रांची : ऐसा ही जोश रहा, तो निश्चित बनायेंगे सरकार : आरपीएन सिंह

Updated at : 21 Aug 2019 7:00 AM (IST)
विज्ञापन
रांची : ऐसा ही जोश रहा, तो निश्चित बनायेंगे सरकार : आरपीएन सिंह

कांग्रेस प्रभारी ने राजीव गांधी की जयंती पर बढ़ाया हौसला रांची : प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी सह पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेताओं का जैसा जोश व उत्साह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के जयंती समारोह में देखने को मिला, अगर इसे बरकरार रखा गया तो झारखंड का कायाकल्प होगा और […]

विज्ञापन
कांग्रेस प्रभारी ने राजीव गांधी की जयंती पर बढ़ाया हौसला
रांची : प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी सह पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेताओं का जैसा जोश व उत्साह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के जयंती समारोह में देखने को मिला, अगर इसे बरकरार रखा गया तो झारखंड का कायाकल्प होगा और कांग्रेस की सरकार बनेगी. श्री सिंह मंगलवार को राजधानी के डिबडीह स्थित सेलिब्रेशन बैंक्वेट हॉल में आयोजित सेमिनार को संबोधित कर रहे थे.
राजीव गांधी का आधुनिक भारत में योगदान विषय पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आज सरकार जिन कामों को अपना बता कर उपलब्धियां गिना रही है, इसकी नींव राजीव गांधी ने ही रखी थी. इसमें कंप्यूटर क्रांति, पंचायत को अधिकार दिलाना, महिलाओं को सशक्त करना समेत कई काम शामिल हैं.
उन्होंने कहा कि सद्भभावना ही देश को महान बनाता है. विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि राजीव गांधी डिजिटल इंडिया के ऑर्किटेक्ट थे. पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि राजीव गांधी ने झारखंड निर्माण की नींव रखी थी. फुरकान अंसारी ने कहा कि हमारी लड़ाई भाजपा से है, न कि अपनों से. प्रदीप बलमुचु ने कहा कि विधानसभा चुनाव में अब 100 दिन शेष है. कार्यकर्ता एक दिन भी चैन से नहीं बैठें.
सरफराज अहमद ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय साजिश के तहत राजीव गांधी की हत्या हुई थी. रामेश्वर उरांव ने कहा कि राजीव गांधी एक कुशल प्रशासक थे. कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस नेता विनय सिन्हा दीपू ने किया. मौके पर प्रो बीपी शरण, एलएम उरांव, विधायक सुखदेव भगत समेत कई नेताओं ने अपने विचार व्यक्त किये.
सद्भावना दौड़ के विजेताओं को किया गया पुरस्कृत : प्रदेश कांग्रेस की ओर से महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने सद्भभावना दौड़ का आयोजन किया गया. शहीद चौक तक आयोजित दौड़ के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया.
प्रथम विजेता प्रमिला तिग्गा को 10 हजार रुपये, दूसरी विजेता रितिका किड़ो व नीता कुमार की पांच-पांच हजार रुपये और तीसरी विजेता सपना कुमारी, अंजु कुमारी, पूजा रानी कुमार को तीन-तीन हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया.
इसके बाद हरमू चौक से सद्भभावना यात्रा निकाली गयी. इसमें युवाओं ने मोटरसाइकिल जुलूस निकाली. कांग्रेस भवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. इन सभी कार्यक्रमों में प्रभारी आरपीएन सिंह, आलमगीर आलम, राजेश ठाकुर, राजीव रंजन प्रसाद, आलोक दुबे, शमशेर आलम, लाल किशोर नाथ शाहदेव, कुमार राजा, अनूप सिंह, गौरव सिंह, सुरेंद्र सिंह, आदित्य विक्रम जायसवाल, गुलफाम मुजीबी, डॉ विनोद सिंह, सुनील सिंह, राकेश सिन्हा समेत कई लोग शामिल हुए.
वैष्णव जन तो तेने कहिए जे…
रांची : पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व राजीव गांधी की 75वीं जयंती पर मंगलवार को बिहार क्लब में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से एक शाम राजीव गांधी के नाम भजन संध्या का आयोजन किया गया. भजन संध्या की प्रस्तुति आकाशवाणी व दूरदर्शन की गायिका मृणाली अखौरी एवं उनकी टीम द्वारा दी गयी. उद्घाटन प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह ने किया. श्रीमती अखौरी ने वैष्णव जन तो तेने कहिए जे…, हे राम-हे राम…, हमको मन की शक्ति देना…, तुम आशा विश्वास हमारे… भजन की प्रस्तुति दी. इनके साथ प्रमुख गायक-गायिका में मोनिका, शिवानी, परमजीत, मनोज, यमन, प्रिंस शामिल थे. तबला पर जाहिद खान, आमिद खान, उदय ने साथ दिया.
पार्टी के कार्यक्रम से दूर रहे डॉ अजय
रांची़ : कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार राजीव गांधी की जयंती पर आयोजित सदभावना दिवस के कार्यक्रम से दूर रहे़ वे राजधानी के किसी कार्यक्रम में नहीं दिखे़ यहां तक कि प्रभारी आरपीएन सिंह से भी दूरी बना कर रखी. इस बाबत विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि डॉ अजय की तबीयत खराब है़ इधर पार्टी के अंदर राजधानी के कार्यक्रम में डॉ अजय की अनुपस्थिति चर्चा का विषय रहा़
फोटो खिंचवा कर गाड़ियों से निकले कांग्रेसी: जयंती पर मोरहाबादी में महात्मा गांधी की प्रतिमा से मेन रोड शहीद स्थल तक सदभावना दौड़ का आयोजन किया गया था़ प्रदेश कांग्रेस के नेता भी इस दौड़ में पहुंचे थे़ पार्टी के विधायक से लेकर प्रदेश पदाधिकारी भी आये, लेकिन मोरहाबादी से कुछ दूर तक टहलने के बाद गाड़ी में बैठक कर शहीद स्थल पहुंचे़ बच्चों ने ही दौड़ लगायी़ हालांकि कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता टहलते हुए मोरहाबादी से शहीद स्थल जरूर पहुंचे़
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola