व्यवसायी सुमित अग्रवाल हत्याकांड मामले में मारवाड़ी समाज का आक्रोश, गिरफ्तारी की मांग

रामगढ़ में सुमित अग्रवाल की हत्या के विरोध में मारवाड़ी समाज ने प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। दोषियों की गिरफ्तारी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी।
रामगढ़: व्यवसायी सुमित अग्रवाल की हत्या के विरोध में गुरुवार को श्री मारवाड़ी सत्यनारायण मंदिर व धर्मशाला में मारवाड़ी समाज की बैठक अध्यक्ष बिमल बुधिया की अध्यक्षता में हुई. बैठक में शहर के लोगों ने घटना की निंदा की. साथ ही दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. बैठक में अखिल भारतीय अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत मित्तल, महासचिव मनोज बजाज सहित कई सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित थे. सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत सुमित अग्रवाल को श्रद्धांजलि दी.
बैठक के बाद समाज के लोग मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. इसके बाद जुलूस की शक्ल में सभी रामगढ़ थाना पहुंचे, जहां मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा और थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी, कड़ी सजा, पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा तथा मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग की गई.
समाज के अध्यक्ष बिमल बुधिया ने प्रशासन को दो दिन का समय देते हुए कहा कि यदि निर्धारित अवधि में दोषियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित सहायता नहीं मिली तो समाज आंदोलन करेगा. अखिल भारतीय अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत मित्तल ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाया जाएगा.
बैठक में पूर्व विधायक शंकर चौधरी, मुरारी लाल अग्रवाल, मानिकचंद जैन, राजेंद्र जैन, मनोज बजाज, शंकर अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, प्रकाश पटवारी, अशोक अग्रवाल, रोहित पंसारी, अनमोल सिंह, अरविंद गोयल, सुनील गोयल सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










