार की कमी नहीं होने देंगे. वे लोग उत्तर प्रदेश के व्यापारियों से संपर्क में है और वहां से मांग के अनुरूप आलू मंगा रहे हैं.

जरूरत पड़ी, तो मैं खुद भी बात करूंगा : हेमंत

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान एक सवाल के जवाब में कहा : पश्चिम बंगाल से आलू की आवक रोके जाने के मामले में अभी मुख्य सचिव के स्तर पर बात हो रही है. जरूरत पड़ेगी, तो मैं खुद भी बंगाल सरकार से बात करूंगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola