जान देंगे, पर जमीन नहीं
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :02 Feb 2016 8:25 AM (IST)
विज्ञापन

बुधवार से शुरू होगी भूख हड़ताल भुरकुंडा : बलकुदरा स्थित पीटीपीएस छाई डैम मामले में ग्रामीण आक्रामक हो गये हैं. प्रशासन व पीटीपीएस प्रबंधन द्वारा जबरन जमीन मापी कार्य करने के विरोध में ग्रामीणों ने सोमवार को जुलूस निकाल कर आर-पार की लड़ाई की घोषणा की. कहा कि सीने पर गोली खायेंगे, लेकिन किसी भी […]
विज्ञापन
बुधवार से शुरू होगी भूख हड़ताल
भुरकुंडा : बलकुदरा स्थित पीटीपीएस छाई डैम मामले में ग्रामीण आक्रामक हो गये हैं. प्रशासन व पीटीपीएस प्रबंधन द्वारा जबरन जमीन मापी कार्य करने के विरोध में ग्रामीणों ने सोमवार को जुलूस निकाल कर आर-पार की लड़ाई की घोषणा की. कहा कि सीने पर गोली खायेंगे, लेकिन किसी भी कीमत पर अपनी जमीन नहीं देंगे. ग्रामीणों का नारा था बंदूक हमारी आवाज नहीं दबा सकती.
तिरंगा झंडा थामे ग्रामीण जमीन हमारी माता है का नारा लगा रहे थे. जुलूस में बलकुदरा, जयनगर व रसदा गांव के सैकड़ों लोग शामिल थे. इसमें महिलाओं की संख्या अधिक थी. जुलूस बलकुदरा बगीचा से निकला. छाई डैम की ओर बढ़ रहे जुलूस को पुलिस ने रोक दिया. तनाव बढ़ता देख पुलिस ने जुलूस को दूसरे रास्ते पर डायवर्ट कर दिया.
जुलूस बासल थाना, जिंदल ए गेट होते हुए सियारी टोला तक गया. जुलूस में आजसू नेता रोशनलाल चौधरी, आदित्य नारायण प्रसाद, राजाराम प्रसाद, विजय मुंडा, जितेंद्र मुंडा, विजय साहू, सरस्वती देवी, विनय कुमार, बाबूलाल साहू, मनोज कुमार, राजाराम प्रजापति, रूपलाल साव, बसंत कुमार, लालचंद्र, दिनेश प्रजापति, आनंद मुंडा, अरुण कुमार, नेपाल प्रजापति, मूंगा प्रजापति, शंकर कुमार, शिव शंकर साव आदि शामिल थे.
अटक गयी थी पुलिस की सांस
जुलूस में शामिल लोगों की संख्या व उनकी आक्रमकता को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सकते में आ गया था. प्रशासन को संदेह था कि यदि जुलूस छाई डैम स्थित मापी स्थल पर पहुंच गया, तो मामला विस्फोटक हो सकता है. विस्थापित अपनी जमीन के लिए हद से बाहर भी जा सकते थे. यही कारण रहा कि पुलिस ने जुलूस को जबरन डायवर्ट कर दिया.
बुलाया गया अर्द्ध सैनिक बल
हर हाल में पीटीपीएस व एनटीपीसी के ज्वाइंट वेंचर झारखंड ऊर्जा उत्पादन निगम लिमिटेड के लिए जमीन की मापी करने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार दिख रहा है. ग्रामीणों के लगातार मामले पर विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यहां एक कंपनी अर्द्ध सैनिक बल भी बुला लिया है. अर्द्ध सैनिक बल प्रभावित एरिया में लगातार फ्लैग मार्च कर ग्रामीणों को अपनी मंशा का स्पष्ट संकेत दे रहा है.
भूख हड़ताल कल से
ग्रामीणों ने मामले के विरोध में मंगलवार से शुरू होने वाले अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को अब एक दिन टालते हुए बुधवार से शुरू करने की घोषणा की है. पुलिस के नकारात्मक रूख के कारण भूख हड़ताल का घोषित स्थल बासल थाना को भी बदला जा सकता है. इस पर मंगलवार को ग्रामीण निर्णय लेंगे. विस्थापितों ने भूख हड़ताल के समर्थन के लिए सभी राजनीतिक व गैर राजनीतिक दल व आम लोगों से अपील की है.
आपसी एकता बनाये रखें
जुलूस में पहुंचे आजसू नेता रोशनलाल चौधरी ने ग्रामीणों से आपसी एकता बनाये रखने की अपील की. कहा कि एकजुटता में बहुत ताकत होती है. मैं ग्रामीणों के साथ हूं. ग्रामीण जरूर जीतेंगे. कहा कि मामले को राज्य सरकार के पास भी रखने का काम किया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




