Tamar Incident News : तमाड़ में बस की छत पर बैठे बाराती करंट की चपेट में आये, तीन की मौत, पांच गंभीर

Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 16 Jul 2024 1:07 AM

विज्ञापन

तमाड़ थाना क्षेत्र के चोगागुटू गांव आ रही बारातियों से भरी बस की छत पर सवार कुछ लोग 11 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आ गये. हादसे में एक नाबालिग समेत तीन लोगों की मौत हो गयी, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गये.

विज्ञापन

प्रतिनिधि (रांची/तमाड़). तमाड़ थाना क्षेत्र के चोगागुटू गांव आ रही बारातियों से भरी बस की छत पर सवार कुछ लोग 11 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आ गये. हादसे में एक नाबालिग समेत तीन लोगों की मौत हो गयी, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों को रिम्स में भर्ती कराया गया है. बारात सरायकेला-खरसावां जिला के कुचाई थाना अंतर्गत बारूहातू गांव से आ रही थी. हादसा रविवार देर रात उस वक्त हुआ, जब बारातियों से भरी बस चोगागुटू गांव में प्रवेश कर रही थी.

80 बाराती सवार थे बस में, कुछ छत पर बैठे थे

सरायकेला-खरसावां जिले के बारूहातू गांव निवासी शिवशंकर सिंह मुंडा की शादी तमाड़ के चोगागुटू गांव निवासी सबिता कुमारी से तय हुई थी. रविवार शाम बारातियों को लेकर बस तमाड़ के लिए निकली थी. बस में कुल 80 बाराती सवार थे. इनमें कुछ लोग बस की छत पर बैठ गये थे. रात करीब 12:00 बजे बस चोगागुटू गांव पहुंची. बस जब गांव में घुसने के लिए मुड़ी, तब 11 हजार वोल्ट के तार पर किसी की नजर नहीं पड़ी और ऊपर बैठे लोग उसकी चपेट में आ गये. करंट लगते ही दिनेश सिंह मुंडा(34), मुंडा मुंडा(25) और जितेंद्र सिंह मुंडा(16) की मौत हो गयी. वहीं, लंबार मुंडा, शंकर मुंडा, सुभाष मुंडा, उपेन मुंडा और चरण मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद वहां अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गयी. इसकी सूचना मिलते ही वधु पक्ष के लोग भी दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे. आनन-फानन में घायलों को तमाड़ सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया. वहीं, घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया.

शादी के घर में पसरा मातम

घटना के बाद लड़की के घर में मातम पसर गया. मेहमानों की खुशी गम में बदल गयी. घटना के बाद वर और वधु पक्ष ने आपस में सलाह-मशविरा किया, जिसके बाद शादी करायी गयी. ग्रामीणों के अनुसार, इस दौरान मेहमानों के लिए बने भोजन धरे रह गये. महिलाओं के रोने की आवाज सुन वहां मौजूद लोग भी गमगीन थे. रात से सुबह तक वधु के घर के सामने लोगों की भीड़ लगी हुई थी. वहीं, कुछ लोग घायलों के साथ रिम्स पहुंचे थे.

घायल चार बाराती खतरे से बाहर

तमाड़ में करंट से झुलसे पांच बारातियों को सोमवार तड़के 2:30 बजे रिम्स में इलाज के लिए लाया गया था. इनमें से एक को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया. जबकि, शंकर मुंडा, सुभाष मुंडा, चरण मुंडा व लंबार मुंडा को रिम्स के बर्न वार्ड में डॉ डीके सिन्हा के देखरेख में भर्ती कराया गया है. इन सभी की हालत भी खतरे से बाहर है. इधर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा सोमवार सुबह रिम्स पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मिल कर उन्हें ढांढ़स बंधाया. श्री मुंडा ने रिम्स प्रबंधन को घायलों के बेहतर इलाज का निर्देश भी दिया. तमाड़ पुलिस ने हादसे में मृत नाबालिग जितेंद्र मुंडा, मुंडा मुंडा तथा दिनेश सिंह मुंडा के शवों का पोस्टमार्टम रिम्स में कराया. इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola