PVUNL परियोजना में बकाया भुगतान को लेकर सप्लायरों में आक्रोश, चक्का जाम करने की दी चेतावनी
पीवीयूएनएल गेट पर विरोध प्रकट करते सप्लायर : प्रभात खबर
पतरातू पीवीयूएनएल परियोजना में स्थानीय सप्लायरों का बकाया भुगतान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी, प्रबंधन से हस्तक्षेप की मांग की गई.
रामगढ़ : पीवीयूएनएल के बहुआयामी परियोजना के निर्माण कार्य में स्थानीय स्तर पर सहयोग कर रहे सप्लायरों ने विभिन्न एजेंसियों पर बकाया भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है. सप्लायरों का कहना है कि निर्माण कार्य में लगातार सहयोग देने के बावजूद कई स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं का पूर्ण भुगतान अब तक नहीं किया गया है. इसके बावजूद संबंधित एजेंसियों को रात के अंधेरे में निर्माण सामग्री कार्यस्थल से बाहर ले जाने की अनुमति दिये जाने पर भी उन्होंने आपत्ति जतायी है.
स्थानीय सप्लायरों ने कहा- पहले भी की थी शिकायत
स्थानीय सप्लायरों के अनुसार, इस मामले की जानकारी पूर्व में पीवीयूएनएल प्रबंधन को भी दी गयी थी. इसके बाद संबंधित एजेंसियों की ओर से भुगतान करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक आश्वासन पूरा नहीं हुआ. सप्लायरों का आरोप है कि कुछ एजेंसियां बिना बकाया भुगतान किये ही परियोजना क्षेत्र से अपना काम समेटकर जा चुकी हैं. इससे स्थानीय संवेदकों और सप्लायरों में चिंता का माहौल है. सप्लायरों ने बताया कि बकाया भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें बैंक संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और कई लोगों के बैंक खातों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की स्थिति उत्पन्न हो गयी है.
ये भी पढ़ें: गेतलसूद डैम का जलस्तर खतरे के निशान के करीब, कभी भी खोले जा सकते हैं फाटक, अलर्ट
बकाया भुगतान नहीं, तो होगा चक्का जाम करेंगे : सप्लायर
उनका कहना है कि उन्होंने परियोजना के निर्माण कार्य में हरसंभव सहयोग दिया, लेकिन भुगतान के मामले में उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है. सप्लायरों ने प्रेस प्रतिनिधियों से इस मामले को प्रमुखता से उठाकर एनटीपीसी, पीवीयूएनएल और भेल के उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराने की अपील की है. उन्होंने कहा कि यदि बकाया भुगतान कराने की दिशा में पीवीयूएनएल या भेल की ओर से शीघ्र कोई सार्थक पहल नहीं की जाती है, तो आने वाले दिनों में आंदोलन किया जाएगा. उन्होंने चेतावनी दी है कि आवश्यकता पड़ने पर निर्माण सामग्री की आपूर्ति करने वाले वाहनों का चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. सप्लायरों का कहना है कि आंदोलन की जिम्मेदारी संबंधित एजेंसियों और प्रबंधन की होगी.
सप्लायरों ने इन एजेंसियों पर भुगतान लंबित होने का लगाया आरोप
सप्लायरों ने जिन एजेंसियों पर भुगतान लंबित होने का आरोप लगाया है, उनमें आरवीपीआर, कंवर, आनंद श्री, बैकबोन (संगीता), हेमंत कूलिंग, एम एंड एस, एके सिंघानिया और इलेक्ट्रोमैक्स सहित अन्य के नाम शामिल हैं. मौके पर स्थानीय सप्लायरों में जावेद हसन, अयान स्टील, रूही राज, यमुना, सुजीत गुप्ता, जेपी कंस्ट्रक्शन, सोनी इंफ्रा, विशाल एंटरप्राइजेज, पुण्या कंस्ट्रक्शन, स्वर्णरेखा, रुद्रा कंस्ट्रक्शन, हरिओम, आरके साव, बिनोद साव, आरके कांट्रास, शिवनाथ सिंह और महेंद्र मेहता सहित अन्य के नाम बताये गये हैं. सप्लायरों ने मांग की है कि परियोजना में कार्यरत एजेंसियों के बकाया भुगतान की जांच कराकर स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं का लंबित भुगतान कराया जाए तथा भुगतान किए बिना निर्माण सामग्री को परियोजना क्षेत्र से बाहर ले जाने की प्रक्रिया पर भी उचित निगरानी रखी जाये.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









