रांची में गृह मंत्री शाह का रोड शो

Updated at : 18 May 2024 2:57 PM (IST)
विज्ञापन
रांची में गृह मंत्री शाह का रोड शो

गृहमंत्री अमित शाह का चुटिया में रोड शो के दौरान इंदिरा गांधी चौक पर उनका भव्य स्वागत किया गया. रांची लोकसभा चुनाव से ठीक 10 दिन पहले गृहमंत्री के रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी.

विज्ञापन

रांची. गृहमंत्री अमित शाह का चुटिया में रोड शो के दौरान इंदिरा गांधी चौक पर उनका भव्य स्वागत किया गया. रांची लोकसभा चुनाव से ठीक 10 दिन पहले गृहमंत्री के रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी. इस रोड शो के जरिये अमित शाह रांची लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ के पक्ष में एक बड़ा चुनावी संदेश दिया. कार्यकर्ता हाथों में ””मैं हूं मोदी का परिवार का कटाउट्स था. कई कार्यकर्ता केसरिया रंग की टीशर्ट पहने स्वागत जयघोष कर रहे थे. बीच-बीच में जय श्री राम का नारा वातावरण गूंज रहा था. पुलिस ने शाह की सुरक्षा को लेकर सड़क के दानों ओर बैरिकेडिंग की गयी थी. रोड शो के लिए बैरिकेडिंग के बीच में दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह बंद कर दिया गया था. शाह के चारों तरफ गृह मंत्रालय के अधिकारी और सीआरपीएफ का मजबूत वीआइपी सुरक्षा घेरा था. कार्यकर्ता कतारबद्ध होकर दोनों ओर उनके स्वागत में खड़े थे. बीच-बीच में सुरक्षाकर्मी उन्हें पीछे हटने को कह रहे थे. रोड शो के दौरान सांसद संजय सेठ के साथ प्रदेश और महानगर स्तर के कई नेता उनके साथ दिखे. 500 महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में आगे-आगे चल रही थी.

स्वागत के लिए जबर्दस्त उत्साह

गृहमंत्री के स्वागत के लिए पूरे रास्ते को फूल-माला और भाजपा के झंडों से सजाया गया था. इस दौरान झारखंडी लोक-संगीत के बीच कार्यकर्ता उत्साह में नारा लगा रहे थे. बड़ी संख्या में केसरिया टोपी पहनीं महिला कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ उनके स्वागत में खड़ी थीं. उनके द्वारा नृत्य के साथ ही जोर-जोर से जय श्री राम और अबकी बार 400 पर के तारों का उद्घोष किया जा रहा था. मां-पिता अपने छोटे बच्चों को गोद में लिए शाह का अभिनंदन के लिए खड़े थे. गृहमंत्री ने कमल का प्रतीक चिन्ह हाथों में पकड़ कर उन्हें हिलाते हुए उनका अभिवादन कर रहे थे.

हर सौ मीटर पर बने थे स्वागत मंच

चुटिया में अपर और लोअर चुटिया के हर सौ मीटर के हिस्से पर शाह के स्वागत के लिए खास मंच तैयार किये गये थे. इसके बीच में खाली जगह पर मंच बने थे. जगह-जगह रोशनी की व्यवस्था की गयी थी. सड़क के दोनों छोर पर भाजपा समर्थक हाथों में पूजा की थाली में फूल, दीपक लिए स्वागत में खड़े थे. अमित शाह के काफिले के आगे ढोल-नगाड़ों के साथ स्थानीय वेष-भूषा में कलाकार, नृत्य-गीत से समां बांध रहे थे.

महावीर मंडल रांची ने खास तरीके से किया शाह का स्वागत

अमित शाह के रोड शो के दौरान महावीर मंडल, रांची के द्वारा स्वागत मंच तैयार किये गये थे. इसमें वाराणसी की गंगा आरती की खास झलक देखने को मिली. पीतांबर वस्त्र धारण किये युवा हाथों में डमरू और दीप थामे शाह का स्वागत अपने अंदाज में करते दिखे. चुटिया महादेव मंडा के पास खास झांकी प्रदर्शित की गयी थी. राम-सीता, हनुमान, भगवान राम की वेशभूषण में लोग स्वागत कर रहे थे. देवी रूप धारण कर स्त्रियां हाथों में तलवार थामे गृहमंत्री का स्वागत किया.

सेल्फी लेने के लिए दिखा क्रेज

चुटिया की मुख्य सड़क के दोनों ओर बालकनी से लेकर छतों तक से लोगों के मोबाइल कैमरे शाह की तस्वीर उतारने के लिए बेताब रहे. क्या बच्चे और क्या बुजुर्ग हर कोई गृहमंत्री को अपने कैमरे की लेंस में कैद करने को बेताब दिखा. सबसे ज्यादा तादाद महिलाओं की दिखी. वह अमित शाह के रोड शो के हर कल्चरल इवेंट के दौरान खुद को गवाह के तौर पर पेश करना चाह रहे थे.

गुलाब और गेंदा फूलों की पंखुड़ियों से पट गयी सड़क

रोड शो के दौरान चुटिया मुख्य सड़क के करीब के हर मुंहाने पर लोगों का हुजूम जमा था. जैसे ही शाह का काफिला वहां से गुजरता छत, घरों की बालकनी और आसपास से फूलों की बारिश कर दी जाती. अमित शाह भी उनके अभिनंदन में गुलाब की पंखुड़ियों को मुट्ठी में भर उछाल देते. पूरी सड़क फूलों की पंखुड़ियों से पट गयी और वातावरण में फूलों की गंध फैल गयी.

गृहमंत्री के जाने के बाद जाम हो गयी सड़क

गृहमंत्री के रोड-शो समाप्त होने के साथ ही चुटिया मुख्य सड़क की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से बाधित रही. मुख्य सड़क से कनेक्टिंग सभी बाइलेन को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया था. रोड शो खत्म होने के बाद भी महादेव मंडा के पास लोगों को पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा था. आसपास के मार्ग को लगभग दो घंटे तक बंद रखने के बाद जैसे ही खोला गया सड़क लोगों से खचाखच भर गयी. इस मौके पर सीपी सिंह, जीतूचरण राम, राम कुमार पाहन, संजीव विजयवर्गीय, रमेश सिंह, मुनचून राय, कुणाल आजमानी, राहुल चौधरी, केके गुप्ता, वरुण साहु, आरती कुजूर आदि मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola