लापता बबीता का पोखरिया से मिला शव

Updated at : 03 Feb 2018 8:25 AM (IST)
विज्ञापन
लापता बबीता का पोखरिया से मिला शव

प्यार में मिला धोखा हत्या करने के बाद मारपीट के एक केस में प्रेमी राजेश ने जहानाबाद कोर्ट में कर दिया था सरेंडर जेल से छूटने के बाद पुलिस ने प्रेमी को दबोचा, तो खुला राज भुरकुंडा : भुरकुंडा थाना क्षेत्र के सीसीएल सौंदा सिवाना धौड़ा से 23 जनवरी को लापता हुई बबीता कुमारी (25) […]

विज्ञापन
प्यार में मिला धोखा
हत्या करने के बाद मारपीट के एक केस में प्रेमी राजेश ने जहानाबाद कोर्ट में कर दिया था सरेंडर
जेल से छूटने के बाद पुलिस ने प्रेमी को दबोचा, तो खुला राज
भुरकुंडा : भुरकुंडा थाना क्षेत्र के सीसीएल सौंदा सिवाना धौड़ा से 23 जनवरी को लापता हुई बबीता कुमारी (25) का शव शुक्रवार को रिवर साइड स्थित बंद पांच नंबर पोखरिया खदान से बरामद किया गया. उसकी हत्या उसके प्रेमी न्यू बैरेक भुरकुंडा निवासी राजेश कुमार साव ने की थी.
बबीता 23 जनवरी की रात करीब नौ बजे प्रेमी राजेश के संग अपनी दुनिया बसाने भागी थी. लेकिन उसी रात बेवफा प्रेमी ने उसे मौत के घाट उतार दिया. मर्डर के बाद उसके शव को पोखरिया के किनारे कीचड़ व पत्थरों में दबा दिया. यह खुलासा पुलिस की गिरफ्त में आये राजेश ने खुद किया है.
राजेश की निशानदेही पर ही भुरकुंडा पुलिस ने बबीता के शव को बरामद किया. शव मिलने के बाद बबीता के परिजन दहाड़ मार कर रो रहे थे. बबीता की दो बहनें भी शव बरामदगी के वक्त मौके पर मौजूद थी. इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. परिजनों के साथ गांव के लोगों में दहशत है.
राजेश ने हत्या के बाद जहानाबाद कोर्ट में कर दिया था सरेंडर
लापता होने के अगले दिन 24 जनवरी को बबीता के परिजनों ने भुरकुंडा थाना में उसकी गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था. उस वक्त परिजनों के साथ उसका प्रेमी राजेश भी थाना पहुंचा था. पुलिस जांच के क्रम में जब राजेश को ढूंढने लगी, तो राजेश ने मारपीट के एक पुराने केस में जहानाबाद कोर्ट में सरेंडर कर दिया. पुलिस जब उसे खोजते हुए उसके मूल निवास जहानाबाद के आदमपुर थाना स्थित कलप गांव पहुंची, तो राजेश के जेल में होने की बात की जानकारी मिली. वहीं से पुलिस ने राजेश के पीछे मुखबिर छोड़ दिया. राजेश के जेल से छूटने का इंतजार किया. जब राजेश जेल से छूटा, तो भुरकुंडा पुलिस ने उसे दबोच लिया. कड़ाई से पूछताछ में राजेश ने सारा राज उगल दिया.
पीछा छुड़ाना चाहता था राजेश
बबीता व राजेश के बीच प्रेम-प्रसंग करीब दो वर्षों से चल रहा था. पिता बनवारी के निधन के बाद घर-परिवार चलाने के लिए बबीता ने कोयला को पोड़ा कर बेचना शुरू कर दिया. राजेश कोयले को खरीद कर रांची बेचने जाता था. इसी क्रम में दोनों की जान-पहचान हो गयी. बाद में राजेश बबीता के कोयले का मुख्य खरीदार बन गया. इसी क्रम में भावनात्मक रूप से दोनों का जुड़ाव हो गया, जो प्रेम में बदल गया. दोनों एक-दूसरे के साथ उम्र गुजारने की कसमें खाने लगे.
इसी बीच राजेश की शादी उसकी मर्जी से दूसरे जगह तय हो गयी. तब राजेश बबीता से छुटकारा चाहने लगा. लेकिन बबीता राजेश को छोड़ने को तैयार नहीं थी. इसी क्रम में राजेश ने पूरी साजिश रची. उसे शादी के नाम पर घर से भगाया और उसकी हत्या कर दी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola