ranchi news : परीक्षा सिर्फ अंकों तक सीमित नहीं रहती, यह धैर्य, समर्पण और आत्मविश्वास की भी परीक्षा : राज्यपाल

Updated:
विज्ञापन

ranchi news : अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (जिला स्कूल) में बच्चों और शिक्षकों के साथ प्रधानमंत्री के ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हुआ.

विज्ञापन

रांची. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (जिला स्कूल) में बच्चों और शिक्षकों के साथ प्रधानमंत्री के ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा. राज्यपाल ने कहा कि ‘परीक्षा पे चर्चा’ विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायी पहल है. यह न केवल परीक्षा संबंधी तनाव कम करने का माध्यम है, बल्कि विद्यार्थियों को आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच से आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देता है. राज्यपाल ने कहा कि परीक्षा सिर्फ अंकों तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह धैर्य, समर्पण और आत्मविश्वास की परीक्षा भी होती है. ‘परीक्षा पे चर्चा’ यह सिखाता है कि तनाव से मुक्त होकर आत्मविश्वास के साथ एक स्पष्ट योजना बनाकर परीक्षाओं का सामना कैसे किया जाये.

जिला स्कूल का गौरवशाली इतिहास रहा है

राज्यपाल ने कहा कि जिला स्कूल का गौरवशाली इतिहास रहा है. पूर्व में यह धारणा थी कि जिला स्कूल में जिसका नामांकन होता था, वह समाज का बहुत मेधावी विद्यार्थी होता था. हमारे विद्यार्थी एवं शिक्षक जिला स्कूल की उत्कृष्टता की दिशा में व्यापक रूप से कार्य करें. वे अन्य विद्यालयों के समक्ष अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करें. उन्होंने सभी से आह्वान किया कि पढ़ाई को सिर्फ परीक्षा तक सीमित न रखें, बल्कि ज्ञान को आत्मसात करें. नियमित अभ्यास करें. समय का सही प्रयोग करें और आत्मविश्वास बनाये रखें. राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री जी हमेशा इस बात पर जोर देते हैं कि हमें परीक्षा को एक अवसर की तरह देखना चाहिए, न कि किसी दबाव की तरह. हार और जीत से अधिक महत्वपूर्ण यह है कि हम अपने प्रयासों में निरंतरता बनाए रखें. परिश्रम में कमी न करें. कठिनाइयां आयेंगी. लेकिन जो विद्यार्थी हर चुनौती को सीखने का अवसर मानता है, वही जीवन में सफलता प्राप्त करता है. मौके पर राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन, जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज, प्राचार्या डॉ यास्मिन, मेहर परवीन आदि उपस्थित थे. मंच संचालन डॉ शाहनवाज कुरैशी ने किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola