रांची में दौड़े 6000 लोग, हेमंत बोले : Ran-O-Thon जैसे कार्यक्रमों से झारखंड में तेजी से बढ़ेगा फिट इंडिया का कॉन्सेप्ट
Author : Prabhat Khabar Digital Desk Published by : Prabhat Khabar Updated At : 23 Feb 2020 4:54 PM
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि आज के इस भौतिकतावादी युग में अपने शरीर को चुस्त-दुरुस्त रखना हम सभी के लिए बड़ी चुनौती है. हम फिट रहेंगे, तो राज्य और देश फिट रहेगा. इस तरह के कार्यक्रमों से हमें नयी ऊर्जा मिलती है. यह हमें अपने स्वास्थ्य और फिटनेस के […]
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि आज के इस भौतिकतावादी युग में अपने शरीर को चुस्त-दुरुस्त रखना हम सभी के लिए बड़ी चुनौती है. हम फिट रहेंगे, तो राज्य और देश फिट रहेगा. इस तरह के कार्यक्रमों से हमें नयी ऊर्जा मिलती है. यह हमें अपने स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक करता है. इस तरह के कार्यक्रम का झारखंड में पिछले पांच सालों से लगातार आयोजित होना हम सभी के लिए गौरव की बात है. मुख्यमंत्री ने कहा कि फिट इंडिया का कंसेप्ट झारखंड में तेज रफ्तार से आगे बढ़ेगा.
वह रविवार को मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में फिट इंडिया Ran-O-Thon कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि Ran-O-Thon जैसे कार्यक्रमों के कई आयाम होते हैं. इस तरह के कार्यक्रम सिर्फ शारीरिक फिटनेस के लिए नहीं है. इससे कई और चीजें भी जुड़ी हुई हैं. इस तरह के आयोजनों से समाज में बेहतर माहौल बनाने का मौका मिलता है. खेल को बढ़ावा मिलने के साथ इस क्षेत्र में छिपी प्रतिभा को सामने आने का मौका मिलता है.
श्री सोरेन ने कहा कि फिटनेस के लिए लोगों को जागरूक करने का यह संदेश है. ऐसे आयोजनों से हम सभी में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में खेल के क्षेत्र में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. बस इन्हें निखारने की जरूरत है. सरकार इस दिशा में काम करेगी. खिलाड़ियों को पूरा सहयोग करेगी. ऐसे आयोजनों से झारखंड में खेल की संस्कृति विकसित होगी. मुख्यमंत्री ने उम्मीद जतायी कि अगली बार जब वे इस कार्यक्रम में आयेंगे, तो कई और नयी चीजें इसे जुड़ेंगी.
झारखंड में खेल के लिए बेहतरीन आधारभूत संरचना
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में खेलों के लिए विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना उपलब्ध है. इन आधारभूत संरचनाओं के बेहतर से बेहतर उपयोग करने व खिलाड़ियों को बेहतर प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार काम कर रही है, ताकि यहां से निकलने वाले खिलाड़ी अपने प्रदर्शन ने राज्य का नाम देश-दुनिया में रोशन कर सकें.
6,000 से ज्यादा प्रतिभागियों ने लगायी दौड़
झारखंड सरकार के खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग और राउंड टेबल इंडिया की ओर से आयोजित रन-ओ-थॉन के पांचवें संस्करण में देश के साथ विदेशों से आये एथलीटों ने भी हिस्सा लिया. तीन श्रेणियों में आयोजित रन-ओ-थॉन में लगभग 6,000 लोग शामिल हुए. ज्ञात हो कि 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की श्रेणी में यह प्रतियोगिता आयोजित की गयी थी. मुख्यमंत्री ने फिट इंडिया Ran-O-Thon के विजेताओं को प्राइज मनी देकर सम्मानित किया.
इस अवसर पर पर्यटन, खेलकूद और युवा कार्य विभाग के सचिव राहुल शर्मा, खेल निदेशक अनिल कुमार सिंह, पुलिस महानिरीक्षक नवीन कुमार सिंह, टीआरआइ के निदेशक रणेंद्र कुमार सिंह, झारखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मधुकांत पाठक, रेस डायरेक्टर मनप्रीत सिंह राजा के अलावा राउंड टेबल इंडिया से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










