Jharkhand Election 2024: अब भी जारी है पाला बदलने का खेल, कोई बना भगवाधारी तो किसी ने थामा तीर धनुष
Published by : Sameer Oraon Updated At : 17 Nov 2024 10:25 AM
Jharkhand Assembly Election
Jharkhand Election 2024: झारखंड विधानसभा चुनाव में दलबदल का खेल जारी है. कोई बीजेपी में जा रहा है तो कोई झामुमो का दामन थाम रहा है. हाल ही में दिनेश विलियम मरांडी ने बीजेपी का दामन थाम लिया है.
Jharkhand Election 2024, रांची : झारखंड में दूसरे चरण का चुनाव 20 नवंबर को है. इसको लेकर जहां जोर-शोर से प्रचार किया जा रहा है. राज्य में सियासी पारा भी गरम है. अमूमन चुनाव की घोषणा होने और टिकट बंटवारे के दौरान पार्टियों में पाला बदलने का खेल चलता है. पर झारखंड में यह खेल अभी भी जारी है. कोई झामुमो में जा रहा है, तो कोई भगवाधारी बन रहा है. लिट्टीपाड़ा के विधायक दिनेश विलियम मरांडी ने बागी होकर शुक्रवार को भाजपा का दामन थाम लिया था.
झामुमो के दिनेश विलियम मरांडी ने थामा भाजपा का दामन
झामुमो ने दिनेश विलियम मरांडी को टिकट नहीं दिया था. इसके बाद से वह नाराज चल रहे थे. उनकी जगह पर झामुमो ने हेमलाल मुर्मू को टिकट दिया है. दूसरा खेल शनिवार को गृह मंत्री अमित शाह की राजधनवार में हुई रैली के दौरान हुआ. धनवार से निर्दलीय प्रत्याशी निरंजन राय चुनाव के ठीक चार दिन पहले भरी मंच पर भाजपा में शामिल हो गये और धनवार से भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल मरांडी के लिए वोट करने की अपील की. इसके पहले शनिवार की सुबह में उनके घर जाकर असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्वा सरमा और गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने उन्हें मनाया और सभा में ले गये. भाजपा ने बरहेट से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रस्तावक बने मंडल मुर्मू को भी तोड़ कर भाजपा में शामिल करा लिया.
झामुमो ने भी चलाया है तीर, किये हैं कई शिकार
चुनाव में टिकट बंटवारे के दौरान झामुमो ने भी अपना तीर चलाया था. भाजपा की नेता व पूर्व मंत्री लुईस मरांडी को पार्टी में शामिल कराकर उन्हें जामा से चुनाव मैदान में उतार दिया. भाजपा नेता कुणाल षाड़ंगी को भी पार्टी में शामिल कराया. जेएलकेएम के नेता अमित महतो को भी झामुमो में शामिल कराकर उन्हें सिल्ली से टिकट दिया. आजसू के उपाध्यक्ष उमाकांत रजक को भी पार्टी में शामिल कराकर चंदनकियारी से उन्हें टिकट दिया गया. सरायकेला से भाजपा नेता गणेश महली को भी झामुमो ने पार्टी में शामिल कराकर टिकट दिया है. राजद नेता चुन्ना सिंह को भी पार्टी में शामिल कराकर उन्हें सारठ से उम्मीदवार बनाया. इसके अलावा भाजपा के प्रणव वर्मा, हजारीबाग की भाजपा नेता अंजली कुमारी समेत कई नेता पार्टी में शामिल हो चुके हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










