ePaper

CM रघुवर दास की झारखंडवासियों से अपील- 21 जून को सभी राज्‍यवासी करें योग

Updated at : 20 Jun 2019 9:58 PM (IST)
विज्ञापन
CM रघुवर दास की झारखंडवासियों से अपील- 21 जून को सभी राज्‍यवासी करें योग

रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि योग और प्रार्थना से दिन की शुरुआत करें. मैं भी अपना दिन योग और प्रार्थना से ही शुरू करता हूं. योग की शक्ति से रोग और परेशानियां भी दूर होती हैं. योग हमारे ना सिर्फ शरीर के लिए बल्कि हमारे मन और बुद्धि के लिए भी काफी […]

विज्ञापन

रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि योग और प्रार्थना से दिन की शुरुआत करें. मैं भी अपना दिन योग और प्रार्थना से ही शुरू करता हूं. योग की शक्ति से रोग और परेशानियां भी दूर होती हैं. योग हमारे ना सिर्फ शरीर के लिए बल्कि हमारे मन और बुद्धि के लिए भी काफी फायदेमंद है. योग एक विज्ञान है. योग कल्याण का विज्ञान, निरोगी काया का विज्ञान, शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का विज्ञान है. उक्त बातें मुख्यमंत्री ने आज झारखंड मंत्रालय में मीडिया को संबोधित करते हुए कहीं.

वर्तमान समय में योग पूरे विश्व की रगों में प्रवाहित हो रहा है

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग जिसे कुछ वर्षों पहले ऋषि मुनियों की साधना और स्वस्थ जीवन का आधार माना जाता था. आज के वर्तमान समय में सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि पूरे विश्व की रगों में योग प्रवाहित हो रहा है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को अंतरराष्ट्रीय पटल पर स्थापित किया

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को अंतरराष्ट्रीय पटल पर स्थापित किया. प्रधानमंत्री ने योग को विश्वभर में नया आयाम दिया है. पूरी दुनिया 21 जून को योग दिवस के रूप में मनाती है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सबसे पहले नरेंद्र मोदी ने सितंबर 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन के दौरान 21 जून को योग दिवस के रूप में मनाने का प्रस्ताव रखा था. 11 दिसंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने योग दिवस के प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की. इस फैसले का समर्थन विश्व के 177 से भी अधिक देशों ने किया था.

झारखंड वासियों के लिए 21 जून का दिन ऐतिहासिक

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि 21 जून का दिन झारखंड के लिए ऐतिहासिक दिन है जहां प्रधानमंत्री अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भगवान बिरसा की धरती से पूरी दुनिया को योग का संदेश देंगे.

आयोजन की हुई है बेहतरीन तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि पांचवी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम का आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन है. 21 जून को झारखंड की धरती से पूरी दुनिया के लोग प्रधानमंत्री और झारखंड के योग प्रेमियों को देखेंगे. यह झारखंड के लिए गौरव की बात है और इसका पूरा श्रेय प्रधानमंत्री को जाता है. पार्लियामेंट चलते हुए भी प्रधानमंत्री ने योग की महत्ता को समझा और महत्वपूर्ण समय निकालकर झारखंड में योग में शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं.

राज्य सरकार ने इस आयोजन को बेहतरीन करने के लिए सारी तैयारियां चुस्त-दुरुस्त तरीके से की है. मुख्यमंत्री ने कहा कि तैयारियों को लेकर मैं खुद तैयारी का जायजा करने गया था. स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और केंद्रीय आयुष विभाग के अधिकारी अच्छी तैयारी की है. रांची के साथ-साथ राज्य के सभी प्रखंड और जिला स्तर पर भी हमारे पदाधिकारियों द्वारा योग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है.

मुख्यमंत्री ने प्रत्येक नागरिक से योग कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की

मुख्यमंत्री ने झारखंड के प्रत्येक नागरिक से अपने-अपने स्तर से योग कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी महती भूमिका निभाने की अपील की है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola