Advertisement
झारखंड विधानसभा चुनाव जनादेश : कोल्हान प्रमंडल में भाजपा का पूरी तरह सफाया, संताल परगना में चार पर सिमट कर रह गयी पार्टी
विधानसभा चुनाव में भाजपा को सबसे अधिक नुकसान कोल्हान व दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल में हुआ. कोल्हान में झामुमो व कांग्रेस गठबंधन ने 13 सीटें जीत लीं. संताल परगना में भी गठबंधन को 13 सीटें मिलीं. कोल्हान में जहां भाजपा का खाता नहीं खुला, वहीं दक्षिणी छोटानागपुर में भी भाजपा पिछले चुनाव में जीती चार सीटें […]
विधानसभा चुनाव में भाजपा को सबसे अधिक नुकसान कोल्हान व दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल में हुआ. कोल्हान में झामुमो व कांग्रेस गठबंधन ने 13 सीटें जीत लीं. संताल परगना में भी गठबंधन को 13 सीटें मिलीं.
कोल्हान में जहां भाजपा का खाता नहीं खुला, वहीं दक्षिणी छोटानागपुर में भी भाजपा पिछले चुनाव में जीती चार सीटें हार गयी. केवल पलामू प्रमंडल में भाजपा को बढ़त मिली. संताल परगना में भी नुकसान उठाना पड़ा. इस प्रमंडल में भाजपा की सीट सात से घटकर चार हो गयी. उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में भी भाजपा को नुकसान हुआ. प्रमंडलवार दलों के प्रदर्शन पर प्रमुख संवाददाता सुनील कुमार झा की रिपोर्ट…
भाजपा को नौ में से पांच सीटों पर मिली सफलता दो सीट हाथ से निकली
रांची : पलामू प्रमंडल में भाजपा को नौ विधानसभा सीटों में से पांच पर सफलता मिली है. भाजपा भवनाथपुर, छतरपुर, विश्रामपुर, डाल्टनगंज व पांकी सीट जीतने में सफल रही. जबकि मनिका व गढ़वा सीट भाजपा के हाथ से निकल गयी. पलामू प्रमंडल में प्रथम चरण में चुनाव हुआ था. वर्ष 2014 के चुनाव में पलामू प्रमंडल में भाजपा को चार सीट मिली थी.
इस चुनाव में एक सीट की बढ़ोतरी हुई. जबकि पिछले चुनाव में झामुमो को एक भी सीट नहीं मिली थी. इस वर्ष झामुमो दो सीट जीतने में सफल रही. गढ़वा व लातेहार सीट पर झामुमो के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की. वहीं, कांग्रेस ने भाजपा से मनिका सीट छीन ली, जबकि भाजपा ने पांकी सीट जीती है. पांकी में पिछले चुनाव में कांग्रेस को जीत मिली थी.
पलामू में पिछले चुनाव में कांग्रेस को एक सीट मिली थी. इस चुनाव में भी कांग्रेस को एक सीट से ही संतोष करना पड़ा. हुसैनाबाद सीट पर एनसीपी के कमलेश सिंह ने जीत दर्ज. पिछले चुनाव में हुसैनाबाद से बसपा के प्रत्याशी विधायक चुने गये थे. वहीं, झाविमो पलामू में एक भी सीट नहीं जीत सका.
पिछले विधानसभा चुनाव में डाल्टनगंज व लातेहार सीट पर झारखंड विकास मोर्चा के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी. इस चुनाव में डालटनगंज से भाजपा व लातेहार से झामुमो ने जीत दर्ज की. चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए भानु प्रताप शाही भवनाथपुर से विधायक चुने गये. विश्रामपुर से स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी अपनी सीट बचाने में सफल रहे.
उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में भाजपा को 11, गठबंधन को 10 सीट
रांची : उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल 25 में से 11 सीट भाजपा को मिली, लेकिन दो सीटों का नुकसान हुआ. यहां कांग्रेस का प्रदर्शन पिछले चुनाव की तुलना में काफी बेहतर रहा. वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में कांग्रेस को मात्र दो सीटें मिली थीं.
जबकि इस चुनाव में संख्या बढ़ कर पांच हो गयी. भाजपा के प्रत्याशियों ने कोडरमा, हजारीबाग, सिमरिया, जमुआ, बोकारो, चंदनकयारी, सिंदरी, निरसा, धनबाद, बाघमारा व मांडू सीट पर जीत दर्ज की. वहीं, कांग्रेस ने बरही, बड़कागांव, रामगढ़, बेरमो व झरिया सीट पर जीत दर्ज की. झामुमो को डुमरी, गिरिडीह, गांडेय, टुंडी सीट पर जीत मिली. झामुमो को पिछले चुनाव में तीन सीटें मिली थी. इस तरह झामुमो को एक सीट का फायदा हुआ. वर्ष 2014 में झाविमो को एक सीट मिली थी.
इस बार भी झाविमो को एक सीट से संतोष करना पड़ा. वहीं, आजसू को रामगढ़ व टुंडी में हार का समाना करना पड़ा. हालांकि गोमिया सीट जीतने में सफल रही. धनवार से झारखंड विकास मोर्चा व बगोदर से भाकपा माले के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की. बरकट्ठा से निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की. चतरा सीट पर राजद को जीत मिली. पिछले चुनाव में राजद को एक भी सीट नहीं मिली थी.
