29.1 C
Ranchi

BREAKING NEWS

Trending Tags:

Advertisement

कंपकपाती ठंड : झारखंड में दिख रहा है उत्तर भारत में बर्फबारी का असर, आज छाया रहेगा कुहासा, 31 और एक को बारिश होने की संभावना

गुरुवार को रांची का न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री व कांके का 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री की हो सकती है गिरावट रांची : उत्तर भारत में भारी बर्फबारी का असर झारखंड में भी देखने को मिल रहा है. 25 दिसंबर की देर रात लगभग 21 मिमी वर्षा हुई. सुबह […]

गुरुवार को रांची का न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री व कांके का 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा
न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री की हो सकती है गिरावट
रांची : उत्तर भारत में भारी बर्फबारी का असर झारखंड में भी देखने को मिल रहा है. 25 दिसंबर की देर रात लगभग 21 मिमी वर्षा हुई. सुबह में भी कहीं-कहीं छिटपुट वर्षा हुई, जबकि 26 दिसंबर को दिन भर मौसम खराब रहा. इस कारण लोग घरों में कैद रहे.
गुरुवार को आसमान में काले बादल छाये रहने के कारण यहां के लोग सूर्य ग्रहण नहीं देख सके. शाम चार बजे के बाद हल्की-हल्की ठंडी हवा चलने से न्यूनतम तापमान में गिरावट आ गयी. 31 दिसंबर व एक जनवरी को बारिश होने का अनुमान लगाया गया है. यानी साल के पहले दिन पिकनिक मनाने वालों को मौसम की मार झेलनी पड़ सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार, 27 दिसंबर को सुबह में घना कोहरा रहने व दिन में मौसम साफ होने की उम्मीद है. हालांकि न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री की कमी दर्ज हो सकती है. ठंडी हवा चलने से जन जीवन प्रभावित हो सकता है.
मौसम विभाग ने सुबह में कुहासा रहने की संभावना 28 व 29 दिसंबर को भी जतायी है. वहीं 30 को आकाश में बादल छाये रहने की संभावना है. रांची में गुरुवार को अधिकतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं कांके का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
अलाव को लेकर नगर निगम और जिला प्रशासन में फेंका-फेंकी
रांची : राजधानी पूरी तरह से कोहरे की चपेट में आ गयी है. गुरुवार को दिन भर कोहरा छाया रहा. बुधवार को बारिश होने के कारण तापमान में भी गिरावट आयी है. इसके बावजूद जिला प्रशासन व नगर निगम की ओर से शहर के चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की जा रही है.
ठंड को देखते हुए एक सप्ताह पहले डीडीसी अनन्य मित्तल ने निगम के अधिकारियों से आग्रह किया था कि वे चौक-चौराहे पर अलाव की व्यवस्था करें. डीडीसी के इस आदेश पर निगम के अधिकारियों ने अलाव की व्यवस्था तो नहीं की, उल्टे जिला प्रशासन के अधिकारियों से कहा कि उनके पास अलाव जलाने के लिए कोई फंड नहीं है. इसलिए बेहतर होगा कि जिला प्रशासन ही अलाव की व्यवस्था करे. वैसे भी पूर्व में अलाव जलाने का कार्य जिला प्रशासन ही करता था. निगम के अधिकारियों ने बताया कि अब तक ठंड के दिनों में अलाव जलाने का काम जिला प्रशासन ही करता आया है. इसके लिए प्रशासन वन विभाग से लकड़ी मांगता था. निगम इस कार्य में केवल इतना ही मदद करता था कि प्रशासन को लकड़ी लाने के लिए वाहन उपलब्ध कराता था.
कुहासा के कारण राजधानी समेत कई ट्रेनें विलंब से रांची पहुंचीं
रांची : मौसम खराब होने व कुहासा के कारण गुरुवार को कई ट्रेनें विलंब से रांची पहुंचीं. ट्रेन संख्या 12826 नयी दिल्ली-रांची संपर्क क्रांति एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 4.5 घंटे विलंब से, ट्रेन संख्या 18606 जयनगर-रांची एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 53 मिनट विलंब से, ट्रेन संख्या 12454 wनयी दिल्ली-रांची राजधानी अपने निर्धारित समय से 3.35 घंटे विलंब से, ट्रेन संख्या 18612 मंडुवाडीह-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 45 मिनट विलंब से व ट्रेन संख्या 18452 पुरी-हटिया तपस्विनी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 15 मिनट देरी से रांची पहुंची.
कुहासे के कारण दो विमान रद्द, तीन कोलकाता डायवर्ट
रांची : खराब मौसम व कुहासे का असर गुरुवार को विमान सेवा पर भी पड़ा. गो एयरवेज की दिल्ली-रांची-दिल्ली फ्लाइट (जो दोपहर 2.40 बजे रांची आती है) व इंडिगो की दिल्ली-रांची-दिल्ली फ्लाइट (रांची आने का समय रात 8.00 बजे है) को रद्द कर दिया गया. वहीं तीन विमान को कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया. विजिबिलिटी (दृश्यता) कम होने के कारण पायलट को रनवे नहीं दिखायी दे रहा था.
इस कारण विभिन्न शहरों से रांची आने वाली फ्लाइट को कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया. एयरपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया की दिल्ली-रांची फ्लाइट (जो दोपहर 12.50 बजे रांची आती है) को कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया. शाम को मौसम थोड़ा ठीक होने के बाद विमान शाम 5.50 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर लैंड किया. इस कारण यात्रियों को घंटों एयरपोर्ट पर रहना पड़ा. वहीं इंडिगो की मुंबई-रांची फ्लाइट को भी कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया.
विमान का रांची आने का समय दोपहर 1.20 बजे है, जबकि विमान कोलकाता से शाम 5.25 बजे रांची पहुंचा. इंडिगो के एक और विमान दिल्ली-रांची को भी कोलकाता डायवर्ट किया गया. विमान अपने निर्धारित समय पर रांची पहुंच गया था, लेकिन विजिबिलिटी पर्याप्त नहीं होने और रनवे साफ नहीं दिखायी देने के कारण विमान को कोलकाता डायवर्ट किया गया. विमान का रांची आने का समय दोपहर 1.50 बजे है, जबकि विमान कोलकाता से शाम 4.50 बजे रांची पहुंचा.
चार घंटे विलंब से खुली राजधानी
ट्रेन संख्या 12453 रांची-नयी दिल्ली राजधानी गुरुवार को चार घंटे विलंब से रवाना हुई. इस संबंध में सीपीआरओ नीरज कुमार ने बताया कि लिंक रैक विलंब से आने के कारण ट्रेन विलंब से रवाना हुई. ट्रेन का रांची से प्रस्थान करने का समय शाम 5.10 बजे है, जबकि ट्रेन रात 9.10 बजे रवाना हुई.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Advertisement

अन्य खबरें