आइपीएस अनुराग हटाये गये, चुनाव तक झारखंड आने पर रोक
Updated at : 02 Apr 2019 7:49 AM (IST)
विज्ञापन

चुनाव आयोग ने शिकायतों के बाद एडीजी पर की कार्रवाई रांची : चुनाव आयोग ने झारखंड कैडर के 1990 बैच के आइपीएस अधिकारी अनुराग गुप्ता को विशेष शाखा के एडीजी के पद से हटा दिया है. आयोग ने पत्र में कहा है कि उन्हें जानकारी मिली है कि एडीजी अनुराग गुप्ता विशेष शाखा में पदस्थापित […]
विज्ञापन
चुनाव आयोग ने शिकायतों के बाद एडीजी पर की कार्रवाई
रांची : चुनाव आयोग ने झारखंड कैडर के 1990 बैच के आइपीएस अधिकारी अनुराग गुप्ता को विशेष शाखा के एडीजी के पद से हटा दिया है. आयोग ने पत्र में कहा है कि उन्हें जानकारी मिली है कि एडीजी अनुराग गुप्ता विशेष शाखा में पदस्थापित हैं. यह चुनाव के दृष्टिकोण से संवेदनशील और महत्वपूर्ण पद है.
चुनाव आयोग 10 मार्च 2019 को लोकसभा चुनाव की घोषणा कर चुका है, इसलिए इस स्थिति को देखते हुए अनुराग गुप्ता को विशेष शाखा एडीजी के पद से हटाया जाता है और इनकाे निर्देश दिया जाता है कि वे दो अप्रैल को दोपहर एक बजे तक दिल्ली स्थित स्थानिक आयुक्त कार्यालय में रिपोर्ट करें. साथ ही आयोग ने कहा कि जब तक लोकसभा चुनाव पूरा नहीं हो जाता है, तब तक वे (अनुराग गुप्ता) अवकाश लेकर या फिर काम के सिलसिले में झारखंड नहीं जायेंगे.
सोमवार को चुनाव आयोग ने यह कार्रवाई की. इस मामले में चुनाव आयोग, नयी दिल्ली ने राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र भेजा है. चुनाव आयोग ने पत्र में कहा है कि सोमवार रात 10 बजे तक राज्य निर्वाचन आयुक्त कार्रवाई कर आयोग को रिपोर्ट भेजें.
इधर गृह विभाग ने देर रात अनुराग गुप्ता को हटाने की अधिसूचना जारी कर दी. इसके बाद राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कार्रवाई से संबंधित रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेज दी.
एडीजी अनुराग गुप्ता पर हुई थी प्राथमिकी
पत्र के मुताबिक पूर्व में झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी की शिकायत पर चुनाव आयोग ने अनुराग गुप्ता सहित अन्य पर कार्रवाई करने को लेकर नौ मार्च, 2018 को राज्य सरकार को निर्देश दिया था.
इसके बाद अनुराग गुप्ता सहित अन्य के खिलाफ रांची के जगन्नाथपुर थाने में 29 मार्च, 2018 को भादवि की धारा 171 (बी), (इ)/171 (सी) (एफ) के तहत कांड संख्या 154/18 दर्ज किया गया था. वहीं अनुराग गुप्ता पर पद के दुरुपयोग करने को लेकर सर्विस कंडक्ट रूल के तहत आनुशासनिक कार्रवाई 13 अप्रैल 2018 को राज्य सरकार ने शुरू किया था.
आयोग से की गयी थी शिकायत
कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल, अभिषेक मनु सिंधवी, आरपीएन सिंह सहित अन्य नेताओं ने सोमवार को नयी दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त से मिलकर अनुराग गुप्ता की शिकायत की थी. साथ ही उन्हें पद से हटाने की मांग भी की थी. इससे पूर्व रांची में झामुमो और झाविमो के नेताओं ने भी मुख्य निर्वाचन आयुक्त से दल विशेष के पक्ष में काम करने का अारोप लगाते हुए अनुराग गुप्ता को हटाने की मांग की थी.
राज्य निर्वाचन आयुक्त कार्यालय ने मांगे थे नाम
कुछ दिन पूर्व राज्य निर्वाचन आयुक्त कार्यालय ने राज्य सरकार को पत्र भेज झारखंड में विभिन्न पदों पर पदस्थापित एडीजी रैंक के अफसरों का नाम मांगा था.
सूत्रों के मुताबिक, एडीजी रैंक के रेजी डुंगडुंग, अजय कुमार सिंह, अनिल पालटा, प्रशांत सिंह, आरके मल्लिक और तदाशा मिश्रा का नाम राज्य सरकार की ओर से राज्य निर्वाचन आयुक्त कार्यालय को भेजा गया है. संभव है कि इन्हीं में से किसी एक अधिकारी को विशेष शाखा का एडीजी बनाया जाये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




