झारखंड : आयुष निदेशक ने आवेदन भरने का समय बढ़वाया, फिर बेटे का फॉर्म हुआ स्वीकार, जानें पूरा मामला

Published at :06 Dec 2023 5:13 AM (IST)
विज्ञापन
झारखंड : आयुष निदेशक ने आवेदन भरने का समय बढ़वाया, फिर बेटे का फॉर्म हुआ स्वीकार, जानें पूरा मामला

अवधि विस्तार होने पर तीन आवेदकों के फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी हुई, जिसमें एक आयुष निदेशक के बेटे जमाल का आवेदन भी शामिल है.

विज्ञापन

सतीश कुमार, रांची :

झारखंड आयुष समिति के अंतर्गत राज्य कार्यक्रम प्रबंधक के पद पर नियुक्ति से संबंधित मामले में आयुष निदेशक डॉ गुलाम मुस्तफा अंसारी ने आवेदन भरने की समय अवधि बढ़ायी. इसके बाद इनके बेटे जमाल के फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी हुई. यह मामला विभाग में चर्चा का विषय बना हुआ है. दरअसल राज्य कार्यक्रम प्रबंधक पद पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी करने का जिम्मा जैप आइटी को सौंपा गया है. जैप आइटी की ओर से इस पद पर आवेदन देने के लिए दो दिसंबर 2023 को शाम पांच बजे तक आवेदन देने की अंतिम तिथि निर्धारित थी. इसी दिन आयुष निदेशक डॉ गुलाम मुस्तफा अंसारी ने जैप आइटी के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र लिख कर आवेदन भरने की तिथि को बढ़ा कर दो दिसंबर को 11.59 बजे तक करने का अनुरोध किया.

इसमें कहा गया कि कई आवेदकों ने आवेदन समर्पित करने में कठिनाइयों का उल्लेख किया है. आवेदन देने के निर्धारित समय (शाम पांच बजे) तक 38 फॉर्म स्वीकार हुए थे. अवधि विस्तार होने पर तीन आवेदकों के फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी हुई, जिसमें एक आयुष निदेशक के बेटे जमाल का आवेदन भी शामिल है. जानकारी के अनुसार आयुष निदेशक के बेटे ने फॉर्म भरा था, लेकिन पेमेंट की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पायी थी. अवधि बढ़ने के बाद प्रक्रिया पूरी होने पर जमाल का फॉर्म स्वीकार हुआ. राज्य कार्यक्रम प्रबंधक की नियुक्ति संविदा पर तीन वर्षों तक के लिए होनी है. इसके लिए लगभग प्रतिमाह 75 हजार रुपये मानदेय तय है.

Also Read: झारखंड: आयुष मंत्रालय के संयुक्त सचिव राहुल शर्मा ने की अपील-कैच द रेन अभियान को बनाएं सफल
क्या कहा आयुष निदेशक ने

आवेदकों की कठिनाइयों को देखते हुए फॉर्म भरने की अवधि बढ़ाने के लिए जैप आइटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को पत्र लिखा. आमतौर पर ऑनलाइन आवेदन भरने का समय उस दिन रात 11.59 बजे तक होता है, लेकिन जैप आइटी की ओर से आवेदन भरने की समय सीमा शाम पांच बजे तक निर्धारित की गयी थी. कई आवेदकों का पेमेंट फंस जाने की वजह से प्रक्रिया पूरी नहीं हो पायी थी. मेरे बेटे जमाल ने भी इस पद के लिए आवेदन किया है. 

डॉ गुलाम मुस्तफा, आयुष निदेशक

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola