ePaper

रांची : चावल व्यवसायी नरेंद्र सिंह होड़ा की हत्या के विरोध में जाम रहीं सड़कें, पुलिस को 48 घंटे का अल्टीमेटम

Updated at : 07 Oct 2018 8:55 AM (IST)
विज्ञापन
रांची : चावल व्यवसायी नरेंद्र सिंह होड़ा की हत्या के विरोध में जाम रहीं सड़कें, पुलिस को 48 घंटे का अल्टीमेटम

सड़क पर उतरे सिख समुदाय के लोग, की नारेबाजी रांची : चावल व्यवसायी नरेंद्र सिंह होड़ा की हत्या के विरोध में सिख समुदाय के लोग शनिवार को सड़क पर उतरे. सुबह नौ से 12 बजे तक सुजाता चौक को जाम कर दिया. लोगों ने सरकार व पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. साथ ही हत्यारों […]

विज्ञापन
सड़क पर उतरे सिख समुदाय के लोग, की नारेबाजी
रांची : चावल व्यवसायी नरेंद्र सिंह होड़ा की हत्या के विरोध में सिख समुदाय के लोग शनिवार को सड़क पर उतरे. सुबह नौ से 12 बजे तक सुजाता चौक को जाम कर दिया. लोगों ने सरकार व पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. साथ ही हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग भी की. प्रदर्शन में कांग्रेस व जेएमएम सहित अन्य विपक्षी दलों के नेता भी शामिल हुए. मौके पर पहुंचे रांची एसएसपी अनीश गुप्ता के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटाया. इसके बाद वाहनों ने धीरे-धीरे रेंगना शुरू किया. करीब एक बजे ट्रैफिक व्यवस्था पटरी पर लौटी. इस दौरान लोगों ने चेतावनी दी कि अगले 48 घंटे के अंदर हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हुई, वे लोग फिर से आंदोलन को बाध्य होंगे.
परिजन भी धरना में हुए शामिल, बंद रहीं दुकानें
सुजाता चौक पर जाम के कारण वहां से गुजरने वाले सभी रास्तों पर स्कूली बसें व अन्य वाहन फंसे रहे. आवागमन पूरी तरह ठप रहा. सुजाता चौक अौर पीपी कंपाउंड के पास की ज्यादातर दुकानें बंद रहीं. मृतक के परिजन, मित्र, संबंधी सहित पीपी कंपाउंड व आसपास के लोग चौक पर धरने पर बैठे थे. इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं.
लोगों ने पुलिस से बात करने से कर दिया मना
जाम की सूचना मिलते ही सिटी एसपी अमन कुमार, ट्रैफिक एसपी संजय रंजन सिंह, एडीएम लॉ एंड आॅर्डर, चुटिया थाना, कोतवाली अौर लोअर बाजार थाना की पुलिस सुजाता चौक पर पहुंची. पुलिस पदाधिकारियों ने मृतक के परिजनों व समाज के अन्य लोगों से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने बातचीत से इनकार कर दिया. दिन के 11 बजे चौक पर टेंट लगाया गया. मृतक के परिजन व महिलाएं उसके नीचे बैठे.
खुलेआम हो रही हत्या कुछ नहीं कर रही पुलिस
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आये दिन किसी न किसी की हत्या हो रही है, लेकिन पुलिस अपराधियों को नहीं पकड़ पा रही है़ लोग इस बात पर भी आक्रोशित थे कि मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक कोई भी इस घटना के बाद नहीं पहुंचा.
विपक्षी नेताओं ने सरकार पर साधा निशाना
जाम के दौरान जेएमएम नेत्री महुआ माजी, राजीव रंजन, पूर्व डिप्टी मेयर अजयनाथ शाहदेव, आदित्य विक्रम जायसवाल, जेवीएम के बंधु तिर्की, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय पांडे, ज्योति सिंह मथारू आदि नेता पहुंचे. सभी ने सरकार अौर पुलिस प्रशासन को फेल बताया. बंधु तिर्की ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त है.
जल्द गिरफ्तार होंगे अपराधी : एसएसपी
एसएसपी अनीश गुप्ता ने मृतक के परिजनों और सिख समुदाय के लोगों से बात की और कहा कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा. इसके बाद जाम खत्म करने का निर्णय लिया गया.
हरमू मुक्तिधाम में किया गया अंतिम संस्कार
हरमू मुक्तिधाम में शनिवार को नरेंद्र सिंह होड़ा का अंतिम संस्कार किया गया. बेटे उपेंद्र सिंह ने मुखाग्नि दी. अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए. पूर्व सीएम हेमंत सोरेन, भाजपा सांसद रामटहल चौधरी, गुरविंदर सिंह सेठी, परमजीत सिंह टिंकू, चरणजीत सिंह बासु, गुरमित सिंह, हरजीत सिंह, गुरजीत सिंह, भूपेंद्र सिंह, तजेंद्र सिंह, प्रो एचबी सिंह, मेजर गुरदयाल सिंह, सतपाल सिंह, नरेंद्र पाल सिंह आदि शामिल हुए.
सुजाता चौक पर जाम का असर राजधानी की पूरी यातायात व्यवस्था पर पड़ा. हरमू रोड, सर्कुलर रोड, मोरहाबादी से बूटी रोड, स्टेशन रोड से कडरू रोड, कोकर से लालपुर, डंगराटोली से सर्जना चौक, लालपुर से फिरायालाल चौक रोड सहित अन्य रास्तों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया. इस वजह से उक्त रास्तों में भी जाम लग गया. मुख्य रास्तों के साथ ही मोहल्ले से होकर जाने वाली सड़कें भी जाम रहीं. दोपहर 12 बजे के करीब एसएसपी अनीश गुप्ता के समझाने के बाद धरना पर बैठे लोगों ने सुजाता चौक से जाम हटाया.
कई लोग समय पर नहीं पहुंच पाये आॅफिस
जाम की वजह से कई लोग समय पर ऑफिस नहीं पहुंच पाये.बिजनेस मैन दुकान समय पर नहीं खोल सके.
एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही
जाम में एंबुलेंस भी फंसी रही. इस कारण मरीज समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सके. कुछ स्कूली गाड़ियां भी जाम में फंसी रहीं.
रांची़ : राजधानी में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर चेंबर अध्यक्ष दीपक कुमार मारू के नेतृत्व मेें चेंबर का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास से मिला. सदस्यों ने कहा कि हाल के दिनों में शहर में आपराधिक घटनाएं बढ़ी हैं, लेकिन अपराधी पकड़े नहीं जा रहे हैं. ऐसे में अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है. सदस्यों ने घटना में संलिप्त अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. मुख्यमंत्री ने कहा कि हम व्यवसायी के साथ हैं. मेन रोड जैसे व्यस्ततम इलाके में हत्या की घटना चिंतनीय है. संलिप्त अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जायेगी. उन्होंने डीजीपी व गृह सचिव से बात कर आवश्यक निर्देश दिया. साथ ही पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जतायी. इधर, सांसद रामटहल चौधरी व खादी बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की़
सुजाता चौक के पास सिख समुदाय के रोड जाम में चेंबर सदस्य भी शामिल हुए. चेंबर की ओर से उपाध्यक्ष दीनदयाल वर्णवाल, सह सचिव प्रवीण जैन छाबडा, राम बांगड़, पंकज पोद्दार, मनीष सर्राफ, परेश गट्टानी, विकास विजयवर्गीय, नवजोत अलंग, काशी कनोई, सुमित जैन, पवन शर्मा, रोहित पोद्दार, प्रमोद सारस्वत, मनोज बजाज आदि शामिल हुए.
हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाये : कांग्रेस
रांची. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे ने व्यवसायी नरेंद्र सिंह होड़ा के हत्यारों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि आये दिन राजधानी में हत्या की घटनाएं हो रहीं. इससे लोगों का सरकार और प्रशासन से विश्वास उठता जा रहा है. श्री दुबे ने सुजाता चौक भी पहुंचे.
अपराध की राजधानी बनी रांची : झाविमो
रांची. झाविमो के केंद्रीय प्रवक्ता योगेंद्र प्रताप सिंह ने कहा है कि रघुवर सरकार से विधि-व्यवस्था नहीं संभल रही है. रांची की पहचान अब अपराध की राजधानी के रूप में होने लगी है. सीएम आवास के थाना क्षेत्र में 15 दिनों के अंदर दो आपराधिक वारदात के बाद मेन रोड में चावल कारोबारी की सरेशाम हत्या ने कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है.
अपराधियों के चंगुल में राजधानी : राजद
रांची : राजद के प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता डॉ मनोज कुमार ने कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गयी है. राजधानी रांची अपराधियों के चंगुल में है. अपराधी बेखौफ वारदात को अंजाम दे रहे हैं. रांची के मेन रोड में खुलेआम एक व्यवसायी की हत्या होना दुखद और निंदनीय है. डॉ कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जीरो टॉलरेंस अपराध की बात करना बेमानी है. जब राजधानी का यह हाल है, तो अन्य जगहों के लिए भगवान मालिक है.
रांची. नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में हत्या आम बात हो गयी है. राज्य के लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं.
राजधानी रांची में शुक्रवार को चावल व्यवसायी नरेंद्र सिंह होड़ा की सरेआम अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. एक-एक कर कई जिलों में व्यवसायियों सहित आम व्यक्ति की हत्या सरकार की गिरती कानून व्यवस्था को बता रही है. श्री सोरेन ने स्व होड़ा के अंतिम संस्कार में भाग लेने के बाद उक्त बातें कही. राजधानी रांची में झारखंड बनने से पहले के हालात पैदा हो रहे हैं. जब लोग घर से निकलने से पहले सोचते थे कि वापस आयेंगे या नहीं. मुख्यमंत्री को जवाब देना चाहिए कि हत्या का यह सिलसिला कैसे रुकेगा. आखिर मुख्यमंत्री कैसी विधि व्यवस्था बनाना चाह रहे हैं. आज हर व्यक्ति सशंकित है कि वह घर से बाहर जा रहा है, तो वापस आ पायेगा या नहीं? मुख्यमंत्री अविलंब झारखंड की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करें.
रांची : व्यवसायी नरेंद्र सिंह होरा के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस और झामुमो नेता भी सुजाता चौक जाम करने पहुंचे. वहां प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारे लगाये. कहा कि राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. कभी मुख्यमंत्री आवास के सामने तो कभी मेन रोड में आम नागरिकों की गोली चला कर हत्या की जा रही है.
पुलिस अपराधियों पर नकेल कसने की बजाय हेलमेट चेकिंग के नाम पर आम नागरिकों से दुर्व्यवहार कर रही है. अपराधियों समानांतर सरकार चला रहे हैं. प्रदर्शनकारियों ने होड़ा हत्याकांड के अभियुक्तों की गिरफ्तारी व शहर की गिरती कानून व्यवस्था में सुधार लाने की मांग की. जाम व प्रदर्शन में कांग्रेस के अजयनाथ शाहदेव, आलोक दुबे, महुआ माजी, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय पांडेय, ज्योति सिंह मथारू, आदित्य जायसवाल, अमरजीत सिंह, वसीम राम, अजय सिंह, सरताब आलम, भूषण यादव समेत अन्य शामिल हुए.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola