Jharkhand Weather: उत्तर भारत में एक सप्ताह के भीतर दो-दो पश्चिमी विक्षोभ का असर मौसम पर पड़ेगा. मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि इन दो पश्चिमी विक्षोभ की वजह से तापमान की आंख-मिचौनी अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगी. यानी कभी तापमान में थोड़ी वृद्धि होगी, तो कभी तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है. हालांकि, इन वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से तापमान में बहुत ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा.
भारत मौसम विज्ञान विभाग के रांची स्थित मौसम केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 18 जनवरी की रात से उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ बनता दिख रहा है. पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में इसका असर देखा जा सकेगा. इसके बाद 20 जनवरी की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और 22 जनवरी की रात से पश्चिमी हिमालय से सटे मैदानी इलाकों में एक और पश्चिमी विक्षोभ तैयार होता दिख रहा है. इसकी वजह से तापमान में कभी थोड़ी कमी आयेगी, तो कभी थोड़ी वृद्धि हो सकती है.
मौसम केंद्र रांची के कार्यालय प्रमुख और मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने यह भी कहा कि पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा. कुछ जगहों पर हल्के दर्जे का कोहरा भी देखा गया. उन्होंने बताया कि इस दौरान जमशेदपुर का तापमान सबसे ज्यादा 28.1 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान खूंटी में 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. उन्होंने बताया कि राज्य के दक्षिणी तथा निकटवर्ती मध्य भागों में 17 जनवरी को सुबह कोहरा छाया रह सकता है. आंशिक बादल भी छाये रहने की संभावना है. इसी तरह 19 और 20 जनवरी को भी कहीं-कहीं सुबह में कोहरा छाया रह सकता है. धुंध भी हो सकती है. बाद में आंशिक बादल छाये रहने के भी अनुमान हैं.
राजधानी रांची में 20 जनवरी तक सुबह में कोहरा या धुंध छाये रहने का अनुमान है, जबकि बाद में आसमान में आंशिक बादल छाये रहेंगे. रांची के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी. अधिकतम तापमान धीरे-धीरे बढ़कर 24 डिग्री से 27 डिग्री पर पहुंच जायेगा, जबकि न्यूतनम तापमान जो आज 9 डिग्री सेल्सियस है, धीरे-धीरे बढ़कर 20 जनवरी तक 14 डिग्री पहुंच जाने का अनुमान है.
उल्लेखनीय है कि सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है. वहीं, न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम है. पिछले 24 घंटे के दौरान राजधानी के अधिकतम तापमान में 1.5 और न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी.
जमशेदपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री कम रहा. लौहनगरी जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा. पिछले 24 घंटे के दौरान जमशेदपुर का उच्चतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस गिरा, जबकि न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री की वृद्धि हुई. इस शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया.

पलामू के जिला मुख्यालय डालटेनगंज में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक है. 24 घंटे में इसमें 2.1 फीसदी की गिरावट आयी है. उच्चतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री कम है. पिछले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी. डालटेनगंज का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया.