संताल परगना प्रमंडल : झामुमो बनी सबसे बड़ी पार्टी,भाजपा के दो मंत्री नहीं बचा सके सीट
रांची : संताल परगना प्रमंडल में झारखंड मुक्ति मोर्चा सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभरी है. मधुपुर, बोरियो, बरहेट, दुमका, लिट्टीपाड़ा, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, नाला व जामा सीट पर झामुमो के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है. यहां पिछले चुनाव झामुमो को छह सीटें मिली थीं. इस चुनाव में तीन सीटों का फायदा हुआ. झामुमाे को 18 में नौ सीटें मिली हैं. वहीं, भाजपा को चार सीटें मिली हैं, जबकि 2014 में भाजपा को सात सीटें मिली थीं. इस तरह भाजपा को दो सीटों का नुकसान उठाना पड़ा.
भाजपा के दो-दो मंत्रियों को हार का सामना करना पड़ा. दुमका से लुईस मरांडी व मधुपुर से राज पलिवार हार गये. वहीं, सारठ से रणधीर सिंह फिर से विधायक चुने गये. राजमहल, गोड्डा, देवघर सीट को बचाने में भाजपा जरूर सफल रही. दूसरी तरफ झाविमो को भी इस चुनाव में एक सीट का नुकसान हुआ, जबकि 2014 में झाविमो को दो सीटें मिली थीं. इस चुनाव में सारठ में झाविमो प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा, जबकि पोड़ैयाहाट सीट पर कब्जा बरकरार रहा. वर्ष 2014 में कांग्रेस को संताल परगना प्रमंडल में तीन सीटें मिली थीं. इस चुनाव में कांग्रेस को चार सीटें मिलीं. पाकुड़, जरमुंडी, महगामा व जामताड़ा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी फिर से जीतने में सफल रहे.
कोल्हान प्रमंडल में झामुमो को 14 में से 11 सीटों पर मिली जीत भाजपा को एक भी नहीं
रांची : कोल्हान प्रमंडल में झारखंड मुक्ति मोर्चा को शानदार सफलता मिली है. 14 में से 13 सीटों पर झामुमो व कांग्रेस गठबंधन का कब्जा रहा. झामुमो ने कोल्हान प्रमंडल में 11 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस दो सीट मिली. कांग्रेस को पिछले चुनाव में एक भी सीट नहीं मिली थी.
वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा के पास सात सीटें थी. इस चुनाव में संख्या बढ़कर 11 हो गयी. वहीं, एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की. वर्ष 2014 के चुनाव में भाजपा को पांच सीटें मिली थीं. इस वर्ष कोल्हान में भाजपा का खाता तक नहीं खुला. भाजपा एक भी सीट नहीं बचा सकी. पिछले चुनाव में जमशेदपुर पूर्वी, जमशेदपुर पश्चिमी, घाटशिला, पोटका व ईचागढ़ पर जीत दर्ज की थी. कांग्रेस ने इस चुनाव में जगनाथपुर व जमशेदपुर पश्चिमी सीट पर जीत दर्ज की.
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कोल्हान प्रमंडल में 14 में 11 सीट पर चुनाव लड़ा था और सभी सीटों पर जीत दर्ज की. कोल्हान में ईचागढ़, खरसावां, चक्रधरपुर, मनोहरपुर, मझगांव, सरायकेला, चाईबासा, जुगसलाई, पोटका, घाटशिला व बहरागोड़ा सीट पर झामुमो ने जीत दर्ज की. दूसरी तरफ पिछले विधानसभा चुनाव में आजसू ने एक सीट पर जीत दर्ज की थी. इस चुनाव में वह भी नहीं मिली.
दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल में भाजपा को पांच, झामुमो व कांग्रेस को चार-चार सीट पर मिली जीत
रांची : दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल में भाजपा को पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में चार सीटों का नुकसान हुआ है. इसके बाद भी भाजपा दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है. भाजपा को वर्ष 2014 में नौ सीटें मिली थीं. इस चुनाव में पांच सीट पर ही जीत दर्ज कर सकी. रांची, कांके, हटिया, खूंटी व तोरपा सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज की, जबकि गुमला, सिसई, खिजरी व सिमडेगा में हार का समाना करना पड़ा. वहीं, झामुमो व कांग्रेस आठ सीटें जीतने में सफल रही.
दोनों दलों को चार-चार सीटें मिलीं हैं. झारखंड मुक्ति मोर्चा को एक सीट का फायदा हुआ. झामुमो की सीट तीन से बढ़कर चार हो गयी. तमाड़, गुमला, सिसई व बिशनपुर सीट पर जीत दर्ज की. जबकि सिल्ली, तोरपा सीट हार गयी. कांग्रेस काे 2014 में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल में एक भी सीट नहीं मिली थी. इस बार चार सीटों पर जीत मिली. लोहरदगा, सिमडेगा, कोलेबिरा व खिजरी में जीत दर्ज की.
हालांकि 2014 के विधानसभा चुनाव के बाद हुए उप चुनाव में कांग्रेस कोलिबिरा व लोहरदगा सीट जीतने में सफल रही. आजसू व झाविमो को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल में एक-एक सीट मिली. आजसू पिछले चुनाव में तमाड़ व लोहरदगा सीट जीती थी, पर इस चुनाव में दोनों सीट हाथ से निकल गयी. 2014 में हटिया में झाविमो को जीत मिली थी, इस वर्ष यह सीट भाजपा के खाते में चली गयी. जबकि मांडर विधानसभा सीट झाविमो ने भाजपा से छीन ली.
खिजरी, मांडर, गुमला और सिसई हार गयी भाजपा
कांग्रेस का पिछले चुनाव में नहीं खुला था खाता, झामुमो को
एक सीट का
फायदा
दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल
आजसू और झाविमो को एक-एक सीट मिली
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
Advertisement