गोला में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन सख्त, दो दिनों में सड़क किनारे से कब्जा हटाने का अल्टीमेटम

Updated:
विज्ञापन

गोला के डीवीसी चौक से सीएचसी तक अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन ने दी चेतावनी। दो दिनों के भीतर खुद अतिक्रमण नहीं हटाने पर होगी सख्त कार्रवाई।

विज्ञापन

गोला: गोला क्षेत्र में सड़क किनारे किये गये अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. डीवीसी चौक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोला एवं रजरप्पा चौक से ब्लॉक रोड तक भी अभियान चलाया जायेगा. सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण कर दुकान, झोपड़ी, अस्थायी शेड, ठेला सहित अन्य संरचना लगाने वाले दुकानदारों और लोगों को दो दिनों के अंदर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गयी है.

रविवार को प्रशासन की ओर से लाउडस्पीकर के माध्यम से पूरे क्षेत्र में प्रचार-प्रसार कर लोगों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की गयी. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के अंदर यदि लोगों ने सड़क किनारे किये गये अतिक्रमण को नहीं हटाया, तो प्रशासन द्वारा बलपूर्वक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जायेगी.

इस दौरान होने वाले नुकसान की पूरी जिम्मेदारी संबंधित अतिक्रमणकारियों की होगी. इस संबंध में अंचलाधिकारी सीताराम महतो ने बताया कि सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण आम लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है. कई दुकानदार सड़क की दोनों ओर अपना सामान रख देते हैं, जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और वाहनों के साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है.

बताते चलें कि गोला के डीवीसी चौक एवं रजरप्पा चौक पर आये दिन जाम की स्थिति उत्पन्न होती रहती है. इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के दोनों ओर अस्थायी दुकान, शेड, ठेला और अन्य तरह के अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गयी है.

डीवीसी चौक के बरियातू रोड पर दुकानदारों ने आधे सड़क पर अपनी दुकान लगा दी है. जिससे 20 फीट का सड़क मात्र 10 फिट रह गया है. इसके अलावे लोगों ने सड़क के दोनों और अपने दुकान के आगे शेड़ का निर्माण कर दिया है. जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मेन गेट के समीप मुर्गा एवं अंडा बेचने का भी दुकान लगा दिया है. जिसकी गंदगी से अस्पताल आने-जाने वाले लोगों को दिक्कत होती है.

इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन के द्वारा भी कई बार प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है. इससे पूर्व भी प्रशासन के द्वारा अतिक्रमण हटाने का चेतावनी दिया जा चुका है. साथ ही नोटिस भी दिया जा चुका है. लेकिन प्रशासन के द्वारा कोई कार्रवाई नहीं होने से अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों का तीनों दिन मनोबल बढ़ाते जा रहा है. लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सकती है.


विज्ञापन
Raj Kumar

लेखक के बारे में

By Raj Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola