रांची : 28 % विद्यार्थियों को ग्रेड डी

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 16 Apr 2019 9:15 AM

विज्ञापन

कक्षा नौ में अंग्रेजी का रिजल्ट अन्य विषयों की तुलना में खराब रांची : कक्षा नौ में पहली बार जैक द्वारा ली गयी बोर्ड परीक्षा में अंग्रेजी का रिजल्ट अन्य विषयों की तुलना में खराब रहा. अंग्रेजी में लगभग 28% विद्यार्थियों को डी ग्रेड यानी 33 % से कम अंक मिले. जबकि जैक ने 33 […]

विज्ञापन
कक्षा नौ में अंग्रेजी का रिजल्ट अन्य विषयों की तुलना में खराब
रांची : कक्षा नौ में पहली बार जैक द्वारा ली गयी बोर्ड परीक्षा में अंग्रेजी का रिजल्ट अन्य विषयों की तुलना में खराब रहा. अंग्रेजी में लगभग 28% विद्यार्थियों को डी ग्रेड यानी 33 % से कम अंक मिले. जबकि जैक ने 33 % अंक पास मार्क्स निर्धारित किया है.
दूसरी ओर किसी भी जिले में अंग्रेजी में ए प्लस ग्रेड यानी 80 % व उससे अधिक अंक लानेवाले विद्यार्थियों का प्रतिशत दहाई में नहीं पहुंच सका. पाकुड़, पश्चिमी सिंहभूम व लोहरदगा के विद्यार्थियों रिजल्ट सबसे खराब रहा. इन तीनों जिले में 60 % से अधिक विद्यार्थी अंग्रेजी में फेल हो गये. गुमला, सिमडेगा, खूंटी में ए प्लस ग्रेड वाले विद्यार्थियों की संख्या दो फीसदी से भी कम है. सबसे अधिक पलामू के 8.16 % विद्यार्थियों को ए प्लस ग्रेड मिला है.
लोहरदगा, गढ़वा, लातेहार, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज, दुमका में ए प्लस ग्रेड वाले विद्यार्थियों की संख्या परीक्षा में शामिल कुल परीक्षार्थियाें का पांच फीसदी भी नहीं है. ए ग्रेड वाले विद्यार्थियों की संख्या भी काफी कम है. बी व सी ग्रेड वाले विद्यार्थियों की संख्या सबसे अधिक है. दूसरी तरफ ओवरऑल सबसे बेहतर रिजल्ट रांची का रहा. यहां के 79.86 % विद्यार्थी पास हुए.
अलग होती परीक्षा तो और खराब होता रिजल्ट : मालूम हो कि कक्षा नौ की बोर्ड परीक्षा के पैटर्न में बदलाव किया गया था. हिंदी व अंग्रेजी की परीक्षा एक साथ ली गयी थी. दोनों विषयों की जांच भी एक साथ हुई थी. ऐसे में दोनों विषयों के प्राप्तांक के आधार पर ग्रेडिंग की गयी है. इस कारण अंग्रेजी में कम अंक लानेवाले विद्यार्थी भी ओवर आॅल में पास हो गये.
क्यों पिछड़ते हैं अंग्रेजी में बच्चे : मध्य विद्यालयों में अंग्रेजी के लिए अलग से शिक्षक नहीं हैं. मध्य विद्यालयों में शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत तीन स्नातक प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति का प्रावधान है.
इसके तहत भाषा के एक शिक्षक की नियुक्ति होती है, पर इसमें किस भाषा के कितने शिक्षक होंगे, इसका कोई प्रावधान नहीं है. राज्य के लगभग 75 फीसदी से अधिक मध्य विद्यालयों में भाषा शिक्षक के रूप में नियुक्त शिक्षक हिंदी से स्नातक हैं. इस कारण विद्यार्थियों को मध्य विद्यालय में अंग्रेजी के लिए शिक्षक नहीं मिल पाते हैं. नतीजतन बच्चे अंग्रेजी में कमजोर होते चले जाते हैं.
कोडरमा के विद्यार्थी गणित में अव्वल
नौवीं की परीक्षा में गणित में सबसे ज्यादा सफल छात्र कोडरमा जिला से हैं. गणित में 11330 में से 10361 विद्यार्थी सफल रहे. जबकि रांची के विद्यार्थी चौथे पायदान पर हैं. रांची से 34869 में सेे 30264 विद्यार्थी पास हुए हैं. जिले में बी ग्रेड हासिल करने वाले विद्यार्थियों की संख्या ज्यादा है. जबकि ए प्लस ग्रेड हासिल करनेवाले विद्यार्थी सबसे ज्यादा पलामू 21.41%, गिरिडीह 13.25 और पाकुड़ में 13.17 % है. जबकि डी ग्रेड लेकर जैसे तैसे पास करनेवाले जिले में प़ सिंहभूम, पाकुड़ और गुमला के विद्यार्थी हैं.
विज्ञान में प. सिंहभूम के 6282 विद्यार्थी फेल
विज्ञान विषय में पश्चिमी सिंहभूम के 6282 विद्यार्थी फेल हुए हैं. यह आंकड़ा अन्य जिलों के मुकाबले सबसे ज्यादा है. इस जिले के 35.78 फीसदी विद्यार्थी डी ग्रेड से पास हुए हैं. वहीं विद्यार्थियों का पास प्रतिशत सबसे ज्यादा कोडरमा, पलामू और रांची जिले का है. रांची जिले से परीक्षा के 34869 विद्यार्थियों में से 30535 सफल हुए हैं. वहीं विज्ञान में सबसे ज्यादा मेधावी विद्यार्थी पलामू से हैं. पलामू जिले से परीक्षा में शामिल होनेवाले 18.78 फीसदी विद्यार्थियों को ए प्लस ग्रेड मिला है. ए प्लस ग्रेड हासिल करनेवालों में कोडरमा जिला द्वितीय और गिरिडीह तीसरे नंबर पर है.
जिला डी ग्रेड (% में)
रांची 20.13
गुमला 34.46
लोहरदगा 41.50
सिमडेगा 36.55
खूंटी 30.84
हजारीबाग 20.89
गिरिडीह 21.08
धनबाद 23.38
चतरा 27.08
बोकारो 25.66
कोडरमा 16.03
रामगढ़ 25.61
जिला डी ग्रेड (% में)
पलामू 23.63
गढ़वा 29.24
लातेहार 34.56
दुमका 34.96
देवघर 30.73
साहेबगंज 34.14
पाकुड़ 43.00
गोड्डा 26.77
जामताड़ा 36.21
पू.सिंहभूम 25.36
प.सिंहभूम 42.64
सरायकेला 30.63
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola