पुलिस खूंटी रोड में करती रही तलाश, इधर बाइक सवार दो अपराधियों ने आराम से लूटे तीन घंटे में तीन पेट्रोल पंप
Updated at : 25 Oct 2018 6:49 AM (IST)
विज्ञापन

रांची : राजधानी में बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो अपराधियों ने पांच किलोमीटर के दायरे में साढ़े तीन घंटे के भीतर तीन पेट्रोल पंपों में लूटपाट की. वहीं पुलिस गश्त लगाती रह गयी. अपराधियों ने दो लाख से अधिक नकद और सात माेबाइल फोन लूट लिये़ तीनों पेट्रोल पंप में लूटपाट की घटना को […]
विज्ञापन
रांची : राजधानी में बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो अपराधियों ने पांच किलोमीटर के दायरे में साढ़े तीन घंटे के भीतर तीन पेट्रोल पंपों में लूटपाट की. वहीं पुलिस गश्त लगाती रह गयी. अपराधियों ने दो लाख से अधिक नकद और सात माेबाइल फोन लूट लिये़ तीनों पेट्रोल पंप में लूटपाट की घटना को इन्हीं दो अपराधियों ने अंजाम दिया़ इस बात का खुलासा पेट्रोल पंपों में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से हुआ है.
सबसे पहले काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो अपराधियों ने दोपहर 2.33 बजे धुर्वा थाना क्षेत्र के सीठियो-रिंग रोड स्थित जगरानी पेट्रोप पंप में लूटपाट की. कर्मचारियों से पिस्टल के बल पर 18 हजार चार सौ रुपये और तीन मोबाइल फोन लूट लिये. सूचना पाकर हटिया डीएसपी और धुर्वा इंस्पेक्टर घटनास्थल पर पहुंचे. पेट्रोल पंप कर्मियों ने बताया कि अपराधी मफलर और गमछा से मुंह ढके थे.
घटना को अंजाम देकर खूंटी रोड की ओर भागे. पुलिस भी अपराधियों की तलाश में खूंटी रोड में गश्त लगाने लगी. इधर पुलिस को चकमा देकर अपराधियों ने शाम छह बजे हटिया-स्वर्णरेखा पुल के पास स्थित झरी सकलदीप प्रसाद संस फ्यूल से 70 हजार रुपये और कर्मचारियों से चार मोबाइल फोन लूट लिये़
इसके 10 मिनट बाद उसी रोड में इन्सिलरी चौक स्थित माधव पेट्रोप पंप में इन्हीं दोनों अपराधियों ने एक लाख रुपये लूट कर खूंटी की ओर फरार हो गये़ पंप के मैनेजर नवल किशोर प्रसाद ने बताया कि दोनों अपराधी चेहरे पर मफलर और काला गमछा बांधे हुए थे़ एक के हाथ में पिस्टल और दूसरे के पास चाकू था़
इधर घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी अनीश गुप्ता, सिटी एसपी अमन कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. एसएसपी ने बताया कि घटना के बाद अपराधियों द्वारा लूटे गये मोबाइल का लोकेशन डोरंडा इलाके में आया था, इसलिए डोरंडा क्षेत्र में भी छापामारी की जा रही है़
देर शाम नामकुम में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है़ वहीं झारखंड पेट्रोल पंप एसोसिएशन के पदाधिकारी भी तीनाें पेट्रोल पंप पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली.
जोनल आइजी, डीआइजी सहित अन्य अधिकारी भी पहुंचे
लूटपाट की जानकारी मिलनेे के बाद जोनल आइजी नवीन कुमार सिंह, डीआइजी एवी होमकर सहित अन्य पुलिस अधिकारी तीनों पेट्रोल पंप पर पहुंचे और मामले की जांच की. उसके बाद खूंटी की ओर छापामारी के लिए निकल गये़
सीसीटीवी फुटेज देख कर स्पष्ट होता है कि तीनों घटना को पल्सर सवार वही दो अपराधियों ने अंजाम दिया है़ दोनों पेशेवर अपराधी नहीं लग रहे है़ं घटना को अंजाम देकर अपराधी खूंटी की ओर भागे है़ं रांची पुलिस खूंटी में छापामारी करने गयी है़ खूंटी पुलिस भी रांची पुलिस काे सहयोग कर रही है़ रांची के विभिन्न इलाकों में दो टीम बना कर छापामारी की जा रही है़
अनीश गुप्ता, एसएसपी, रांची
पेट्रोल पंपों से लगभग दो लाख लूटे, तीनों घटना को दो युवकों ने ही दिया अंजाम
6.10 बजे शाम : उसी रोड में थोड़ी दूर स्थित माधव फ्यूल (पंप) से 80 हजार रुपये की लूट
6.00 बजे शाम : हटिया-स्वर्ण रेखा पुल के पास स्थित झरी सकलदीप प्रसाद संस पेट्रोल पंप के कर्मियों से एक लाख रुपये और चार मोबाइल फोन लूटे
2.33 बजे (दोपहर) : धुर्वा थाना क्षेत्र के सीठियो रिंग रोड स्थित जगरानी पेट्रोल पंप में लूटपाट, 18 हजार छह सौ रुपये और तीन मोबाइल फोन लूटे
पिस्टल व चाकू के बल पर दिया घटना को अंजाम, मफलर-गमछा से मुंह बांधे हुए थे
जगरानी पेट्रोल पंप के कर्मचारी सनी बांडो और प्रेम कच्छप ने बताया कि अपराधियों ने कनपट्टी पर पिस्टल सटा काउंंटर में रखा पैसे देने को कहा. थोड़ी देर हुई तो वे अपशब्द कहने लगे. भयवश उन्हें पैसे दे दिया.
इसके बाद दोनों अपराधी तुपुदाना की ओर भाग निकले. वहीं, शाम को झरी सकलदीप प्रसाद संस फ्यूल के कर्मचारियों से भी उसी अंदाज में अपराधियों ने 70 हजार और चार मोबाइल फोन लूट लिया. दस मिनट बाद ही वहां से डेढ़ किमी दूर इन्सिलरी चौक स्थित माधव फ्यूल के कर्मचारी गंदुआ उरांव और अनुज प्रसाद से एक लाख लूटकर दोनों भाग गये़
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




