प्रखंडों में झारखंड बंद का मिलाजुला असर, कई जगह सड़क जाम

Updated:
विज्ञापन

रांची

भाजपा द्वारा आहूत झारखंड बंद का रांची के विभिन्न प्रखंडों में मिलाजुला असर दिखा. कई जगहों पर सड़क जाम और प्रदर्शन के कारण जनजीवन प्रभावित रहा.

विज्ञापन

रांची. शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा द्वारा आहूत झारखंड बंद का मंगलवार को रांची जिले के विभिन्न प्रखंडों में मिलाजुला असर रहा. रातू, अनगड़ा और कुछ अन्य क्षेत्रों में बंद का व्यापक असर दिखा, जबकि मांडर, चान्हो और इटकी में दुकानें व प्रतिष्ठान खुले रहे. कई स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, जिसके कारण कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा.

रातू में पश्चिमी मंडल अध्यक्ष सुबोध कुमार साहू और पूर्वी मंडल अध्यक्ष अमित गोप के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने काठीटांड चौक पर दुकानें बंद करायी. अधिकांश दुकानें, व्यापारिक प्रतिष्ठान और निजी शिक्षण संस्थान बंद रहे. बैंक व सरकारी कार्यालय खुले रहे, लेकिन उपस्थिति कम रही. दोपहर में पुलिस ने 26 बंद समर्थकों को हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया.

डीएसपी मुख्यालय-टू अजय आर्यन और थाना प्रभारी आदिकांत महतो के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा. कांके में बंद का मिलाजुला असर रहा. भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांके चौक और बोड़ेया तीनकोनिया चौक पर सड़क जाम कर टायर जलाए. दोपहर तक क्षेत्र की अधिकांश दुकानें बंद रहीं, जबकि सरकारी संस्थान खुले रहे. हटिया में भाजपा मंडल अध्यक्ष सुप्रिया दुबे के नेतृत्व में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया गया.

हटिया, पटेल नगर, सिंह मोड़ और बिरसा चौक के दुकानदारों ने दुकानें बंद रखकर बंद का समर्थन किया. नामकुम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोवाडीह चौक और नामकुम बाजार चौक पर टायर जलाकर रांची-जमशेदपुर मार्ग जाम किया. पुलिस ने लोवाडीह से 12 और नामकुम से 17 बंद समर्थकों को हिरासत में लिया, जिन्हें शाम को पीआर बांड पर छोड़ दिया गया. बेड़ो में मंडल अध्यक्ष बलराम सिंह के नेतृत्व में प्रखंड परिसर से जुलूस निकाला गया.

महावीर चौक पर टायर जलाकर सड़क जाम की गयी. पुलिस से वार्ता के बाद जाम हटा लिया गया. इटकी में बंद का मिला-जुला असर रहा. रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही कम रही, जबकि यात्री बसों का परिचालन प्रभावित रहा. हालांकि बाजार और सरकारी-गैर सरकारी प्रतिष्ठान खुले रहे. मांडर में बंद का खास असर नहीं दिखा. दुकानें, कार्यालय और प्रतिष्ठान खुले रहे.

भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चौक पर टायर जलाकर कुछ देर एनएच जाम किया. चान्हो में भी बंद का आंशिक असर रहा. दुकानें और कार्यालय खुले रहे तथा वाहनों का परिचालन सामान्य रहा. भाजपा कार्यकर्ताओं ने कुछ देर सड़क बाधित की, लेकिन पुलिस की पहल पर जाम हटा लिया.

अनगड़ा में बंद का व्यापक असर रहा. गोंदलीपोखर में पूर्व विधायक रामकुमार पाहन समेत भाजपा नेताओं के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रांची-मुरी मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया. आंदोलनकारियों ने छात्रों के साथ न्याय और जेपीएससी-जेएसएससी नियुक्ति मामले की सीबीआई जांच की मांग की. थाना प्रभारी गौतम रजवार के समझाने पर करीब 11:30 बजे जाम हटाया गया. पिस्का नगड़ी में बंद का मिलाजुला असर रहा. निजी स्कूल बंद रहे, जबकि बाजार की दुकानें खुली रहीं.

भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगड़ी चेकपोस्ट चौक पर टायर जलाकर और बांस-बल्ली लगाकर रांची-गुमला मार्ग करीब आधे घंटे तक जाम किया. पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बाद में छोड़ दिया. मेसरा में ग्रामीण जिला अध्यक्ष नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में रिंग रोड गोलंबर, नेवरी चौक, विकास चौक और बीआईटी चौक पर सड़क जाम की गयी. पुलिस ने करीब 25 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर जाम हटवाया. शाम को सभी को छोड़ दिया गया. बंद के दौरान सुबह दुकानें बंद रहीं, जबकि दोपहर बाद बाजार और आवागमन सामान्य हो गया.


विज्ञापन
Satyaprakash Pathak

लेखक के बारे में

By Satyaprakash Pathak

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola