नक्सलवाद के खात्मे की ओर झारखंड: कोल्हान-सारंडा व लातेहार से 16 माओवादियों ने डाले हथियार

आत्मसमर्पण करते हुए नक्सली
झारखंड में ऑपरेशन नवजीवन-II के तहत कोल्हान, सारंडा और लातेहार से 16 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है. आत्मसमर्पण करने वालों में 15 लाख रुपये के इनामी संतोष उर्फ बासुदेव दा जैसे बड़े नक्सली भी शामिल हैं.
पंकज त्रिपाठी की रिपोर्ट
झारखंड में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान को मंगलवार को बड़ी सफलता मिली. कोल्हान और सारंडा के दुर्गम जंगल-पहाड़ी इलाकों में सक्रिय भाकपा (माओवादी) के शीर्ष कमांडरों और लातेहार जिले में सक्रिय दस्ते के कुल 16 नक्सलियों ने झारखंड पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के ऑपरेशन "नवजीवन-II" के तहत हुई, जिसे डीजीपी के निर्देशन में झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ, कोबरा और झारखंड जगुआर के संयुक्त दस्तों ने अंजाम दिया.
11 पुरुष और पांच महिलाएं शामिल
आत्मसमर्पण करने वालों में 11 पुरुष और पांच महिलाएं शामिल हैं. इनमें एक रीजनल कमांडर, तीन जोनल कमांडर, तीन सब-जोनल कमांडर, छह एरिया कमांडर और तीन दस्ता सदस्य शामिल हैं. इन नक्सलियों ने कुल 11 हथियार और 1562 राउंड गोलियां पुलिस के हवाले कीं. पुलिस के मुताबिक ये सभी भाकपा (माओवादी) के पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा उर्फ सागर जी और केंद्रीय कमेटी सदस्य असीम मंडल की टीम से जुड़े शीर्ष कमांडर व मारक दस्ते के सदस्य थे, जिन्हें कोल्हान-सारंडा के चप्पे-चप्पे की जानकारी थी.
15 लाख के इनामी संतोष उर्फ बासुदेव दा ने भी डाले हथियार
आत्मसमर्पित नक्सलियों में सबसे बड़ा नाम संतोष उर्फ बासुदेव दा है, जो गिरिडीह के पीरटांड़ थाना क्षेत्र का रहने वाला है. रीजनल कमांडर स्तर के इस नक्सली पर 128 आपराधिक मामले दर्ज हैं और उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था. खूंटी के अड़की थाना क्षेत्र के चंदन लोहरा (जोनल कमांडर, 78 कांड, 10 लाख इनामी) और लोहरदगा के अनिल तुरी उर्फ उज्जवल (सब-जोनल कमांडर, 22 कांड, 5 लाख इनामी) भी सरेंडर करने वालों में शामिल हैं

झारखंड और ओड़िशा के रहने वाले हैं नक्सली
पुलिस के मुताबिक इनमें से 15 नक्सली झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा), लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग, खूंटी, बोकारो, रांची, सरायकेला और गिरिडीह जिलों के स्थानीय निवासी हैं, जबकि एक सदस्य ओड़िशा के सुंदरगढ़ जिले का रहने वाला है. संगठन ने इन्हें पहले अपने दस्ते में शामिल कराया था.
खास बात यह है कि इसी दस्ते के आठ अन्य कमांडर व सदस्य (तीन पुरुष, पांच महिलाएं) झारखंड पुलिस के अभियानों से प्रभावित होकर छत्तीसगढ़ राज्य में भी आत्मसमर्पण कर रहे हैं. इनमें बीजापुर, सुकमा और नारायणपुर जिलों की जोनल व एरिया कमेटी के सदस्य शामिल हैं.
आत्मसमर्पित हथियार व गोला-बारूद
इंसास राइफल — 06,
AK-47 — 02,
HK-33 — 01,
US कार्बाइन — 01,
M-16 — 01
मैगजीन — कुल 38
कारतूस — कुल 1562 राउंड
अब तक 93 नक्सली गिरफ्तार
पुलिस मुख्यालय के मीडिया सेल के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक झारखंड में 93 नक्सली गिरफ्तार किए जा चुके हैं, 45 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है (मंगलवार के 16 सहित) और मुठभेड़ में 22 नक्सली मारे गए हैं. इससे पहले 21 मई 2026 को 27 नक्सल कमांडर व सदस्यों ने सरेंडर किया था, जबकि 13 जुलाई को शीर्ष कमांडर रवींद्र गंझू (20 लाख इनामी) की गिरफ्तारी और 17 जुलाई को अजय महतो उर्फ टाइगर (25 लाख इनामी) की गिरफ्तारी हुई थी.
पुलिस का दावा है कि लगातार बढ़ते दबाव और संगठन के भीतर आंतरिक शोषण-भयदोहन से क्षुब्ध होकर नक्सली मुख्यधारा में लौट रहे हैं, जिससे पश्चिमी सिंहभूम व आसपास के जिलों में माओवादी गतिविधियां लगभग समाप्ति के कगार पर पहुंच गई हैं. झारखंड पुलिस ने शेष बचे नक्सलियों से हिंसा का रास्ता छोड़कर सरकार की आत्मसमर्पण-पुनर्वास नीति का लाभ उठाने की अपील दोहराई है.
ये भी पढ़ें: हुसैनाबाद में ट्रक से 320 किलो गांजा बरामद, डेढ़ करोड़ से अधिक की खेप जब्त
ये भी पढ़ें: JSSC-JPSC नियुक्तियों की CBI जांच हो, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को मिले सजा : चंपाई सोरेन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By श्वेता वैद्य
श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में श्वेता झारखंड बीट को कवर कर रही हैं, जहां वह राज्य की ताजा खबरें, लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दे, सरकारी योजनाओं, स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विषयों पर आधारित स्टोरीज तैयार करती हैं. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.
झारखंड बीट से पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आर्टिकल लिखे.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










